EDU TERIA Logo
CartSign InSign UpEnroll Now

सोशल मीडिया की कानूनी छूट पर सवाल

भारत सरकार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की Safe Harbour सुरक्षा की समीक्षा कर रही है। जानें IT Act 2000 की धारा 79, सोशल मीडिया की जवाबदेही, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रत

school
Written by Akhilesh Anand
Published: 12 November 2026•7 min read
सोशल मीडिया की कानूनी छूट पर सवाल
Progress
0%
Aa

सोशल मीडिया की कानूनी छूट पर सवाल

यह टॉपिक UPSC एवं BPSC परीक्षा के दृष्टिकोण से सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 2 के राजव्यवस्था खंड से संबंधित है.

चर्चा में क्यों?

हाल ही में, भारत सरकार ने Meta, Instagram, YouTube और X जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को मिलने वाली सेफ हार्बर अर्थात मिलने वाली कानूनी छूट की समीक्षा करने के लिए प्रारंभिक चर्चा शुरू की है। दरअसल हाल के वर्षों में न केवल वैश्विक स्तर पर बल्कि भारत में सोशल मीडिया की भूमिका बढ़ती जा रही है। लोकतांत्रिक प्रक्रिया हो या फिर सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियॉं इन सभी पक्षों को सोशल मीडिया ने बेहद अनियंत्रित तरीके से प्रभावित किया है।

विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म अब सिर्फ जानकारी पहुँचाने के माध्यम नहीं रहे हैं। यह एक संपादकीय नियंत्रण जैसा भी है। इसलिए सरकार का मानना है कि क्या इन्हें अब भी पारंपरिक 'मध्यस्थ' (इंटरमीडियरी) जैसी कानूनी सुरक्षा मिलनी चाहिए, क्योंकि वे अपने एल्गोरिदम के माध्यम से कंटेंट की दृश्यता, पहुँच और प्रसार को प्रभावित करते हैं? कम्पनियाँ एल्गोरिदम से तय करती हैं कि यूजर्स को क्या दिखेगा क्या नहीं।

सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी सोशल मीडिया कंपनियों से बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी जैसी समस्याओं को रोकने के लिए अधिक सक्रिय जिम्मेदारी निभाने पर जोर दिया है। अभी यह केवल प्रारंभिक विचार-विमर्श के स्तर पर है। सरकार ने सेफ हार्बर सुरक्षा समाप्त करने का कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है।

इस विषय से जुड़े टर्म सेफ हार्बर को समझना जरूरी है

भारत में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 79 के तहत मिलने वाला सेफ हार्बर यूजर्स द्वारा डाले गए कंटेंट के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को कानूनी जिम्मेदारी से बचाता है, बशर्ते वे तय नियमों का पालन करें। ऐसा माना जाता है कि इसी सुरक्षा की बदौलत मेटा, गूगल और एक्स जैसी कंपनियाँ यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर विशाल कारोबार खड़ा कर सकीं, क्योंकि उन्हें हर पोस्ट, वीडियो या कमेंट की कानूनी जवाबदेही नहीं उठानी पड़ी। ऐसे में इस सुरक्षा को कमजोर करने या हटाने की किसी भी कोशिश का टेक उद्योग और नागरिक संगठनों की ओर से कड़ा विरोध होने की संभावना है।

मान लीजिए यदि कोई उपयोगकर्ता फेसबुक पर कोई पोस्ट करता है, तो सामान्यतः उस पोस्ट के लिए सीधे उपयोगकर्ता जिम्मेदार होगा, न कि फेसबुक। हालांकि, यह सुरक्षा धारा 79 की निर्धारित शर्तों के अधीन है। अगर सोशल मीडिया कंपनियों से सेफ हार्बर छीना गया, तो इसके लिए सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम, 2000 में संशोधन करना पड़ेगा, जिसे संसद से पास कराना होगा।

सरकार सेफ हार्बर की समीक्षा क्यों कर रही है?

गौरतलब है कि पारंपरिक इंटरनेट मध्यस्थों और आधुनिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की कार्यप्रणाली में अंतर है। सरकार के समक्ष प्रमुख सवाल यह है कि जब सोशल मीडिया कंपनियाँ एल्गोरिदम के माध्यम से कंटेंट का चयन, प्रचार और प्रसार प्रभावित करती हैं, तो क्या उन्हें केवल निष्क्रिय मध्यस्थ (Passive Intermediary) मानकर वही कानूनी सुरक्षा दी जानी चाहिए?

एक विचार यह भी है कि सेफ हार्बर सुरक्षा को मुख्य रूप से उन सेवाओं तक सीमित रखा जाए, जो केवल सूचना का प्रसारण करती हैं। 

पारंपरिक मध्यस्थआधुनिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म
मुख्य रूप से सूचना का प्रसारण करते हैं।कंटेंट का प्रसार - प्रचार भी करते हैं।
उपयोगकर्ताओं को नेटवर्क या संचार सेवा उपलब्ध कराते हैं।एल्गोरिदम से कंटेंट की प्राथमिकता तय करते हैं।
कंटेंट की दृश्यता पर सीमित नियंत्रण रखते हैं।उपयोगकर्ताओं की रुचि के आधार पर कंटेंट की पहुँच प्रभावित करते हैं।

इस चर्चा से जुड़े प्रमुख घटनाक्रम

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की कानूनी जवाबदेही का मुद्दा हाल की कई घटनाओं के कारण चर्चा में आया है।

(i) डिजिटल अरेस्ट और साइबर धोखाधड़ी

  • अगस्त 2026 में भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने डिजिटल अरेस्ट से संबंधित मामले में सुप्रीम कोर्ट के समक्ष स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
  • इस दौरान सरकारी स्तर पर सेफ हार्बर सुरक्षा की समीक्षा और मध्यस्थों की जवाबदेही तय करने पर विचार किया गया।
  • पीड़ितों को मुआवजा देने की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।

(ii) Meta से संबंधित विवाद

  • जुलाई 2026 में राष्ट्रव्यापी छात्र प्रदर्शनों के दौरान Facebook ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पोस्ट किए गए एक वीडियो को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दिया था।
  • इसके बाद सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने Meta के वरिष्ठ अधिकारियों को तलब किया।
  • अगस्त 2026 में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने भी Meta के विरुद्ध कार्रवाई और सेफ हार्बर सुरक्षा वापस लेने की मांग उठाई।

(iii) बाल यौन शोषण सामग्री से संबंधित मामला

अक्टूबर 2026 में ऑनलाइन बाल यौन शोषण सामग्री (Child Sexual Abuse Material – CSAM) से संबंधित मामले में सुप्रीम कोर्ट ने IT Act की धारा 79 के मौजूदा ढाँचे की पर्याप्तता पर सवाल उठाए। न्यायालय ने उल्लंघनों के लिए आनुपातिक दंड (Proportionate Penalties) का समर्थन किया और सेफ हार्बर सुरक्षा समाप्त करने को असाधारण उपाय के रूप में देखा।

(iv) ऑनलाइन कंटेंट ब्लॉकिंग व टेकडाउन ढांचे को चुनौती

गौरतलब है कि एलन मस्क की कंपनी एक्स ने भी भारत सरकार के ऑनलाइन कंटेंट ब्लॉकिंग व टेकडाउन ढांचे को चुनौती दी है। इसमें सरकार का सहयोग पोर्टल भी शामिल है। सितंबर 2025 में कर्नाटक हाईकोर्ट ने एक्स की याचिका खारिज कर दी। इसके बाद कंपनी ने अपील दायर की। यह विवाद ऑनलाइन अभिव्यक्ति की सीमाओं और राज्य के नियमन के अधिकार को लेकर बढ़ते मतभेद का प्रतीक बन गया है।

सुप्रीम कोर्ट ने भी जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन अलायंस बनाम एस हरीश" मामले में सुनवाई के दौरान बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने पर सोशल मीडिया कंपनियों की विफलता पर चिंता जताई। कोर्ट ने कहा कि सेफ हार्बर खोना सामान्य उल्लंघनों के लिए बहुत कठोर नतीजा है, लेकिन उल्लंघनों को रोकने के लिए पर्याप्त भी नहीं।

सेफ हार्बर से संबंधित प्रमुख न्यायिक निर्णय

श्रेया सिंघल बनाम भारत संघ (2015)

सुप्रीम कोर्ट ने इस ऐतिहासिक फैसले में IT Act की धारा 79(3)(b) की व्याख्या करते हुए स्पष्ट किया कि गैरकानूनी ऑनलाइन कंटेंट को हटाने का दायित्व मुख्यतः न्यायालय के आदेश या सक्षम सरकारी प्राधिकरण की वैध अधिसूचना से जुड़ा होना चाहिए।

सेफ हार्बर हटाने का अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर संभावित प्रभाव

डिजिटल अधिकार संगठनों ने चेतावनी दी है कि सेफ हार्बर सुरक्षा कमजोर करने से सोशल मीडिया कंपनियाँ कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए अत्यधिक सामग्री हटाने (Over-censorship) का सहारा ले सकती हैं।

दिल्ली स्थित डिजिटल अधिकार संगठन इंटरनेट फ्रीडम फाउंडेशन (IFF) के अनुसार:

  • कंपनियाँ कानूनी जोखिम से बचने के लिए विवादास्पद या आलोचनात्मक सामग्री भी हटा सकती हैं।
  • सरकार की आलोचना, विरोध-प्रदर्शनों की रिपोर्टिंग और व्यंग्यात्मक अभिव्यक्ति प्रभावित हो सकती है।
  • छोटे कंटेंट क्रिएटर्स और सामान्य उपयोगकर्ताओं की ऑनलाइन अभिव्यक्ति सीमित हो सकती है।
  • स्वचालित कंटेंट मॉडरेशन (Automated Content Moderation) के कारण वैध सामग्री भी हटाई जा सकती है।

इस प्रकार, कानूनी जवाबदेही बढ़ाने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को सुरक्षित रखने के बीच संतुलन एक प्रमुख चुनौती होगी।

सेफ हार्बर सुरक्षा से संबंधित चुनौतियाँ

संभावित लाभसंभावित चिंताएँ
ऑनलाइन अपराधों पर जवाबदेही बढ़ेगी।अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रभावित हो सकती है।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा।वैध कंटेंट भी हटाया जा सकता है।
भ्रामक एवं हानिकारक सामग्री पर नियंत्रण संभव होगा।कंपनियाँ अत्यधिक सेंसरशिप अपना सकती हैं।
सोशल मीडिया कंपनियों की जिम्मेदारी बढ़ेगी।छोटे प्लेटफॉर्म्स पर अनुपालन का बोझ बढ़ सकता है।

निष्कर्ष

डिजिटल युग में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की बढ़ती भूमिका को देखते हुए उनकी कानूनी जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है। हालांकि, सेफ हार्बर सुरक्षा में किसी भी प्रकार के बदलाव के दौरान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, निजता और नागरिकों के डिजिटल अधिकारों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इसलिए भारत के लिए ऐसी संतुलित नियामक व्यवस्था विकसित करना आवश्यक है, जो ऑनलाइन सुरक्षा और संवैधानिक स्वतंत्रता दोनों को बनाए रखे।

 Reference:

Indian Express

 

Comments

Loading comments...

Related Articles

Suggested Courses

Trending
Titan Plus Batch 2
BPSC CCE

Titan Plus Batch 2

Trending
Titan Batch 2
BPSC CCE

Titan Batch 2