सोने की कीमतों में 25% गिरावट: कारण, प्रभाव और आगे की संभावनाएँ
UPSC / BPSC के लिए अर्थव्यवस्था पर विस्तृत विश्लेषण | GS Paper 3
दोस्तों हाल के दिनों में भारत में सोने की कीमतों में 2026 के दौरान काफी गिरावट दर्ज की गई है। मसलन , एक रिपोर्ट के मुताबिक 28 फरवरी 2026 को दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत जहाँ लगभग ₹1,70,305 प्रति 10 ग्राम थी वहीं 20 नवंबर 2026 तक यह गिरकर लगभग ₹1,26,875 प्रति 10 ग्राम रह गई। यानी इस अवधि में सोने की कीमत में लगभग 25% गिरावट हुई।
हालाँकि, यह गिरावट ऐसे समय में हुई है जब पिछले कुछ वर्षों में सोने की कीमतें बहुत तेजी से बढ़ी थीं। इसलिए केवल हालिया गिरावट को देखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सोने की कीमतों में पहले हुई वृद्धि और उसके पीछे के कारणों को समझना भी जरूरी है। इस ब्लॉग के जरिये हमलोग इसी से जुड़े पक्षों की पड़ताल करेंगे.
थोड़ा पीछे चलें तो फरवरी 2022 से फरवरी 2026 के बीच सोने की कीमत लगभग 230% बढ़ी। वहीं फरवरी 2024 से फरवरी 2026 के बीच इसकी कीमत लगभग 165% बढ़ी। इस तरह नवंबर, 2026 में गिरावट के बावजूद सोने की कीमत फरवरी 2022 की तुलना में लगभग 145% अधिक है।
इसलिए सोने की कीमत में हालिया गिरावट को एक बड़े उछाल के बाद होने वाला Price Correction (मूल्य सुधार) भी माना जा सकता है। यहाँ पर Price Correction टर्म को भी समझते चलें.
देखिये, जब किसी परिसंपत्ति (Asset) की कीमत बहुत तेजी से बढ़ जाती है और बाद में बाजार में बदलाव के कारण उसमें कुछ गिरावट आती है, तो इस गिरावट को Price Correction कहा जाता है।
उदाहरण के लिए यदि किसी वस्तु की कीमत ₹100 से बढ़कर ₹200 हो जाती है और फिर गिरकर ₹150 पर आ जाती है, तो कीमत में गिरावट जरूर हुई, लेकिन वस्तु अभी भी शुरुआती ₹100 से 50% महंगी है।
इसी प्रकार, सोने की कीमतों में भी भारी वृद्धि के बाद गिरावट आई है।
अब सवाल यह कि सोने की मांग किन क्षेत्रों से आती है?
दोस्तों, सोना केवल आभूषण बनाने के लिए ही नहीं खरीदा जाता, बल्कि इसे निवेश और आर्थिक संकट के समय सुरक्षित परिसंपत्ति के रूप में भी देखा जाता है।
विश्व स्वर्ण परिषद् के अनुसार, सोने की मांग के चार प्रमुख स्रोत हैं केन्द्रीय बैंक, निवेश, आभूषण और तकनीक . केन्द्रीय बैंक में विदेशी मुद्रा भंडार में विविधता और आर्थिक सुरक्षा के दृष्टिकोण से इसकी मांग होती है. जबकि निवेश के तहत धन सुरक्षित रखना और निवेश पोर्टफोलियो में विविधता लाने के संदर्भ में इसकी उपयोगिता दिखती है. वहीं विवाह, त्यौहार और व्यक्तिगत उपयोग के लिए आभूषण के रूप में सोने का महत्व बढ़ता है. जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स, उपकरण एवं अन्य तकनीकी उपयोग में भी सोने की भूमिका रहती है.
विश्व स्वर्ण परिषद (World Gold Council – WGC)
विश्व स्वर्ण परिषद (WGC) सोने के उद्योग से जुड़ा एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जो सोने के बाजार को विकसित करने और सोने की मांग बढ़ाने के लिए कार्य करता है। इसकी स्थापना 1987 में हुई थी।
इसका मुख्यालय लंदन, यूनाइटेड किंगडम में स्थित है।
यह सोने की मांग, आपूर्ति, निवेश, आभूषण उद्योग तथा केंद्रीय बैंकों द्वारा सोने की खरीद से संबंधित आँकड़े और रिपोर्ट जारी करता है।
यह सोने को निवेश, वित्तीय सुरक्षा तथा वैश्विक अर्थव्यवस्था में एक महत्वपूर्ण संपत्ति के रूप में बढ़ावा देने के लिए कार्य करता है।
इसकी प्रमुख रिपोर्टों में Gold Demand Trends शामिल है, जिसमें वैश्विक सोने की मांग और बाजार के रुझानों का विश्लेषण किया जाता है।
विश्व की 29 गोल्ड माइनिंग कंपनियाँ इस परिषद् के अंतर्गत हैं . इसमें भारत शामिल नहीं है.
यहाँ सवाल बनता है कि सोना निवेश के लिए क्यों खरीदा जाता है?
वस्तुतः, सोना एक ऐसी परिसंपत्ति है जो आर्थिक अनिश्चितता के समय लोगों के धन का मूल्य सुरक्षित रखने में मदद कर सकती है।
उदाहरण के लिए, यदि महंगाई के कारण ₹100 से खरीदी जाने वाली वस्तु अगले वर्ष ₹110 की हो जाती है, तो ₹100 की नकद राशि की क्रय शक्ति घट जाती है।
ऐसी स्थिति में यदि सोने का मूल्य भी बढ़ता है, तो वह निवेशक की संपत्ति को महंगाई के प्रभाव से बचाने में मदद कर सकता है।
इसी कारण सोने को Store of Value (मूल्य संरक्षित रखने वाली संपत्ति) माना जाता है। हालाँकि, सोना ब्याज या लाभांश नहीं देता और इसकी कीमत में गिरावट भी हो सकती है।
अब बात सोने की कीमतों में गिरावट के कारणों की
इन्हें एक-एक कर समझते हैं:
1. अमेरिका में ब्याज दरों को लेकर बदलती अपेक्षाएँ
सोने की कीमतों में गिरावट का सबसे प्रमुख कारण अमेरिका की मौद्रिक नीति को लेकर बाजार की बदलती उम्मीदें हैं।
पहले निवेशकों को उम्मीद थी कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक (Federal Reserve) ब्याज दरों में कटौती करेगा। लेकिन बाद में बाजार में यह उम्मीद बढ़ने लगी कि महंगाई को नियंत्रित करने के लिए ब्याज दरें बढ़ाई जा सकती हैं। इस बदलाव का सोने की कीमतों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा।
अब ब्याज दर और सोने की कीमत में संबंध को समझ लीजिये
देखिये, जब बैंक या सरकारी बॉन्ड अधिक ब्याज देने लगते हैं, तो निवेशकों के पास पैसा लगाने के दूसरे विकल्प खुलने लगते हैं।
सोना कोई ब्याज या नियमित आय नहीं देता। इसलिए जब ब्याज दरें बढ़ती हैं, तो कुछ निवेशक सोने के बजाय ब्याज देने वाले बॉन्ड या अन्य वित्तीय संपत्तियों में निवेश करना पसंद करते हैं।
इससे सोने की मांग कम हो सकती है और कीमतों पर दबाव पड़ सकता है।
इसे यूँ समझिये कि यदि किसी निवेशक के पास ₹10 लाख हैं और उसके पास दो विकल्प हैं.
विकल्प 1: सोना खरीदना, जिससे कोई नियमित ब्याज नहीं मिलता।
विकल्प 2: सरकारी बॉन्ड खरीदना, जिससे निश्चित या निर्धारित शर्तों के अनुसार ब्याज मिलता है।
यदि बॉन्ड पर मिलने वाला ब्याज बढ़ जाता है, तो निवेशक सोने की तुलना में बॉन्ड को अधिक आकर्षक मान सकता है।
इससे सोने में निवेश की मांग कम हो सकती है।
2: अमेरिकी फेडरल रिजर्व की सख्त मौद्रिक नीति
अमेरिकी Federal Reserve (Fed) का काम महंगाई को नियंत्रित करना और आर्थिक स्थिरता बनाए रखना है।
जब महंगाई अधिक होती है, तो केंद्रीय बैंक ब्याज दरें बढ़ाकर अर्थव्यवस्था में मांग को कम करने की कोशिश कर सकता है।
2026 में अमेरिकी मौद्रिक नीति को लेकर बाजार की उम्मीदों में बदलाव आया। रिपोर्ट के अनुसार, Kevin Warsh के अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नेतृत्व में आने के बाद बाजार ने उन्हें महंगाई नियंत्रित करने के लिए सख्त मौद्रिक नीति अपनाने वाला माना।
बाजार में ब्याज दरों में आगे और वृद्धि की संभावना को लेकर उम्मीदें मजबूत हुईं।
इसका प्रभाव सोने पर पड़ा क्योंकि ब्याज दरें बढ़ने से बॉन्ड जैसे निवेश अधिक आकर्षक बन सकते हैं। ऐसे में सोने में निवेश की अवसर लागत बढ़ जाती है। यहाँ अवसर लागत का मतलब हुआ कि जिस पैसे से आप सोना खरीदते हैं, तो उस पैसे को किसी दूसरे निवेश में लगाने से मिलने वाले संभावित लाभ को आप छोड़ देते हैं।
इसके अलावा निवेशक सोने से पैसा निकालकर ब्याज देने वाले निवेशों की ओर जा सकते हैं। इससे सोने की कीमतों में गिरावट आ सकती है।
3: महंगाई कम होने की उम्मीद
सोने की कीमतों में तेजी का एक बड़ा कारण महंगाई (Inflation) होता है।
जब महंगाई बढ़ती है, तो मुद्रा की क्रय शक्ति कम हो जाती है। इसका मतलब हुआ कि जिस राशि में पहले किसी वस्तु की जो मात्रा मिलती थी अब उसी राशि में उससे कम मात्रा मिलेगी. ऐसी स्थिति में लोग अपनी संपत्ति का मूल्य सुरक्षित रखने के लिए सोना खरीद सकते हैं।
लेकिन यदि बाजार को उम्मीद हो कि केंद्रीय बैंक ब्याज दरें बढ़ाकर महंगाई को नियंत्रित कर देगा, तो भविष्य में महंगाई कम हो सकती है। इससे सोने की मांग कम हो सकती है, क्योंकि निवेशकों को लगता है कि भविष्य में मुद्रा की क्रय शक्ति पहले की तुलना में अधिक स्थिर रहेगी।
4: अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड की बढ़ती आकर्षकता
सोने की अंतरराष्ट्रीय कीमत सामान्यतः अमेरिकी डॉलर में निर्धारित होती है।
अमेरिका में ब्याज दरों में वृद्धि की संभावना डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड को मजबूत कर सकती है।
यदि डॉलर मजबूत होता है, तो अन्य देशों के निवेशकों के लिए डॉलर में निर्धारित सोना महंगा हो सकता है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की मांग पर दबाव पड़ सकता है।
इसके अलावा, यदि अमेरिकी सरकारी बॉन्ड से अधिक ब्याज मिलने लगे, तो निवेशक सोने के बजाय बॉन्ड में निवेश करना पसंद कर सकते हैं। इस प्रकार, मजबूत डॉलर और बढ़ती बॉन्ड यील्ड सोने की कीमतों को प्रभावित कर सकते हैं।
पहले सोने की कीमतों में इतनी तेजी क्यों आई थी?
सोने की कीमतों में गिरावट को समझने के लिए यह जानना भी आवश्यक है कि पिछले कुछ वर्षों में सोना इतना महंगा क्यों हुआ।
(i) दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं पर बढ़ता सरकारी कर्ज
अमेरिका और अन्य प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सरकारों द्वारा बड़े पैमाने पर कर्ज लिया गया है।
सरकारी कर्ज बढ़ने से भविष्य में राजकोषीय दबाव, महंगाई और मुद्रा के मूल्य को लेकर चिंताएँ पैदा हो सकती हैं। ऐसी अनिश्चितता में निवेशक सोने को सुरक्षित निवेश के रूप में देखते हैं।
(ii) लगातार उच्च महंगाई
कई देशों में महंगाई दर केंद्रीय बैंकों के निर्धारित लक्ष्य से ऊपर रही।
महंगाई के कारण:
- मुद्रा की क्रय शक्ति घटती है।
- बचत का वास्तविक मूल्य कम हो सकता है।
- निवेशक धन सुरक्षित रखने के विकल्प खोजते हैं।
- सोने की मांग बढ़ सकती है।
(iii) भू-राजनीतिक अनिश्चितता
हालिया वर्षों में युद्ध, अंतरराष्ट्रीय तनाव, व्यापार संघर्ष और राजनीतिक अस्थिरता के कारण वित्तीय बाजारों में अनिश्चितता बढ़ी।
ऐसी परिस्थितियों में निवेशक शेयर बाजार जैसे जोखिमपूर्ण निवेशों से पैसा निकालकर सोने जैसी सुरक्षित संपत्तियों की ओर जा सकते हैं। इसे Safe-Haven Demand (सुरक्षित निवेश की मांग) कहते हैं।
(iv) केंद्रीय बैंकों द्वारा सोने की खरीद
दुनिया के कई केंद्रीय बैंक अपने विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी बढ़ा रहे हैं।
दरअसल, केंद्रीय बैंक विदेशी मुद्रा भंडार में विविधता लाने , डॉलर पर अत्यधिक निर्भरता कम करने , आर्थिक संकट के समय सुरक्षा बनाए रखने , दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता के लिए सोने की खरीद करते हैं.
केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीद से सोने की मांग को समर्थन मिला और कीमतों में तेजी आई।
अब अहम सवाल कि क्या सोने की कीमतों में आगे भी गिरावट हो सकती है?
सोने की कीमतों का भविष्य कई आर्थिक और राजनीतिक कारकों पर निर्भर करेगा। यह निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता कि कीमतें आगे बढ़ेंगी या गिरेंगी। इसे दोनों संभावनाओं से देख लेते हैं:
सोने की कीमतों में आगे गिरावट के संभावित कारण
- अमेरिका और अन्य देशों में ब्याज दरें बढ़ना।
- महंगाई में कमी आना।
- अमेरिकी डॉलर का मजबूत होना।
- सरकारी बॉन्ड की यील्ड में वृद्धि।
- सोने में निवेश की मांग कम होना।
सोने की कीमतों में फिर तेजी के संभावित कारण
- भू-राजनीतिक तनाव बढ़ना।
- युद्ध या अंतरराष्ट्रीय संकट।
- महंगाई में दोबारा तेजी।
- केंद्रीय बैंकों द्वारा सोने की खरीद जारी रहना।
- सरकारी कर्ज और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता बढ़ना।
इसलिए सोने की कीमतों का भविष्य ब्याज दरों, महंगाई, डॉलर, भू-राजनीतिक जोखिम और केंद्रीय बैंकों की खरीद के बीच संतुलन पर निर्भर करेगा।
भारत पर सोने की कीमतों में गिरावट का क्या प्रभाव पड़ेगा?
भारत दुनिया के प्रमुख सोना उपभोग करने वाले देशों में से एक है। भारत में सोने का उपयोग केवल निवेश के लिए ही नहीं, बल्कि विवाह, त्योहार, सामाजिक परंपराओं और आभूषणों के लिए भी किया जाता है।
इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट का भारत पर कई प्रकार का प्रभाव पड़ सकता है।
(i) आम उपभोक्ताओं को राहत
सोने की कीमतों में गिरावट से आभूषण खरीदने वाले लोगों को राहत मिल सकती है।
- शादी के लिए सोना खरीदना अपेक्षाकृत सस्ता हो सकता है।
- मध्यम वर्ग की खरीद क्षमता बढ़ सकती है।
- आभूषणों की मांग बढ़ सकती है।
- ज्वेलरी उद्योग और कारोबार को प्रोत्साहन मिल सकता है।
(ii) सोने के आयात बिल में कमी
भारत अपनी घरेलू सोने की मांग का बड़ा हिस्सा आयात के माध्यम से पूरा करता है।
यदि अंतरराष्ट्रीय सोने की कीमतें कम होती हैं और आयात की मात्रा समान रहती है, तो भारत को सोना खरीदने के लिए कम विदेशी मुद्रा खर्च करनी पड़ सकती है।
इससे भारत का आयात बिल कम हो सकता है। चालू खाते के घाटे (Current Account Deficit) पर दबाव कम हो सकता है। विदेशी मुद्रा की बचत हो सकती है।
लेकिन यदि कीमत गिरने के कारण भारत में सोने की मांग बहुत अधिक बढ़ जाती है, तो आयात की मात्रा बढ़ने से इसका लाभ कम भी हो सकता है।
(iii) चालू खाते के घाटे पर प्रभाव
चालू खाते का घाटा (Current Account Deficit – CAD) तब होता है जब किसी देश का वस्तुओं, सेवाओं और अन्य चालू लेन-देन का कुल भुगतान उसकी प्राप्तियों से अधिक होता है।
भारत के संदर्भ में सोने का आयात महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके लिए विदेशी मुद्रा खर्च करनी पड़ती है।
यदि सोने की कीमत कम हो जाती है, तो समान मात्रा में सोना आयात करने पर कम डॉलर खर्च हो सकते हैं। इससे CAD पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
(iv) सोने में निवेश करने वाले लोगों पर प्रभाव
जिन लोगों ने सोना बहुत ऊँची कीमत पर खरीदा था, उन्हें कीमतों में गिरावट के कारण नुकसान या निवेश के मूल्य में कमी का सामना करना पड़ सकता है।
लेकिन यह नुकसान तब तक वास्तविक (Realised Loss) नहीं माना जाता जब तक निवेशक सोना बेचकर उस कीमत पर लेन-देन पूरा नहीं करता। इसे सामान्यतः Unrealised Loss (अवास्तविक नुकसान) कहा जाता है।
(v) गोल्ड लोन लेने वालों पर प्रभाव
सोना गिरवी रखकर लोन लेने वाले लोगों के लिए कीमतों में गिरावट का प्रभाव पड़ सकता है।
यदि गिरवी रखे गए सोने का बाजार मूल्य घट जाता है, तो उसकी तुलना में बैंक या वित्तीय संस्था के लोन की सुरक्षा कम हो सकती है। ऋणदाता की शर्तों के अनुसार इससे अतिरिक्त सोना गिरवी रखने या अन्य आवश्यकताओं का सामना करना पड़ सकता है।
क्या सोना हमेशा सुरक्षित निवेश होता है?
गौरतलब है कि सोने को अक्सर Safe-Haven Asset माना जाता है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि सोने की कीमत हमेशा बढ़ती रहेगी या इसमें निवेश करने पर नुकसान नहीं होगा।
सोने की कीमतें भी निम्न कारणों से गिर सकती हैं:
- ब्याज दरों में वृद्धि।
- डॉलर का मजबूत होना।
- निवेशकों की बदलती प्राथमिकताएँ।
- मुनाफावसूली (Profit Booking)।
- बाजार में मांग और आपूर्ति में बदलाव।
इसलिए सोना सुरक्षित निवेश का एक विकल्प है, लेकिन जोखिम-मुक्त निवेश नहीं है।
कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि सोने की कीमतों में 2026 के दौरान लगभग 25% की गिरावट एक महत्वपूर्ण आर्थिक घटनाक्रम है। लेकिन इसे केवल सोने की मांग में गिरावट के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। इसके पीछे ब्याज दरों को लेकर बदलती अपेक्षाएँ, महंगाई के अनुमान, डॉलर की मजबूती और निवेशकों की बदलती प्राथमिकताएँ भी महत्वपूर्ण हैं।
पिछले वर्षों में सरकारी कर्ज, महंगाई, भू-राजनीतिक अनिश्चितता और केंद्रीय बैंकों की खरीद ने सोने की कीमतों को काफी ऊपर पहुंचाया था। वर्तमान गिरावट उस तेज वृद्धि के बाद बाजार में आए सुधार का हिस्सा भी हो सकती है।
भारत जैसे सोने के बड़े आयातक देश के लिए सोने की कीमतों में गिरावट उपभोक्ताओं, आयात बिल और विदेशी मुद्रा पर सकारात्मक प्रभाव डाल सकती है, लेकिन इसका वास्तविक लाभ घरेलू मांग, रुपये की विनिमय दर और अंतरराष्ट्रीय बाजार की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
Reference: The Indian Express



