EDU TERIA Logo
Sign InSign UpEnroll Now

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 2026 : डेयरी क्षेत्र की पूरी तस्वीर

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 2026 पर जानें भारत की डेयरी उपलब्धियां, बिहार का दुग्ध उत्पादन, श्वेत क्रांति 2.0, सरकारी योजनाएं और डेयरी क्षेत्र की चुनौतियां।

Written by Team EduTeria
Published: 27 November 2026•14 min read
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 2026 : डेयरी क्षेत्र की पूरी तस्वीर
Progress
0%
Aa

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 2026 : डेयरी क्षेत्र की पूरी तस्वीर

चर्चा में क्यों?

हाल ही में पशुपालन एवं डेयरी विभाग (DAHD) ने पटना, बिहार में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस मनाया। इस मौके पर राष्ट्रीय पुरस्कार भी दिए गए और डेयरी व पशुधन से जुड़ी कई नई पहलों की शुरुआत भी की गई हैं। उल्लेखनीय है कि बिहार में दुग्ध उत्पादन 2013-14 के 7.19 मिलियन मीट्रिक टन से बढ़कर 2025-26 में 13.76 मिलियन मीट्रिक टन हो गया है, जोकि लगभग 91 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय दुग्ध दिवस हर वर्ष 26 नवंबर को डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है, जिन्हें भारत में श्वेत क्रांति का जनक (Father of White Revolution) कहा जाता है। यह दिवस भारत को दूध की कमी वाले देश से विश्व का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश बनाने में डॉ. कुरियन के योगदान को याद करता है। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर देश के लाखों डेयरी किसानों, महिलाओं, सहकारी संस्थाओं और डेयरी क्षेत्र से जुड़े लोगों को सम्मानित किया जाता है। यह दिवस पोषण सुरक्षा, ग्रामीण आजीविका, किसान आय और भारत की डेयरी अर्थव्यवस्था में दूध की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित करता है।

भारत में दूध केवल पोषण का स्रोत नहीं है, बल्कि यह लाखों ग्रामीण परिवारों की आजीविका और कृषि अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण आधार भी है। पिछले एक दशक में भारत के डेयरी क्षेत्र ने उत्पादन, पशु उत्पादकता, सहकारी नेटवर्क, वैज्ञानिक प्रजनन और डेयरी अवसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस भारत की डेयरी उपलब्धियों के दो प्रमुख पहलुओं को सामने लाता है:

पोषण सुरक्षा: दूध उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन, कैल्शियम, मैग्नीशियम और पोटैशियम का स्रोत है, जो शरीर के विकास, हड्डियों के स्वास्थ्य और समग्र पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
ग्रामीण समृद्धि: डेयरी किसानों को नियमित आय, रोजगार और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा देती है।

श्वेत क्रांति: श्वेत क्रांति (जिसे ऑपरेशन फ्लड भी कहा जाता है) भारत में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और डेयरी सहकारी समितियों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का एक ऐतिहासिक अभियान है, जिसकी शुरुआत 1970 में डॉ. वर्गीज कुरियन के नेतृत्व में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) द्वारा की गई थी। इसने भारत को दूध की कमी वाले देश से बदलकर विश्व का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश बना दिया।

भारत में डेयरी क्षेत्र की उपलब्धियां एवं प्रमुख तथ्य

भारत लगातार विश्व का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश बना हुआ है। वैश्विक दुग्ध उत्पादन में भारत का योगदान लगभग एक-चौथाई है। पिछले दशक में भारत ने दूध उत्पादन और पशु उत्पादकता दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। वर्ष 2013-14 की तुलना में, देश के दुग्ध उत्पादन में लगभग 84 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

नोट- भारत अंडा उत्पादन में विश्व स्तर पर दूसरे और मांस उत्पादन में चौथे स्थान पर है।

दुग्ध उत्पादन में बिहार का स्थान और अन्य राज्य

बिहार दुग्ध उत्पादन में छठा स्थान रखता है। बिहार में दुग्ध उत्पादन 2013-14 के 7.19 मिलियन मीट्रिक टन से बढ़कर 2025-26 में 13.76 मिलियन मीट्रिक टन हो गया है, जोकि लगभग 91 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है। बिहार जैसे कृषि प्रधान राज्य के लिए इसे बड़ी उपलब्धि माना जाना चाहिए। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर वर्ष 2014–15 से 2024–25 के बीच दूध उत्पादन में 5.41% की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) दर्ज की गई।

2024-25 में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र, ये 5 राज्य मिलकर भारत के कुल दुग्ध उत्पादन में 54.09% का योगदान करते हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश 15.66%, राजस्थान 14.82%, मध्य प्रदेश 9.12%, गुजरात 7.78% और महाराष्ट्र 6.71% हिस्सेदारी रखते हैं।

प्रति व्यक्ति दुग्ध उपलब्धता

वहीं प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता वर्ष 2014-15 में 319 ग्राम प्रतिदिन से बढ़कर वर्ष 2024-25 में 485 ग्राम प्रतिदिन हो गई है। साथ ही गोवंशीय उत्पादकता में भी बड़ा सुधार हुआ है, जहाँ औसत वार्षिक दुग्ध उत्पादकता वर्ष 2014-15 में प्रति पशु 1,640 किग्रा से बढ़कर वर्ष 2024-25 में 2,800 किग्रा हो गई है। वैज्ञानिक पशुपालन, बेहतर पशु नस्ल, गुणवत्तापूर्ण चारा, पशु चिकित्सा सेवाओं और डेयरी अवसंरचना ने इस वृद्धि में योगदान दिया है।

दुग्ध का निर्यात और डेयरी क्षेत्र

निर्यात के मोर्चे पर भी भारत ने अच्छा प्रदर्शन किया है, जहाँ वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने लगभग 97,525 मीट्रिक टन डेयरी उत्पादों का निर्यात किया, जिनका मूल्य 407.12 मिलियन अमेरिकी डॉलर था और इसके प्रमुख खरीदार देश संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, अमेरिका, भूटान और बहरीन रहे। डेयरी क्षेत्र का सामाजिक-आर्थिक महत्त्व भी बहुत बड़ा है, क्योंकि यह 8.5 करोड़ ग्रामीण परिवारों को आजीविका देता है, जिसमें महिलाएँ डेयरी कार्यबल का लगभग 70% हिस्सा हैं और समावेशी ग्रामीण विकास में अहम भूमिका निभाती हैं।

राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) ने भारत में किसान-स्वामित्व वाली डेयरी संस्थाओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसकी पूर्ण स्वामित्व वाली गैर-लाभकारी सहायक कंपनी NDDB Dairy Services (NDDB-DS) दुग्ध उत्पादक संगठनों (MPOs) के गठन और संचालन में सहयोग करती है।

इस पूरे क्षेत्र को संभालने के लिए भारत का डेयरी सहकारी आंदोलन त्रि-स्तरीय संरचना पर चलता है, जिसमें गाँव-स्तरीय डेयरी सहकारी समितियाँ, ज़िला दुग्ध संघ और राज्य दुग्ध महासंघ शामिल हैं, जो दूध की खरीद, प्रसंस्करण और विपणन की सुविधा देते हैं।

इस नेटवर्क में 22 दुग्ध महासंघ, 241 ज़िला सहकारी दुग्ध संघ, 28 विपणन डेयरियाँ और 25 दुग्ध उत्पादक संगठन (MPO) शामिल हैं, जो लगभग 2.45 लाख गाँवों और 1.65 करोड़ डेयरी किसान सदस्यों को कवर करते हैं।

दुग्ध उत्पादक संगठन (MPO) क्या हैं?

MPO किसान-स्वामित्व वाली उत्पादक कंपनियां हैं, जो दुग्ध उत्पादकों को पेशेवर रूप से प्रबंधित संस्थाओं में संगठित करती हैं। MPO मॉडल विशेष रूप से महिला डेयरी किसानों को दूध विपणन, स्वामित्व और निर्णय लेने की प्रक्रिया में अधिक संस्थागत भागीदारी प्रदान करता है।

MPOs की उपलब्धियां और महिलाओं की भूमिकाएं

अब तक 25 MPOs सफलतापूर्वक स्थापित किए गए। इनमें से 18 MPOs में सभी सदस्य महिलाएं हैं। महिलाएं इन संगठनों के बोर्ड में उत्पादक निदेशक के रूप में कार्य करती हैं। 13 लाख से अधिक दुग्ध उत्पादक इन संगठनों से जुड़े हैं। 12 राज्यों के 175 जिलों में इनका विस्तार है। लगभग 78% दुग्ध उत्पादक महिलाएं हैं। ये संगठन प्रतिदिन लगभग 70 लाख लीटर दूध खरीदते हैं।

डेयरी क्षेत्र: ग्रामीण भारत और महिला सशक्तिकरण का आधार

डेयरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को आय का एक अतिरिक्त एवं अपेक्षाकृत नियमित स्रोत उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। डेयरी लगभग 8.5 करोड़ ग्रामीण परिवारों को आजीविका प्रदान करती है। महिलाएं पशुओं की देखभाल, चारा खिलाने, दूध निकालने और दूध संग्रह जैसे कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। भारत के डेयरी कार्यबल में लगभग 70% महिलाएं शामिल हैं।

कृषि की कई गतिविधियां मौसमी होती हैं, जबकि डेयरी किसानों को पूरे वर्ष अपेक्षाकृत नियमित आय प्राप्त करने का अवसर प्रदान करती है। यह महिलाओं को घरेलू आय में प्रत्यक्ष योगदान देने, ग्रामीण उद्यमों में भागीदारी बढ़ाने और सहकारी संस्थाओं के माध्यम से आर्थिक निर्णय लेने में भी मदद करती है।

भारत का डेयरी सहकारी मॉडल: गांव से बाजार तक

भारत की डेयरी सफलता का एक प्रमुख आधार उसका सहकारी मॉडल है, जो छोटे और व्यक्तिगत दुग्ध उत्पादकों को संगठित बाजार से जोड़ता है। इस प्रणाली में किसान गांव स्तर की डेयरी सहकारी समितियों को दूध उपलब्ध कराते हैं। ये समितियां जिला दुग्ध संघों और राज्य स्तरीय डेयरी संघों से जुड़ी होती हैं, जो दूध की खरीद, प्रसंस्करण, विपणन और अन्य डेयरी सेवाओं में सहयोग करती हैं।

डेयरी सहकारी मॉडल: दुग्ध उत्पादक किसान → ग्राम स्तरीय डेयरी सहकारी समिति → जिला दुग्ध संघ → राज्य दुग्ध महासंघ → उपभोक्ता । यह नेटवर्क ग्रामीण दुग्ध उत्पादकों और संगठित डेयरी बाजारों के बीच एक संस्थागत संबंध स्थापित करता है।

डेयरी क्षेत्र और चक्रीय अर्थव्यवस्था: कचरे से कमाई तक

डेयरी क्षेत्र अब केवल दूध उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें टिकाऊ विकास, संसाधनों के कुशल उपयोग और पर्यावरण अनुकूल प्रथाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है। श्वेत क्रांति 2.0 डेयरी मूल्य श्रृंखला में जलवायु-अनुकूल प्रथाओं, नवीकरणीय ऊर्जा, कम उत्सर्जन और संसाधनों के पुनः उपयोग को प्रोत्साहित करती है। इसका एक महत्वपूर्ण विचार ‘कचरे से संपदा’ (Waste to Wealth) है, जिसके अंतर्गत गोबर और कृषि अवशेषों को बायोगैस, जैविक खाद तथा मूल्यवर्धित जैव-उर्वरकों में परिवर्तित किया जाता है।

भारत में डेयरी क्षेत्र के विकास के लिए किए गए सरकारी पहलें

दो बहु-राज्य सहकारी पहलें

कोऑपरेटिव इनपुट एंड सर्विस डिलीवरी मल्टी-स्टेट लिमिटेड:इसका उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि एवं पशुपालन संबंधी इनपुट और सेवाएं प्रदान करना है, जैसे: पशु चारा, रोग नियंत्रण सेवाएं, कृत्रिम गर्भाधान, अन्य पशुपालन संबंधी सेवाएं
गोमय सहकारी समिति मल्टी-स्टेट लिमिटेड:यह संस्था गोबर के वैज्ञानिक प्रबंधन और उपयोग पर ध्यान केंद्रित करती है, जिससे जैविक अपशिष्ट को उपयोगी संसाधनों में बदला जा सके। ये पहलें ऐसी अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देती हैं, जिसमें कृषि एवं पशुपालन अपशिष्ट को फेंकने के बजाय उपयोगी संसाधनों में परिवर्तित किया जाता है।

गोबरधन योजना: जैविक अपशिष्ट से स्वच्छ ऊर्जा

गोबरधन (GOBARdhan) पहल पशुओं के गोबर और कृषि अपशिष्ट को बायोगैस, जैविक खाद तथा अन्य उपयोगी उत्पादों में परिवर्तित करने को प्रोत्साहित करती है। इसे मूल रूप से वर्ष 2018 में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य ग्रामीण स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देना है। वर्ष 2026 में इस पहल को राष्ट्रीय चक्रीय जैव-ऊर्जा योजना (National Circular Bioenergy Scheme) के माध्यम से व्यापक प्रोत्साहन दिया गया।

राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम (NPDD):  राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम (NPDD) का उद्देश्य देशभर में दूध उत्पादन बढ़ाना, दूध की गुणवत्ता सुधारना और डेयरी अवसंरचना को मजबूत करना है। यह कार्यक्रम डेयरी मूल्य श्रृंखला के विभिन्न चरणों को समर्थन प्रदान करता है, जिनमें दूध खरीद, शीतलन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, विपणन और गुणवत्ता परीक्षण शामिल हैं।

इस योजना के तहत घटक A संगठित दूध खरीद, गाँव स्तर पर कोल्ड चेन, दूध की जाँच और प्रसंस्करण जैसे बुनियादी ढाँचे को मज़बूत करता है, जिसमें खास तौर पर पूर्वोत्तर क्षेत्र, पहाड़ी क्षेत्रों और केंद्रशासित प्रदेशों पर ध्यान दिया गया है। वहीं घटक B, यानी सहकारी समितियों के माध्यम से डेयरी विकास, उत्पादक-स्वामित्व वाली संस्थाओं, प्रसंस्करण और विपणन के बुनियादी ढाँचे तथा किसानों की संगठित बाज़ारों तक पहुँच को मज़बूत करता है, और इसे फिलहाल नौ राज्यों में लागू किया जा रहा है।

राष्ट्रीय गोकुल मिशन (RGM); राष्ट्रीय गोकुल मिशन (RGM) दिसंबर 2014 में स्वदेशी गोवंशीय नस्लों के संरक्षण, वैज्ञानिक विकास और उत्पादकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। इस मिशन का उद्देश्य पशुओं की आनुवंशिक गुणवत्ता में सुधार करना, दूध उत्पादन बढ़ाना और स्वदेशी नस्लों की उत्पादकता को बेहतर बनाना है। मार्च 2025 में इस योजना को संशोधित किया गया, जिसमें प्रजनन अवसंरचना को मजबूत करने और आधुनिक प्रजनन तकनीकों तक किसानों की पहुंच बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

यह योजना कृत्रिम गर्भाधान, लिंग-वर्गीकृत वीर्य, इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF) तथा प्रजनन से जुड़े बुनियादी ढाँचे को मज़बूत करने पर भी ज़ोर देती है। इसी के तहत ग्रामीण भारत में 50,000 से अधिक बहुउद्देशीय कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियनों (MAITRIs) को प्रशिक्षित और सुसज्जित किया गया है, 24 IVF प्रयोगशालाएँ स्थापित की गई हैं तथा 32 बछिया पालन केंद्रों को मंज़ूरी दी गई है।

राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार : राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार वर्ष 2021 से राष्ट्रीय गोकुल मिशन (RGM) के तहत प्रतिवर्ष प्रदान किए जा रहे हैं, और ये पशुधन और डेयरी क्षेत्र में दिए जाने वाले सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मानों में गिने जाते हैं। इन पुरस्कारों में तीन श्रेणियों में उत्कृष्टता को सम्मानित किया जाता है जैसे स्वदेशी मवेशी या भैंस की नस्लों का पालन करने वाले डेयरी किसान, कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन, तथा डेयरी सहकारी समितियाँ / दुग्ध उत्पादक कंपनियाँ / डेयरी किसान उत्पादक संगठन। साथ ही प्रत्येक श्रेणी में पूर्वोत्तर क्षेत्र और हिमालयी राज्यों के विजेताओं को विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम (NAIP): राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम का उद्देश्य कृत्रिम गर्भाधान का दायरा बढ़ाना और किसानों के घर तक गुणवत्तापूर्ण प्रजनन सेवाएं पहुंचाना है। यह कार्यक्रम उच्च आनुवंशिक क्षमता वाले बैलों के वीर्य का उपयोग करने को प्रोत्साहित करता है, जिसमें स्वदेशी नस्लों के वीर्य को भी शामिल किया जाता है। कृत्रिम गर्भाधान पशुओं की नस्ल सुधारने, दूध उत्पादकता बढ़ाने और ग्रामीण किसानों तक वैज्ञानिक प्रजनन सेवाएं पहुंचाने में मदद करता है।

पशुपालन अवसंरचना विकास कोष (AHIDF): पशुपालन अवसंरचना विकास कोष (AHIDF) आधुनिक डेयरी प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और शीत-श्रृंखला (Cold Chain) अवसंरचना में निवेश को बढ़ावा देता है। यह निजी क्षेत्र और सहकारी संस्थाओं को डेयरी मूल्य श्रृंखला के विकास के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करता है।

भारत पशुधन डेटा बेस: पशुधन प्रबंधन का डिजिटल परिवर्तन

भारत पशुधन क्षेत्र में डिजिटल तकनीक का उपयोग पशुओं की पहचान, रोग निगरानी, प्रजनन रिकॉर्ड और पशु चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कर रहा है। पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के सहयोग से भारत पशुधन डेटाबेस विकसित किया है। इस प्रणाली के अंतर्गत पंजीकृत पशुओं की पहचान एक विशिष्ट 12-अंकीय ईयर-टैग नंबर के माध्यम से की जाती है, जिसे ‘पशु आधार’ (Pashu Aadhaar) कहा जाता है।

यह पशुओं से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का डिजिटल रिकॉर्ड रखने में मदद करता है, जैसे: टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान एवं प्रजनन, पशु चिकित्सा उपचार, पशु स्वास्थ्य रिकॉर्ड, अन्य पशुधन संबंधी गतिविधियां

श्वेत क्रांति 2.0: भारत का डेयरी सहकारी आंदोलन अब श्वेत क्रांति 2.0 (White Revolution 2.0) के माध्यम से एक नए चरण में प्रवेश कर रहा है। यह सहकारी नेतृत्व वाली पहल 25 दिसंबर 2024 को औपचारिक रूप से शुरू की गई। इसका उद्देश्य ऐसे गांवों और पंचायतों में डेयरी सहकारी समितियों का विस्तार करना है, जहां अभी तक इनका नेटवर्क उपलब्ध नहीं है, साथ ही मौजूदा समितियों को मजबूत बनाना है।

श्वेत क्रांति 2.0 के प्रमुख उद्देश्य

  • अगले पाँच वर्षों में डेयरी सहकारी समितियों द्वारा दूध खरीद में 50% वृद्धि करना।
  • ग्रामीण क्षेत्रों में डेयरी सहकारी नेटवर्क का विस्तार करना।
  • डेयरी किसानों की बाजार तक पहुंच बेहतर बनाना।
  • ग्रामीण रोजगार के अवसर बढ़ाना।
  • महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना।
  • सहकारी संस्थाओं और दूध खरीद प्रणालियों को मजबूत करना।

इस पहल के अंतर्गत प्रस्तावित गतिविधियों को राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम (NPDD) के माध्यम से वित्तपोषित किया जाता है।

भारत के डेयरी उत्पादों का वैश्विक बाजार में विस्तार

भारत का डेयरी क्षेत्र केवल घरेलू मांग को पूरा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी उपस्थिति बढ़ा रहा है। भारतीय डेयरी उत्पादों का कई देशों में निर्यात किया जाता है, जो देश के डेयरी उद्योग की बढ़ती वैश्विक पहुंच को दर्शाता है। वर्ष 2025–26 में डेयरी निर्यात प्रदर्शन 97,524.82 मीट्रिक टन रहा है, वहीं निर्यात आय 407.12 मिलियन अमेरिकी डॉलर रहा है।

संयुक्त अरब अमीरात (UAE), सऊदी अरब, अमेरिका, भूटान, बहरीन। डेयरी निर्यात के विस्तार से मूल्य संवर्धन, अंतरराष्ट्रीय व्यापार और भारतीय डेयरी उत्पादों की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के अवसर पैदा होते हैं।

भारत के डेयरी क्षेत्र की प्रमुख चुनौतियां

उल्लेखनीय वृद्धि के बावजूद भारत के डेयरी क्षेत्र को कई संरचनात्मक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

1. पशुओं की कम उत्पादकता: विभिन्न नस्लों और क्षेत्रों में दूध उत्पादकता असमान है। आनुवंशिक सुधार, बेहतर पोषण और वैज्ञानिक प्रजनन की आवश्यकता है।

2. चारा एवं पशु आहार की उपलब्धता: गुणवत्तापूर्ण चारा, संतुलित पशु आहार और सस्ते खाद्य संसाधनों की उपलब्धता किसानों के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है।

3. पशु रोग: खुरपका-मुंहपका रोग और ब्रुसेलोसिस जैसे रोग दूध उत्पादन को प्रभावित करते हैं और किसानों को आर्थिक नुकसान पहुंचा सकते हैं।

4. डेयरी अवसंरचना की कमी: कई ग्रामीण क्षेत्रों में दूध शीतलन, प्रसंस्करण और भंडारण सुविधाओं की कमी के कारण दूध की बर्बादी होती है तथा संगठित बाजारों तक पहुंच सीमित रहती है।

5. जलवायु परिवर्तन: बढ़ता तापमान, जल संकट और मौसम में बदलाव पशुओं के स्वास्थ्य, चारे की उपलब्धता और दूध उत्पादन को प्रभावित कर सकते हैं।

6. छोटे एवं सीमांत डेयरी किसान: कई किसान छोटे स्तर पर डेयरी व्यवसाय करते हैं। उन्हें ऋण, पशु चिकित्सा सेवाओं, तकनीक, बीमा और संगठित बाजारों तक बेहतर पहुंच की आवश्यकता है।

निष्कर्ष

भारत की डेयरी सफलता लाखों किसानों, महिलाओं, सहकारी संस्थाओं और विभिन्न संस्थानों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। गांवों के दूध संग्रह केंद्रों से लेकर आधुनिक प्रसंस्करण संयंत्रों तक, डेयरी क्षेत्र ग्रामीण विकास, पोषण सुरक्षा और आर्थिक वृद्धि का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बन चुका है।

सहकारी नेटवर्क का विस्तार, वैज्ञानिक प्रजनन, पशु स्वास्थ्य सेवाएं, डिजिटल पशुधन रिकॉर्ड, नवीकरणीय ऊर्जा और डेयरी अवसंरचना पर बढ़ता जोर इस क्षेत्र को अधिक उत्पादक एवं टिकाऊ बनाने में मदद कर रहा है।

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस केवल दूध उत्पादन की उपलब्धियों का उत्सव नहीं है, बल्कि उन किसानों के अथक प्रयासों को सम्मान देने का अवसर है, जिनकी मेहनत देश के करोड़ों लोगों का पोषण करती है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करती है।

Reference:

  1. PIB
  2. PIB

Comments

Loading comments...

Related Articles

भारत की आर्थिक संवृद्धि पर उठते सवाल
Economy

भारत की आर्थिक संवृद्धि पर उठते सवाल

भारत में रोजगार विहीन संवृद्धि और बढ़ती आय असमानता के कारण, प्रमुख रिपोर्टों के निष्कर्ष, कॉरपोरेट मुनाफे व वेतन के बीच अंतर और समावेशी विकास के मुद्दों को समझे

Read morearrow_forward
सौर ऊर्जा: भारत के हरित भविष्य का आधार
Economy

सौर ऊर्जा: भारत के हरित भविष्य का आधार

भारत में सौर ऊर्जा की 175 GW क्षमता, प्रमुख सोलर पार्क, पीएम सूर्य घर, पीएम-कुसुम योजना और 2030 के स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों की जानकारी प्राप्त करें।

Read morearrow_forward
डिजिटल विभाजन: ग्रामीण भारत की चुनौती
Economy

डिजिटल विभाजन: ग्रामीण भारत की चुनौती

भारत में डिजिटल डिवाइड के कारण, ग्रामीण इंटरनेट कनेक्टिविटी की स्थिति, लैंगिक असमानता, भारतनेट और डिजिटल समावेशन के प्रमुख उपाय जानें।

Read morearrow_forward

Suggested Courses

Trending
Titan Plus Batch 2
BPSC CCE

Titan Plus Batch 2

Trending
Titan Batch 2
BPSC CCE

Titan Batch 2