EDU TERIA Logo
Sign InSign UpEnroll Now

अमेरिका द्वारा भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव

The US has proposed a 25% tariff on Indian imports under Section 301, citing structural excess capacity. Understand its implications on India-US trade relation.

Written by Team EduTeria
Published: 26 November 2026•15 min read
अमेरिका द्वारा भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव
Progress
0%
Aa

अमेरिका द्वारा भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव

यह टॉपिक UPSC एवं BPSC परीक्षाओं के दृष्टिकोण से अंतर्राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था जगत की गतिविधियों को समझने के मद्देनजर महत्त्वपूर्ण है।

चर्चा में क्यों?

25 नवंबर 2026 को अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (United States Trade Representative – USTR) ने भारत सहित 14 अर्थव्यवस्थाओं के विरुद्ध व्यापार से संबंधित नई कार्रवाई का प्रस्ताव रखा है।इस कार्रवाई के समर्थन में अमेरिका ने आरोप लगाया है कि इन देशों की औद्योगिक नीतियाँ और उत्पादन संबंधी गतिविधियाँ वैश्विक बाजार में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता (Structural Excess Capacity) पैदा कर रही हैं।

इसी आधार पर अमेरिका ने भारत से आयात होने वाले सामान पर अधिकतम 25% तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। भारत पर यह प्रस्तावित टैरिफ संबंधित मौजूदा Section 301 शुल्कों को ध्यान में रखते हुए लागू किया जा सकता है।

हालाँकि, अमेरिका ने यह भी संकेत दिया है कि यदि भारत-अमेरिका के बीच पारस्परिक व्यापार समझौता (Agreement on Reciprocal Trade) होता है, तो भारत पर प्रस्तावित टैरिफ की दर 17% तक समायोजित की जा सकती है।

अमेरिका ने भारत पर टैरिफ लगाने का क्या कारण बताया?

अमेरिका का कहना है कि भारत की कुछ औद्योगिक और व्यापार नीतियाँ अमेरिकी उत्पादकों तथा निर्यातकों के लिए नुकसानदायक हैं। अमेरिकी जाँच में भारत की निम्नलिखित नीतियों और गतिविधियों पर सवाल उठाए गए हैं। इसे एक-एक कर समझते हैं:

1. औद्योगिक नीतियाँ

भारत सरकार घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएँ चला रही है। अमेरिका का आरोप है कि इन नीतियों से कुछ क्षेत्रों में उत्पादन क्षमता बाजार की वास्तविक मांग से अधिक हो सकती है। इससे वैश्विक बाजार में वस्तुओं की अधिक आपूर्ति और कीमतों पर दबाव उत्पन्न हो सकता है।

2. श्रम सुरक्षा

अमेरिका ने भारत में श्रमिकों के अधिकारों, श्रम सुरक्षा और श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर सवाल उठाए हैं। अमेरिकी पक्ष का तर्क है कि श्रम सुरक्षा के पर्याप्त मानकों के अभाव में भारतीय उत्पादकों को लागत संबंधी लाभ मिल सकता है।

3. वित्तीय नीतियाँ

अमेरिका ने भारत की वित्तीय नीतियों और वित्तीय क्षेत्र में सरकारी हस्तक्षेप को भी जाँच के दायरे में रखा है। उसके अनुसार, कुछ वित्तीय नीतियाँ घरेलू उत्पादकों को अनुचित प्रतिस्पर्धात्मक लाभ प्रदान कर सकती हैं।

4. बाजार तक पहुँच में बाधाएँ (Market Access Barriers)

अमेरिका का आरोप है कि भारत में अमेरिकी कंपनियों और उत्पादों को बाजार तक पहुँचने में विभिन्न व्यापारिक बाधाओं का सामना करना पड़ता है। इनमें आयात शुल्क, गैर-शुल्क बाधाएँ(non tariff barriers) और बाजार संबंधी प्रतिबंध शामिल हो सकते हैं।

5. गैर-बाजार अर्थव्यवस्थाओं पर निर्भरता

अमेरिका ने भारत द्वारा गैर-बाजार अर्थव्यवस्थाओं (Non-Market Economies) से आयात और विदेशी निवेश के माध्यम से जुड़ी उत्पादन व्यवस्था पर भी चिंता जताई है। अमेरिकी पक्ष के अनुसार, इससे वैश्विक उत्पादन और आपूर्ति व्यवस्था में असंतुलन पैदा हो सकता है। अमेरिका ने विशेष रूप से फार्मास्यूटिकल्स, चिकित्सा उपकरण, इस्पात, सौर ऊर्जा और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों का उल्लेख किया है।

गैर-बाजार अर्थव्यवस्था : ऐसी अर्थव्यवस्था, जहाँ वस्तुओं की कीमत, उत्पादन और निवेश का निर्णय मुख्य रूप से बाजार की मांग और आपूर्ति के बजाय सरकार के नियंत्रण या हस्तक्षेप से प्रभावित होता है, उसे गैर-बाजार अर्थव्यवस्था कहा जाता है। उदाहरण के लिए, चीन को अमेरिका कई व्यापारिक मामलों में गैर-बाजार अर्थव्यवस्था मानता है।

अमेरिका की भारत से शिकायत : अमेरिका का आरोप है कि भारत कुछ ऐसे देशों से कच्चा माल, मशीनें और अन्य सामान आयात करता है, जहाँ सरकार का उद्योगों पर अधिक नियंत्रण है। इसके अलावा, भारत में कुछ विदेशी कंपनियाँ निवेश करके उत्पादन करती हैं और फिर उन उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेचती हैं। अमेरिका को चिंता है कि इस व्यवस्था से ऐसे देशों को भारत के माध्यम से वैश्विक बाजार तक पहुँच मिल सकती है।

आइये समझते हैं संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता क्या है?

वस्तुतः यह इस पूरे विवाद की सबसे महत्वपूर्ण अवधारणा है। जब किसी देश में वस्तुओं के उत्पादन की क्षमता घरेलू और वैश्विक बाजार की वास्तविक मांग से लगातार अधिक बनी रहती है तथा इस अतिरिक्त क्षमता को सरकारी नीतियों या हस्तक्षेप के माध्यम से बनाए रखा जाता है, तो इसे संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता कहा जाता है।

इसे एक उदाहरण से समझते हैं: मान लीजिए कि किसी देश में स्टील की कुल मांग 100 लाख टन है, लेकिन उसकी उत्पादन क्षमता 150 लाख टन है। ऐसी स्थिति में अतिरिक्त उत्पादन क्षमता 50 लाख टन मानी जायेगी. यदि सरकार सब्सिडी, सस्ते ऋण या अन्य प्रोत्साहनों के माध्यम से इस अतिरिक्त उत्पादन क्षमता को लगातार बनाए रखती है, तो इससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अधिक आपूर्ति हो सकती है। इससे वैश्विक बाजार में वस्तुओं की अधिक आपूर्ति हो सकती है , वस्तुओं की कीमतों में गिरावट हो सकती है, अन्य देशों के उत्पादकों के लिए प्रतिस्पर्धा कठिन हो सकती है, घरेलू उद्योगों के उत्पादन और रोजगार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है और अंतरराष्ट्रीय व्यापार में असंतुलन की स्थिति पैदा हो सकती है। गौरतलब है कि उत्पादन क्षमता का मांग से अधिक होना अपने आप में अनुचित व्यापार व्यवहार साबित नहीं करता। इसके पीछे सरकारी नीतियों और बाजार पर उनके प्रभाव का विश्लेषण आवश्यक होता है। अमेरिका ने अपनी जाँच में इसी प्रकार की स्थिति को आधार बनाया है।

अमेरिका के व्यापार अधिनियम की धारा 301

इस विवाद को समझने के लिए अमेरिकी व्यापार अधिनियम, 1974 की धारा 301 को समझना आवश्यक है। धारा 301 अमेरिकी व्यापार अधिनियम, 1974 का एक प्रावधान है। इसके अंतर्गत अमेरिका किसी दूसरे देश की ऐसी व्यापारिक नीतियों और गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई कर सकता है, जिन्हें वह अनुचित, भेदभावपूर्ण या अमेरिकी व्यापार के लिए नुकसानदायक मानता है। इसके तहत अमेरिका संबंधित देश पर अतिरिक्त आयात शुल्क (Additional Import Duties) लगा सकता है। इसका उद्देश्य अमेरिकी उत्पादकों, निर्यातकों और उद्योगों के हितों की रक्षा करना है। Section 301 के अंतर्गत अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) स्वयं या प्राप्त शिकायत के आधार पर जाँच शुरू कर सकता है। जिस देश के विरुद्ध जाँच की जा रही है, उसके साथ व्यापारिक मुद्दों पर बातचीत की जाती है। USTR यह निर्धारित करता है कि संबंधित देश की नीतियाँ अमेरिकी व्यापार को अनुचित रूप से प्रभावित कर रही हैं या नहीं। अमेरिका अतिरिक्त आयात शुल्क या अन्य व्यापारिक प्रतिबंधों जैसे उपायों पर विचार कर सकता है।

वर्तमान मामले में क्या हुआ?

11 मार्च 2026 को USTR ने भारत सहित 16 अर्थव्यवस्थाओं के विरुद्ध जाँच शुरू की थी। भारत के साथ 14 मई 2026 को परामर्श किया गया, लेकिन अमेरिकी पक्ष की चिंताओं का समाधान नहीं हो सका। जाँच के दौरान 1,070 से अधिक लिखित टिप्पणियाँ प्राप्त हुईं और लगभग 140 गवाहों ने सार्वजनिक सुनवाई में भाग लिया। 25 नवंबर 2026 को अमेरिका ने 14 अर्थव्यवस्थाओं के संबंध में अपने निष्कर्ष जारी किए और भारत पर अधिकतम 25% अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव पर लिखित टिप्पणियाँ जमा करने की अंतिम तिथि 5 जनवरी 2027 तथा सार्वजनिक सुनवाई की तारीख 25 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है।

भारत की स्थिति

भारत पर अधिकतम 25% तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव है। वियतनाम पर प्रस्तावित टैरिफ 35% तक है। इस प्रकार, भारत 14 अर्थव्यवस्थाओं में वियतनाम के बाद दूसरे सबसे अधिक प्रस्तावित टैरिफ का सामना कर रहा है।

भारत पर प्रस्तावित 25% टैरिफ और 17% टैरिफ का अर्थ

इस मामले में दो महत्वपूर्ण दरें सामने आई हैं। आधार टैरिफ दर

भारत पर प्रस्तावित अधिकतम 25%

अतिरिक्त टैरिफ व्यापार समझौता होने की स्थिति में 17%

प्रस्तावित समायोजित दर

इसका अर्थ है कि अमेरिका ने भारत को व्यापार समझौते के माध्यम से टैरिफ संबंधी राहत प्राप्त करने का विकल्प भी दिया है। हालाँकि, यह 17% की दर भी एक प्रस्तावित समायोजन(adjustment) है, न कि अपने आप लागू हो जाने वाली अंतिम दर।

क्या 25% टैरिफ पहले से लागू टैरिफ के अतिरिक्त होगा?

प्रस्तावित 25% शुल्क मौजूदा Section 301 शुल्कों को ध्यान में रखकर निर्धारित किया गया है। अमेरिका ने यह भी कहा है कि अन्य मौजूदा Section 301 और Section 232 शुल्कों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त शुल्क में समायोजन किया जा सकता है। इसलिए 25% को पहले से लागू सभी शुल्कों के ऊपर अपने आप जुड़ने वाला अतिरिक्त 25% नहीं समझना चाहिए। इसके अतिरिक्त, अमेरिका ने एल्युमीनियम और स्टील के आयात पर Section 232 के अंतर्गत अलग से 50% टैरिफ का उल्लेख किया है।

Section 232 क्या है? यह अमेरिका के Trade Expansion Act, 1962 की धारा 232 है। इसके अंतर्गत अमेरिकी सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर आयात पर प्रतिबंध या अतिरिक्त शुल्क लगा सकती है। इस प्रकार: Section 301 का संबंध अनुचित विदेशी व्यापार नीतियों से है। Section 232 का संबंध राष्ट्रीय सुरक्षा पर आयात के प्रभाव से है। दोनों प्रावधानों का कानूनी आधार और उद्देश्य अलग-अलग हैं।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौता

गौर करने वाली बात है कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक संबंधों को लेकर लंबे समय से बातचीत चल रही है। 13 फरवरी 2025 को दोनों देशों ने व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते की दिशा में बातचीत शुरू करने की घोषणा की थी। 2 फरवरी 2026 को दोनों देशों के नेताओं के बीच बातचीत के बाद अंतरिम व्यापार समझौते की दिशा में प्रगति की घोषणा हुई। 7 फरवरी 2026 को दोनों देशों ने एक संयुक्त वक्तव्य जारी किया। इस समझौते का उद्देश्य पारस्परिक व्यापार को बढ़ावा देना, बाजार तक पहुँच में सुधार करना और आपूर्ति शृंखलाओं को अधिक मजबूत बनाना है। संयुक्त वक्तव्य के प्रमुख प्रावधान भारत ने अमेरिकी औद्योगिक वस्तुओं और कुछ कृषि उत्पादों पर आयात शुल्क कम करने या समाप्त करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। अमेरिका ने भारत के कुछ उत्पादों पर पारस्परिक टैरिफ को 18% करने का प्रस्ताव रखा था। कुछ उत्पादों के लिए टैरिफ संबंधी विशेष छूटों का प्रावधान भी रखा गया। दोनों देशों ने व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई। अब Section 301 की नई जाँच और प्रस्तावित टैरिफ ने इस व्यापार समझौते को और महत्वपूर्ण बना दिया है।

भारत सरकार की प्रतिक्रिया

भारत सरकार ने अमेरिकी कार्रवाई पर अपनी चिंता जाहिर की है। भारत की प्रमुख प्रतिक्रियाएँ निम्नलिखित हैं:

1. भारत में अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं

भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि जाँच के दौरान वाणिज्य विभाग ने अमेरिकी पक्ष को बताया था कि भारत के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है।

2. अमेरिकी निष्कर्षों की समीक्षा

भारत सरकार ने कहा कि USTR द्वारा जारी निष्कर्ष और टिप्पणियाँ आमंत्रित करने वाले नोटिस की समीक्षा की जा रही है।

3. द्विपक्षीय बातचीत को प्राथमिकता

भारत का मानना है कि व्यापार से संबंधित चिंताओं का समाधान भारत-अमेरिका के बीच चल रही द्विपक्षीय व्यापार वार्ताओं के माध्यम से किया जाना चाहिए।

4. व्यापार समझौते के प्रति प्रतिबद्धता

भारत ने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते को शीघ्र पूरा करने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। भारत पर अमेरिकी टैरिफ का संभावित प्रभाव यदि प्रस्तावित टैरिफ लागू होता है, तो इसका प्रभाव भारत की अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों पर पड़ सकता है।

(क) भारतीय निर्यात पर प्रभाव

अमेरिका भारत का एक महत्वपूर्ण निर्यात बाजार है। अतिरिक्त टैरिफ लगने से भारतीय उत्पाद अमेरिकी बाजार में महँगे हो सकते हैं। इससे अमेरिकी आयातकों के लिए भारतीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मकता कम हो सकती है।

विशेष रूप से निम्नलिखित क्षेत्र प्रभावित हो सकते हैं:

  • कपड़ा एवं परिधान उद्योग (Textile and Apparel)
  • चमड़ा एवं फुटवियर उद्योग (Leather and Footwear)
  • रसायन उद्योग (Chemicals)
  • इंजीनियरिंग उत्पाद
  • मशीनरी एवं औद्योगिक उपकरण
  • इस्पात एवं धातु उद्योग
  • सौर ऊर्जा से संबंधित उत्पाद

(ख) MSME क्षेत्र पर प्रभाव

भारत के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSMEs) निर्यात गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अमेरिका में भारतीय वस्तुओं की कीमत बढ़ने से छोटे निर्यातकों को ऑर्डर कम मिल सकते हैं। उत्पादन और कारोबार प्रभावित हो सकता है। रोजगार सृजन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। छोटे उद्योगों की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता कमजोर हो सकती है।

(ग) रोजगार पर प्रभाव

कपड़ा, चमड़ा, रत्न एवं आभूषण और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलता है। यदि निर्यात में गिरावट आती है, तो इन क्षेत्रों में रोजगार के अवसर कम हो सकते हैं।

(घ) विदेशी मुद्रा आय पर प्रभाव

निर्यात में कमी आने से भारत की विदेशी मुद्रा आय प्रभावित हो सकती है। इससे वस्तुओं एवं सेवाओं के व्यापार संतुलन पर दबाव पड़ सकता है।

(ड़) निवेश पर प्रभाव

अमेरिकी बाजार तक पहुँच में अनिश्चितता के कारण कुछ विदेशी निवेशक भारत में निर्यात-उन्मुख विनिर्माण परियोजनाओं में निवेश करने से पहले पुनर्विचार कर सकते हैं।

(च) आपूर्ति शृंखला पर प्रभाव

भारत की कई विनिर्माण इकाइयाँ वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं से जुड़ी हैं। अमेरिका के साथ व्यापारिक तनाव बढ़ने से भारतीय कंपनियों की अंतरराष्ट्रीय उत्पादन एवं आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

भारत के लिए इस स्थिति में क्या अवसर हो सकते हैं?

इस विवाद के कुछ संभावित सकारात्मक पहलू भी हैं।

1. निर्यात बाजारों का विविधीकरण

भारत अमेरिका पर अपनी निर्यात निर्भरता कम करने के लिए यूरोपीय संघ, ASEAN, अफ्रीका, पश्चिम एशिया और लैटिन अमेरिका के बाजारों में अपनी पहुँच बढ़ा सकता है।

2. घरेलू विनिर्माण को मजबूत करना

भारत को अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ घरेलू मांग और उत्पादों की गुणवत्ता पर भी ध्यान देना होगा।

3. नए व्यापार समझौते

भारत अन्य देशों और क्षेत्रीय समूहों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों (FTAs) को मजबूत कर सकता है।

4. वैश्विक आपूर्ति शृंखला में भारत की भूमिका

चीन पर निर्भरता कम करने के लिए कई देश वैकल्पिक विनिर्माण केंद्रों की तलाश कर रहे हैं। भारत इस अवसर का लाभ उठा सकता है।

5. आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा

इस स्थिति में घरेलू उद्योगों की तकनीकी क्षमता, अनुसंधान एवं विकास (R&D) और उत्पादकता में सुधार करना महत्वपूर्ण होगा।

भारत के सामने प्रमुख चुनौतियाँ

इस विवाद से भारत के सामने कुछ व्यापक आर्थिक और कूटनीतिक चुनौतियाँ उत्पन्न हो सकती हैं।

1. संरक्षणवाद: अमेरिका की टैरिफ नीति से वैश्विक व्यापार में संरक्षणवादी प्रवृत्ति को बढ़ावा मिल सकता है, जिससे मुक्त एवं नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रभावित हो सकता है।

2. व्यापार असंतुलन: अमेरिका द्वारा भारतीय उत्पादों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने से भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ सकता है तथा द्विपक्षीय व्यापार संबंध प्रभावित हो सकते हैं।

3. निर्यात प्रतिस्पर्धा: अतिरिक्त टैरिफ के कारण भारतीय उत्पाद अमेरिकी बाजार में महँगे हो सकते हैं, जिससे उनकी प्रतिस्पर्धात्मकता कम हो सकती है और भारतीय निर्यात में गिरावट आ सकती है।

4. औद्योगिक विकास: निर्यात आधारित उद्योगों को अमेरिकी बाजार में कम मांग और ऑर्डर में कमी का सामना करना पड़ सकता है, जिससे औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन प्रभावित हो सकते हैं।

5. कूटनीतिक संबंध: भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक विवाद का प्रभाव दोनों देशों के व्यापक रणनीतिक, आर्थिक एवं कूटनीतिक संबंधों पर पड़ सकता है।

6. WTO व्यवस्था: अमेरिका द्वारा एकतरफा व्यापारिक कार्रवाई से विश्व व्यापार संगठन की नियम-आधारित बहुपक्षीय व्यापार व्यवस्था को चुनौती मिल सकती है तथा वैश्विक व्यापार में संरक्षणवाद बढ़ सकता है।

WTO और वैश्विक व्यापार व्यवस्था पर प्रभाव

विश्व व्यापार संगठन का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय व्यापार को नियम आधारित, पारदर्शी और भेदभाव रहित बनाना है। अमेरिका द्वारा एकतरफा रूप से अतिरिक्त टैरिफ लगाने के प्रस्ताव से कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न उभरते हैं।

प्रमुख मुद्दे: 1. क्या कोई देश अपने घरेलू व्यापार कानून के आधार पर दूसरे देश के उत्पादों पर एकतरफा अतिरिक्त शुल्क लगा सकता है? 2. क्या ऐसे शुल्क WTO के Most-Favoured-Nation (MFN) सिद्धांत के अनुरूप हैं? 3. क्या टैरिफ लगाने के लिए उचित प्रमाण और निष्पक्ष जाँच आवश्यक है? क्या ऐसे कदम वैश्विक व्यापार में संरक्षणवाद को बढ़ावा देंगे?

WTO के अंतर्गत MFN सिद्धांत के अनुसार सामान्यतः एक सदस्य देश को दिए गए व्यापारिक लाभ अन्य WTO सदस्यों को भी समान रूप से देने होते हैं, हालांकि इसके कुछ अपवाद मौजूद हैं।

भारत के पास अमेरिकी कार्रवाई की WTO के नियमों के आधार पर समीक्षा कराने और आवश्यकता पड़ने पर विवाद निपटान तंत्र का सहारा लेने का विकल्प हो सकता है।

भारत के लिए आगे की राह

भारत को इस विवाद का समाधान कूटनीतिक बातचीत और आर्थिक सुधारों के माध्यम से निकालने का प्रयास करना चाहिए।

1. द्विपक्षीय व्यापार वार्ता को प्राथमिकता भारत और अमेरिका को पारस्परिक हितों को ध्यान में रखते हुए व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने का प्रयास करना चाहिए।

2. राष्ट्रीय हितों की रक्षा भारत को कृषि, डेयरी, MSME और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के हितों की रक्षा करते हुए व्यापार समझौते पर बातचीत करनी चाहिए।

3. निर्यात प्रतिस्पर्धात्मकता में सुधार भारतीय उद्योगों को उत्पादन लागत कम करने, गुणवत्ता सुधारने, तकनीकी उन्नयन और लॉजिस्टिक्स को बेहतर बनाने की आवश्यकता है।

4. घरेलू मांग को मजबूत करना भारत को केवल निर्यात आधारित विकास के बजाय घरेलू उपभोग और मांग को भी प्रोत्साहित करना चाहिए।

5. निर्यात बाजारों का विस्तार भारत को नए बाजारों की तलाश करनी चाहिए, जिससे किसी एक देश पर अत्यधिक निर्भरता न रहे।

6. बहुपक्षीय व्यापार व्यवस्था का समर्थन भारत को WTO जैसे संस्थानों के माध्यम से नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यापार व्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास करना चाहिए।

7. औद्योगिक नीतियों में सुधार PLI(Production Linked Incentive Scheme), मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी योजनाओं को इस प्रकार लागू करना चाहिए कि उत्पादन क्षमता के साथ उत्पादकता, घरेलू मांग, गुणवत्ता और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता में भी वृद्धि हो।

निष्कर्ष

स्पष्ट होता है कि अमेरिका द्वारा भारत पर अधिकतम 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव केवल एक व्यापारिक विवाद नहीं है, बल्कि यह वैश्विक अर्थव्यवस्था में बढ़ते संरक्षणवाद और औद्योगिक प्रतिस्पर्धा को भी दर्शाता है। भारत और अमेरिका दोनों एक-दूसरे के महत्वपूर्ण रणनीतिक एवं आर्थिक साझेदार हैं। इसलिए व्यापारिक मतभेदों को व्यापक द्विपक्षीय संबंधों पर हावी नहीं होने देना चाहिए। भारत के लिए आवश्यक है कि वह अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करते हुए अमेरिका के साथ बातचीत जारी रखे, निर्यात बाजारों का विविधीकरण करे तथा घरेलू विनिर्माण को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाए।

इस ब्लॉग के अध्यययन के बाद इससे जुड़े सवालों को हल करने के लिए CLICK करें

Reference : The Hindu

Comments

Loading comments...

Related Articles

Suggested Courses

Trending
Titan Plus Batch 2
BPSC CCE

Titan Plus Batch 2

Trending
Titan Batch 2
BPSC CCE

Titan Batch 2