किसे मिला वर्ष 2026 का अर्थशास्त्र का नोबेल ?
अर्थशास्त्र के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार के लिए रॉबर्ट ई. हॉल (Robert E. Hall) और माइकल वुडफोर्ड (Michael Woodford) के नाम घोषित किए गए हैं। उन्हें अर्थव्यवस्था को स्थिर रखने की नीतियों के लिए मजबूत आर्थिक मॉडल विकसित करने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया है।
नोबेल पुरस्कार 2026 में किस काम के लिए मिला?
“For microeconomic foundations of macroeconomic stabilisation.” के लिए ये पुरस्कार दिए गए हैं.
इसका आशय है-अर्थव्यवस्था को स्थिर रखने के लिए बड़े आर्थिक बदलावों को समझने में छोटे स्तर पर लोगों और कंपनियों के फैसलों को आधार बनाना। उदाहरण के लिए, अगर पेट्रोल और डीजल महंगे हो जाते हैं, तो परिवार खर्च घटा सकते हैं और कंपनियाँ उत्पादन कम कर सकती हैं। इन लाखों फैसलों का कुल प्रभाव देश की महंगाई, रोजगार और विकास पर पड़ता है। हॉल और वुडफोर्ड के शोध का महत्व यही है कि आर्थिक नीतियाँ बनाते समय लोगों और कंपनियों के व्यवहार को समझना जरूरी है।
दोनों अर्थशास्त्री कौन हैं?
रॉबर्ट ई. हॉल (Robert E. Hall)
- अमेरिकी अर्थशास्त्री।
- स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय (Stanford University) ।
- उनका शोध उपभोग, रोजगार, आर्थिक विकास और व्यापक आर्थिक नीतियों जैसे विषयों से जुड़ा है।
- उनके काम ने यह समझने में योगदान दिया कि परिवारों और कंपनियों के फैसलों का पूरी अर्थव्यवस्था पर क्या असर पड़ता है।
माइकल वुडफोर्ड (Michael Woodford)
- अमेरिकी अर्थशास्त्री।
- कोलंबिया विश्वविद्यालय (Columbia University), न्यूयॉर्क ।
- उनका शोध मौद्रिक नीति, महंगाई, ब्याज दरों और लोगों की भविष्य को लेकर अपेक्षाओं पर केंद्रित रहा है।
- उनके कार्य ने केंद्रीय बैंकों की नीतियों और उनके सार्वजनिक संचार को समझने के लिए महत्वपूर्ण सैद्धांतिक आधार दिया।
Economic Stabilisation क्या है?
इसका मतलब है अर्थव्यवस्था में अत्यधिक उतार-चढ़ाव को कम करके उसे संतुलित बनाए रखने का प्रयास।
किसी देश की अर्थव्यवस्था हमेशा एक जैसी गति से नहीं चलती। कभी मांग बढ़ती है, कभी घटती है। कभी महंगाई तेजी से बढ़ती है और कभी कारोबार कमजोर पड़ने से बेरोजगारी बढ़ने लगती है।
जब अर्थव्यवस्था कमजोर हो तो लोग कम खरीदारी करते हैं, कंपनियाँ उत्पादन घटाती हैं और रोजगार के अवसर कम हो सकते हैं। इसके लिए संभावित उपाय परिस्थितियों के अनुसार ब्याज दरों में कमी या सरकारी खर्च में वृद्धि करके अपनाए जाते हैं. वहीं जब मांग बहुत अधिक हो जाए तो वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में परिस्थितियों के अनुसार ब्याज दरों में वृद्धि या अत्यधिक मांग को नियंत्रित करने वाले राजकोषीय कदम उठाये जाते हैं. इसीलिए नीति-निर्माताओं को अर्थव्यवस्था में समस्या की असली वजह समझनी होती है।
Microeconomics और Macroeconomics का संबंध
कल्पना करें कि भारत में लाखों परिवारों को लगता है कि आने वाले महीनों में नौकरी मिलना कठिन हो सकता है। ऐसे में परिवार भविष्य को लेकर चिंतित हो सकता है. अतः वह खर्च घटाने और बचत बढ़ाने का फैसला लेगा. इससे बाजार में मांग कम होगी . परिणामस्वरूप दुकानों और कंपनियों की बिक्री घटेगी. इससे उत्पादन और रोजगार पर दबाव बढ़ेगा. फिर निवेश और आर्थिक विकास धीमा पड़ सकता है और सरकार और RBI को अपनी नीति पर विचार करना होगा.
यानी कि यहाँ परिवारों का फैसला micro economics (सूक्ष्म अर्थशास्त्र) का हिस्सा है, जबकि देश की कुल मांग, रोजगार और आर्थिक विकास macro economics (समष्टि अर्थशास्त्र) का हिस्सा है।
2026 के अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार को समझने के लिए Sticky Inflation (कीमतों का धीरे-धीरे बदलना) और Forward Guidance (भविष्य की मौद्रिक नीति के बारे में केंद्रीय बैंक का संकेत) दो महत्वपूर्ण अवधारणाएँ हैं। इनका संबंध रॉबर्ट ई. हॉल और माइकल वुडफोर्ड के उस शोध से है, जिसने सरकारों और केंद्रीय बैंकों को अर्थव्यवस्था में मंदी, महँगाई और आर्थिक झटकों को बेहतर ढंग से संभालने के लिए मॉडल विकसित करने में मदद की.
Sticky Inflation क्या है?
सरल शब्दों में , Sticky Prices का मतलब है कि बाजार में वस्तुओं और सेवाओं की कीमतें माँग, लागत या आर्थिक परिस्थितियों में बदलाव आते ही तुरंत नहीं बदलतीं।
उदाहरण के लिए, किसी रेस्तराँ में खाने की कीमतें बढ़ी हुई हैं। बाद में ग्राहकों की माँग कम हो जाती है और सामग्री सस्ती हो जाती है, लेकिन रेस्तराँ तुरंत मेन्यू की कीमतें कम नहीं करता। कीमतें कुछ समय तक ऊँची रह सकती हैं।
स्थिति 1: माँग घट गई
लोग कम खरीदारी कर रहे हैं, लेकिन दुकानें अपनी कीमतें तुरंत कम नहीं करतीं।
स्थिति 2: कीमतें धीरे बदलती हैं
ग्राहकों की माँग और कीमतों के बीच असंतुलन बना रह सकता है। इससे उत्पादन और रोजगार प्रभावित हो सकते हैं।
2026 के नोबेल से इसका संबंध
माइकल वुडफोर्ड के आर्थिक मॉडल में कंपनियों के कीमत तय करने के निर्णय महत्वपूर्ण हैं। कंपनियाँ हर दिन कीमतें नहीं बदलतीं, क्योंकि ऐसा करना महँगा या व्यावहारिक रूप से कठिन हो सकता है। इसलिए कीमतें धीरे-धीरे बदलती हैं। इसे price stickiness कहते हैं।
इसका अर्थ है कि केंद्रीय बैंक की ब्याज दर में बदलाव का असर उत्पादन, माँग और महँगाई पर तुरंत नहीं, बल्कि समय के साथ पड़ सकता है। इसी वजह से नीति बनाते समय यह समझना आवश्यक है कि अर्थव्यवस्था में बदलाव कितनी तेजी से दिखाई देंगे
Forward Guidance क्या है?
इसका अर्थ है कि केंद्रीय बैंक भविष्य में ब्याज दरों और अपनी मौद्रिक नीति के बारे में जनता को स्पष्ट संकेत देता है, ताकि परिवार, कारोबार और निवेशक अपने फैसले बेहतर तरीके से ले सकें।
भारत में इसका संबंध भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) से है।
उदाहरण के लिए, मान लीजिए कि अर्थव्यवस्था में मंदी है और RBI संकेत देता है कि यदि महँगाई नियंत्रण में रहती है, तो वह कुछ समय तक ब्याज दरों को कम रख सकता है।
इस संकेत से लोगों और कंपनियों की भविष्य को लेकर सोच प्रभावित हो सकती है। RBI भविष्य की ब्याज दरों पर संकेत देता है. अतः परिवार और कंपनियाँ भविष्य की लागत का अनुमान लगाते हैं, जिससे खर्च, बचत और निवेश के फैसले प्रभावित होते हैं. इस प्रकार अर्थव्यवस्था को स्थिर करने में मदद मिल सकती है
यह प्रक्रिया अपने आप सफलता की गारंटी नहीं देती। इसका प्रभाव इस बात पर निर्भर करता है कि जनता केंद्रीय बैंक के संकेतों पर कितना भरोसा करती है और आर्थिक परिस्थितियाँ कैसी हैं।
2026 के नोबेल से इसका संबंध
वुडफोर्ड के शोध ने यह समझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई कि केंद्रीय बैंक केवल आज की ब्याज दर तय करके ही अर्थव्यवस्था को प्रभावित नहीं करता; भविष्य की नीति के बारे में उसकी विश्वसनीय सूचना भी मायने रखती है।
यदि लोग मानते हैं कि ब्याज दरें भविष्य में कम रहेंगी, तो वे आज ही घर खरीदने, निवेश करने या खर्च करने का निर्णय बदल सकते हैं। इसी तरह, यदि केंद्रीय बैंक महँगाई रोकने के लिए कठोर नीति का विश्वसनीय संकेत देता है, तो कंपनियाँ और परिवार भविष्य की कीमतों तथा लागतों के बारे में अपनी अपेक्षाएँ बदल सकते हैं।
नोट: भारत से जुड़े दो प्रमुख पुरस्कार विजेता:
- अमर्त्य सेन (1998): कल्याणकारी अर्थशास्त्र में योगदान के लिए।
- अभिजीत बनर्जी (2019): एस्थर डुफ्लो और माइकल क्रेमर के साथ वैश्विक गरीबी कम करने के प्रयोगात्मक दृष्टिकोण के लिए
Reference:
1. The Hindu






