भारत-नेपाल संबंध: बाढ़ राहत से रणनीतिक साझेदारी तक
यह टॉपिक UPSC एवं BPSC परीक्षाओं में क्रमशः सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 2 में अंतर्राष्ट्रीय संबंध विषय और सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 1 के खण्ड ख के राष्ट्रीय/ अंतर्राष्ट्रीय विषय से जुड़ा है
चर्चा में क्यों?
अभी हाल ही में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा के दौरान 23 नवंबर को भारत ने नेपाल को बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई, पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास में सहायता देने के लिए ₹15,000 करोड़ का विकास सहायता पैकेज देने की घोषणा की। गौरतलब है कि अगस्त 2026 में नेपाल में भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ से जान-माल और बुनियादी ढाँचे को भारी नुकसान हुआ था।
भारत की सहायता का उद्देश्य केवल बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का पुनर्निर्माण करना नहीं, बल्कि नेपाल की भविष्य में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की क्षमता को मजबूत करना भी है।
दोस्तों, कहा जाता है कि भारत-नेपाल के बीच रोटी-बेटी का संबंध है यानी नेपाल के साथ भारत के पारिवारिक संबंध तक जुड़े दिखते हैं. इसके बावजूद कई ऐसे मुद्दे हैं जिन्हें लेकर दोनों देशों के बीच रस्साकशी होती रही है. महत्त्वपूर्ण बात यह है कि भारत के लिए नेपाल के महत्त्व को कमतर करके नहीं आंका जा सकता.
आइये एस ब्लॉग के जरिजे भारत-नेपाल संबंध के आयामों को विस्तार से समझते हैं.
सबसे पहले हालिया प्रगति को एक नजर देख लेते हैं:
₹15,000 करोड़ के सहायता पैकेज के प्रमुख बिंदु
भारत ने नेपाल को कुल ₹15,000 करोड़ की विकास सहायता देने की घोषणा की है, जिसमें ₹11,500 करोड़ रियायती ऋण (Concessional Line of Credit) के रूप में दिए जाएंगे, जिसका उपयोग ऊर्जा परियोजनाओं सहित विभिन्न विकास कार्यों में किया जाएगा, जबकि ₹3,500 करोड़ प्रत्यक्ष अनुदान (Direct Grants) के रूप में प्रदान किए जाएंगे, जिसका उपयोग बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण तथा बुनियादी ढाँचे के विकास के लिए किया जाएगा। इस सहायता का उद्देश्य नेपाल को आपदा से उबरने के साथ-साथ दीर्घकालिक विकास में सहयोग देना है।
रियायती ऋण क्या होता है? : यह ऐसा ऋण होता है जो सामान्य बाजार दर की तुलना में कम ब्याज दर, लंबी भुगतान अवधि या अन्य अनुकूल शर्तों पर दिया जाता है।
उदाहरण के लिए, यदि नेपाल को किसी जलविद्युत परियोजना के निर्माण के लिए भारत से कम ब्याज पर ऋण मिलता है, तो नेपाल उस धन से परियोजना विकसित कर सकता है और निर्धारित शर्तों के अनुसार बाद में भुगतान कर सकता है।
प्रत्यक्ष अनुदान क्या होता है?
अनुदान ऐसी वित्तीय सहायता होती है जिसे सामान्यतः ऋण की तरह वापस नहीं करना पड़ता। इसका उपयोग बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों, पुलों, आवासों और अन्य बुनियादी सुविधाओं के पुनर्निर्माण में किया जा सकता है।
इस प्रकार, पैकेज में ऋण और अनुदान दोनों को शामिल करके तत्काल पुनर्निर्माण तथा दीर्घकालिक विकास पर ध्यान दिया गया है।
अब समझते हैं दोनों देशों के बीच के संबंधों के ताने-बाने को .
भारत-नेपाल संबंधों की ऐतिहासिक एवं भौगोलिक पृष्ठभूमि
भारत और नेपाल के संबंध केवल दो पड़ोसी देशों के संबंध नहीं हैं, बल्कि ये ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, आर्थिक और सामाजिक संबंधों पर आधारित हैं।
(क) भौगोलिक महत्त्व
मानचित्र में अगर आप देखें तो नेपाल भारत के उत्तर में स्थित एक स्थलरुद्ध देश है। नेपाल की सीमा भारत के पाँच राज्यों उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम से लगती है। नेपाल की उत्तरी सीमा चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र से लगती है। भारत और नेपाल के बीच लगभग 1,751 किलोमीटर लंबी खुली सीमा है।
नेपाल हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण भारत की सुरक्षा के लिहाज से महत्त्वपूर्ण है। इसके अलावा नेपाल की नदियाँ भारत के गंगा नदी बेसिन में जल की आपूर्ति करती हैं। नेपाल की जलविद्युत क्षमता भारत की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में योगदान दे सकती है। नेपाल भारत और चीन के बीच स्थित होने के कारण भारत की उत्तरी सामरिक एवं कूटनीतिक रणनीति में महत्त्वपूर्ण स्थान रखता है। नेपाल के माध्यम से भारत को हिमालयी क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन और क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाने का अवसर मिलता है।
(ख) ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंध
भारत और नेपाल के बीच प्राचीन काल से ही धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंध रहे हैं। उदाहरण के लिए, नेपाल के जनकपुर को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है, जिसका अयोध्या से गहरा धार्मिक संबंध है। नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर भगवान शिव को समर्पित है और भारतीय श्रद्धालुओं के लिए भी अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। इसी प्रकार, नेपाल का लुंबिनी भगवान बुद्ध की जन्मस्थली है, जबकि भारत के बिहार में स्थित बोधगया वह स्थान है, जहाँ भगवान बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ था।
इस प्रकार, बौद्ध और हिंदू धार्मिक परंपराएँ दोनों देशों के लोगों को जोड़ती हैं।
(ग) भारत-नेपाल के बीच खुली सीमा
भारत और नेपाल के संबंधों की एक विशिष्ट विशेषता दोनों देशों के बीच खुली सीमा है।
इसका अर्थ है कि दोनों देशों के नागरिक सामान्यतः बिना पासपोर्ट और वीजा के एक-दूसरे के देश में आ-जा सकते हैं।
भारत और नेपाल के बीच खुली सीमा होने से व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है तथा दोनों देशों के नागरिकों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ते हैं।
इसके साथ ही, यह व्यवस्था परिवारों और रिश्तेदारों के बीच संपर्क बनाए रखने, धार्मिक पर्यटन एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में सामाजिक और आर्थिक एकीकरण को मजबूत करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
हालाँकि, भारत और नेपाल के बीच खुली सीमा से जहाँ व्यापार, रोजगार और लोगों के आवागमन को बढ़ावा मिलता है, वहीं इसके दुरुपयोग की आशंका भी बनी रहती है।
इसके माध्यम से मानव तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी, नकली मुद्रा के प्रसार तथा अन्य अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है। इसके अलावा, आतंकवादी गतिविधियों के लिए भी खुली सीमा का दुरुपयोग किए जाने की आशंका रहती है।
इसलिए दोनों देशों के बीच खुली सीमा को बनाए रखते हुए बेहतर सीमा प्रबंधन और सुरक्षा सहयोग आवश्यक है।
दोस्तों, भारत और नेपाल के आधुनिक द्विपक्षीय संबंधों का एक प्रमुख आधार 31 जुलाई 1950 को हस्ताक्षरित भारत-नेपाल शांति एवं मैत्री संधि है।
इस संधि का उद्देश्य दोनों देशों के बीच शांति, मित्रता और सहयोग को बढ़ावा देना था।
संधि के प्रमुख प्रावधान निम्नलिखित थे:
- दोनों देशों के बीच स्थायी शांति और मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखना।
- एक-दूसरे की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करना।
- दोनों देशों के नागरिकों को आर्थिक गतिविधियों, निवास, संपत्ति और अन्य विषयों में विशेष सुविधाएँ प्रदान करने का आधार तैयार करना।
- दोनों देशों के बीच सुरक्षा संबंधी सहयोग को बढ़ावा देना।
ऐसे में सवाल है कि 1950 की संधि पर विवाद क्यों है?
समय के साथ नेपाल में इस संधि के कुछ प्रावधानों को लेकर असंतोष सामने आया है। इसे बिन्दुवार समझते हैं।
नेपाल में कुछ राजनीतिक दलों और विश्लेषकों का मानना है कि:
- यह संधि नेपाल की बदलती राजनीतिक और आर्थिक परिस्थितियों के अनुरूप नहीं है।
- इसके कुछ प्रावधान नेपाल की विदेश नीति की स्वतंत्रता और संप्रभुता से संबंधित चिंताएँ उत्पन्न करते हैं।
- संधि की समीक्षा करके इसे अधिक समानता और पारस्परिक सम्मान पर आधारित बनाया जाना चाहिए।
भारत की ओर से भी समय-समय पर संधि की समीक्षा के लिए बातचीत की इच्छा जतायी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने अपनी संयुक्त दृष्टि (Joint Vision) में सहमति व्यक्त की है कि 1950 की संधि सहित मौजूदा द्विपक्षीय समझौतों की समीक्षा आपसी सहमति के आधार पर की जा सकती है।
यह भारत-नेपाल संबंधों को वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम है।
अब भारत-नेपाल के बीच संबंधों को विविध आयामों से समझा जाना चाहिए ताकि हर पक्ष स्पष्ट हो सके।
भारत-नेपाल संबंधों के प्रमुख आयाम
(क) राजनीतिक एवं कूटनीतिक संबंध
भारत और नेपाल के बीच उच्चस्तरीय राजनीतिक यात्राएँ और नियमित वार्ताएँ होती रहती हैं। दोनों देश विभिन्न द्विपक्षीय तंत्रों के माध्यम से व्यापार, सुरक्षा, जल संसाधन और सीमा संबंधी मुद्दों पर बातचीत करते हैं। भारत की 'प्रथम पड़ोस की नीति ' में नेपाल को विशेष स्थान प्राप्त है। भारत नेपाल के लोकतांत्रिक और आर्थिक विकास में सहयोग करता रहा है।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने 22–23 नवंबर 2026 को भारत की राजकीय यात्रा की। पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा थी।
इस दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने 'Viksit Bharat and Samunnat Nepal: Re-imagining the Partnership' नामक संयुक्त दृष्टि दस्तावेज अपनाया।
इसका उद्देश्य भारत और नेपाल के बीच सहयोग को नई राजनीतिक, आर्थिक और तकनीकी परिस्थितियों के अनुरूप विकसित करना है।
(ख) आर्थिक एवं व्यापारिक संबंध
भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक और निवेश भागीदार है।
भारत और नेपाल के बीच पेट्रोलियम उत्पाद, बिजली और जलविद्युत, खाद्य पदार्थ एवं कृषि उत्पाद , दवाइयाँ और स्वास्थ्य संबंधी उत्पाद जैसे व्यापार के प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं ।
वित्त वर्ष 2025–26 में दोनों देशों के बीच वस्तुओं का व्यापार लगभग 9.38 अरब अमेरिकी डॉलर था। यह नेपाल के कुल बाहरी वस्तु व्यापार का 60% से अधिक था।
नेपाल के लिए भारत का महत्त्व निम्न बिन्दुओं से समझा जा सकता है:
- भारत नेपाल के लिए सबसे बड़ा बाजार है।
- भारत के माध्यम से नेपाल को समुद्री बंदरगाहों(कोलकाता बंदरगाह (पश्चिम बंगाल), हल्दिया बंदरगाह (पश्चिम बंगाल), विशाखापत्तनम बंदरगाह (आंध्र प्रदेश) तक पहुँच मिलती है।
- नेपाल को पेट्रोलियम उत्पादों और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में भारत की प्रमुख भूमिका है।
- भारतीय निवेश से नेपाल में उद्योग, बैंकिंग, पर्यटन और ऊर्जा क्षेत्र को बढ़ावा मिलता है।
वहीं भारत के लिए नेपाल का महत्त्व इन आधारों पर देख सकते हैं
1. नेपाल भारत के लिए जलविद्युत ऊर्जा का महत्त्वपूर्ण स्रोत बन सकता है।
- नेपाल के साथ व्यापार से सीमावर्ती भारतीय राज्यों की अर्थव्यवस्था को लाभ मिलता है।
- नेपाल के माध्यम से भारत को हिमालयी पर्यटन और क्षेत्रीय संपर्क के अवसर प्राप्त होते हैं।
- नेपाल के साथ आर्थिक सहयोग से दक्षिण एशिया में क्षेत्रीय आर्थिक एकीकरण को बढ़ावा मिलता है।
(ग) ऊर्जा एवं जलविद्युत सहयोग
नेपाल में नदियों और पर्वतीय भूभाग के कारण जलविद्युत उत्पादन की काफी संभावनाएँ हैं। दूसरी ओर, भारत की बढ़ती ऊर्जा माँग के कारण नेपाल के साथ विद्युत व्यापार दोनों देशों के लिए महत्त्वपूर्ण है।
भारत नेपाल की जलविद्युत परियोजनाओं में निवेश करता है। वहीं नेपाल भारत को बिजली का निर्यात करता है। दोनों देशों के बीच सीमा पार विद्युत पारेषण लाइनों का विकास किया जा रहा है। इसके अलावा पंचेश्वर बहुउद्देशीय परियोजना और अरुण नदी से संबंधित परियोजनाओं पर सहयोग जारी है।
भारत-नेपाल विद्युत व्यापार समझौते (2014) के तहत नेपाल द्वारा भारत को 10,000 मेगावाट तक बिजली निर्यात करने की परिकल्पना की गई है।
वर्तमान में इनरुवा (नेपाल)-न्यू पूर्णिया (भारत) तथा दोधारा (नेपाल)-बरेली (भारत) विद्युत पारेषण लाइनों के लिए संयुक्त उद्यम विकसित करने की दिशा में प्रगति हुई है। दोनों देशों ने पंचेश्वर तथा सप्तकोशी-सुनकोशी बहुउद्देशीय परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। भारत ने नेपाल में जलविद्युत और पारेषण बुनियादी ढाँचे में निवेश को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
(घ) संपर्क एवं परिवहन सहयोग
भारत और नेपाल के बीच भौगोलिक निकटता के बावजूद परिवहन एवं संपर्क सुविधाओं का विकास आर्थिक सहयोग के लिए आवश्यक है। दोनों देशों से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं के बारे में चर्चा करें तो इनमें शामिल हैं :
- जयनगर-जनकपुर-कुर्था रेल संपर्क: बिहार और नेपाल के बीच रेल संपर्क को बढ़ावा देता है।
- रक्सौल-काठमांडू रेल परियोजना: दोनों देशों के आर्थिक केंद्रों के बीच संपर्क विकसित करने की प्रस्तावित परियोजना।
- मोतीहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन: भारत से नेपाल तक पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति को आसान बनाती है।
- एकीकृत चेक पोस्ट (ICP): सीमा पर व्यापार, आव्रजन और माल परिवहन की प्रक्रिया को सरल बनाते हैं।
हालिया घोषणा में अयोध्या और जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ किया गया है। इसके अलावा उत्तराखंड के बनबसा में नए एकीकृत चेक पोस्ट की आधारशिला रखी गई है। भारत और नेपाल के बीच धारचूला और दार्चुला को जोड़ने वाले नए मोटर योग्य पुल का उद्घाटन किया गया। साथ ही नेपाल के पारगमन व्यापार के लिए गुजरात स्थित दीनदयाल बंदरगाह (कांडला) तक नई सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है।
स्थलरुद्ध देश होने के कारण नेपाल की समुद्री बंदरगाहों तक बेहतर पहुँच उसके अंतरराष्ट्रीय व्यापार की लागत कम करने और आर्थिक विकास को गति देने में सहायक हो सकती है।
(ड़) सुरक्षा एवं रक्षा सहयोग
भारत और नेपाल के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग लंबे समय से चला आ रहा है।
इसके प्रमुख आयाम हैं:
- दोनों देशों की सेनाओं के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास 'सूर्य किरण'।
- सैन्य प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण।
- सीमा पार अपराधों को रोकने के लिए सहयोग।
- आतंकवाद और संगठित अपराध से संबंधित सूचनाओं का आदान-प्रदान।
- आपदा के समय सैन्य और मानवीय सहायता।
भारत और नेपाल के बीच खुली सीमा होने के कारण सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय विशेष रूप से आवश्यक है।
(च) शिक्षा, स्वास्थ्य और जन-से-जन संबंध
भारत और नेपाल के बीच सामाजिक संबंधों की गहराई दोनों देशों के संबंधों को विशेष स्वरूप प्रदान करती है।
- नेपाल के विद्यार्थी भारत में उच्च शिक्षा प्राप्त करते हैं।
- भारतीय नागरिक नेपाल में धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के लिए जाते हैं।
- दोनों देशों के नागरिकों के बीच पारिवारिक एवं वैवाहिक संबंध भी हैं।
- भारत नेपाल को स्वास्थ्य, शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहायता प्रदान करता है।
नवंबर 2026 की यात्रा के दौरान दोनों देशों ने शिक्षा, अनुसंधान, अंतरिक्ष संचार, स्वास्थ्य, पारंपरिक चिकित्सा, सतत शहरी विकास तथा कृषि और पशुपालन जैसे क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए समझौते किए। भारत ने नेपाल में IIT परिसर स्थापित करने पर भी सहमति व्यक्त की।
भारत-नेपाल संबंधों में प्रमुख चुनौतियाँ
भारत और नेपाल के बीच गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध होने के बावजूद कुछ ऐसे मुद्दे हैं, जो द्विपक्षीय संबंधों को प्रभावित करते हैं। आइये इन्हें एक-एक कर समझते हैं:
(क) सीमा विवाद
भारत और नेपाल के बीच सीमा विवाद एक संवेदनशील मुद्दा है।
मुख्य रूप से दो क्षेत्र चर्चा में रहते हैं:
1. कालापानी-लिपुलेख-लिम्पियाधुरा विवाद
- यह क्षेत्र भारत, नेपाल और चीन के त्रि-जंक्शन के निकट स्थित है।
- नेपाल इस क्षेत्र को अपने क्षेत्र का हिस्सा मानता है।
- भारत का इस क्षेत्र पर प्रशासनिक नियंत्रण है और वह नेपाल के दावे को स्वीकार नहीं करता।
- नेपाल ने 2020 में नया राजनीतिक मानचित्र जारी किया था, जिसमें कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा को अपने क्षेत्र में दिखाया गया था।

2. सुस्ता विवाद
- सुस्ता क्षेत्र बिहार के पश्चिम चंपारण के निकट स्थित है।
- गंडक/नारायणी नदी के प्रवाह में परिवर्तन के कारण इस क्षेत्र में सीमा निर्धारण को लेकर विवाद रहा है।
समाधान का रास्ता:
- दोनों देशों को ऐतिहासिक दस्तावेजों और मानचित्रों के आधार पर सीमा विवाद का समाधान करना चाहिए।
- सीमा संबंधी तकनीकी समितियों और द्विपक्षीय वार्ता को प्रभावी बनाना चाहिए।
- विवादित क्षेत्रों में एकतरफा कार्रवाई से बचना चाहिए।
भारत और नेपाल ने सभी लंबित सीमा संबंधी मुद्दों को बातचीत और आपसी सहमति के आधार पर सुलझाने तथा सीमा विवादों के प्रति आगे की ओर देखने वाला (Forward-looking) दृष्टिकोण अपनाने की बात कही है।
(ख) चीन का बढ़ता प्रभाव
नेपाल की भौगोलिक स्थिति उसे भारत और चीन दोनों के लिए महत्त्वपूर्ण बनाती है। पिछले कुछ वर्षों में चीन ने नेपाल में अपना आर्थिक और रणनीतिक प्रभाव बढ़ाने के प्रयास किए हैं। बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (BRI) के अंतर्गत सहयोग, सड़क और रेल संपर्क विकसित करने की योजनाएँ, बुनियादी ढाँचे में निवेश से चीन ने नेपाल में अपना प्रभाव बढाया है.
ऐसे में भारत के लिए चिंता के विषय उभरते हैं क्योंकि नेपाल में चीन की बढ़ती रणनीतिक उपस्थिति भारत के लिए विचारणीय हो जाती है. इससे हिमालयी क्षेत्र में भारत की सुरक्षा संबंधी चुनौतियाँ बढ़ सकती हैं. नेपाल के बुनियादी ढाँचे में चीन की भागीदारी से रणनीतिक चिंताएँ उपस्थित होती हैं.
हालाँकि, यह समझना आवश्यक है कि नेपाल एक संप्रभु देश है और उसे अपनी विदेश नीति में विविध देशों के साथ संबंध विकसित करने का अधिकार है।
इन स्थितियों में भारत के लिए जरूरी है कि नेपाल के साथ सम्मान, समानता और पारस्परिक लाभ पर आधारित संबंध विकसित किया जाए , ताकि दोनों देशों के बीच विश्वास मजबूत हो।
(ग) 2015 की आर्थिक नाकेबंदी से उत्पन्न अविश्वास
2015 में नेपाल में नए संविधान को लेकर राजनीतिक असंतोष और मधेशी समुदाय के विरोध के बीच भारत-नेपाल सीमा पर माल की आवाजाही गंभीर रूप से प्रभावित हुई थी।
नेपाल में इसे भारत द्वारा लगाई गई आर्थिक नाकेबंदी के रूप में देखा गया, जबकि भारत ने उस समय सीमा पर विरोध प्रदर्शनों और सुरक्षा परिस्थितियों को लेकर चिंता जताई थी।
इस घटना के परिणामस्वरूप नेपाल में भारत के प्रति अविश्वास बढ़ा। नेपाल ने वैकल्पिक व्यापार एवं पारगमन मार्गों की आवश्यकता महसूस की। इसके अलावा चीन के साथ नेपाल के आर्थिक और पारगमन संबंधों को बढ़ाने की प्रवृत्ति मजबूत हुई।
इसलिए नेपाल जैसे पड़ोसी देश के साथ संबंधों में राजनीतिक संवेदनशीलता, संवाद और आर्थिक परस्पर निर्भरता को ध्यान में रखना आवश्यक है।
(घ) जल संसाधन और बाढ़ प्रबंधन
भारत और नेपाल के बीच कोसी, गंडक, घाघरा, महाकाली, बागमती जैसी कई नदियाँ साझा हैं. नेपाल के हिमालयी क्षेत्र से निकलने वाली नदियाँ भारत के मैदानी इलाकों में प्रवेश करती हैं। इसलिए नेपाल में भारी वर्षा, भूस्खलन और अचानक बाढ़ आने का प्रभाव भारत के सीमावर्ती राज्यों पर भी पड़ सकता है।
उदाहरण के लिए, बिहार में कोसी और गंडक नदियों से आने वाली बाढ़ का संबंध नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में होने वाली वर्षा से भी है।
इसलिए भारत और नेपाल के बीच नदी प्रबंधन केवल द्विपक्षीय मुद्दा नहीं, बल्कि क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन का विषय भी है।
(ड़) नेपाल की राजनीतिक अस्थिरता
नेपाल में पिछले दशकों के दौरान राजनीतिक व्यवस्था में कई बदलाव हुए हैं। 2008 में नेपाल में राजशाही समाप्त कर गणतंत्र की स्थापना की गई। इसके बाद 2015 में नया संविधान लागू हुआ। साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों और गठबंधनों के बीच सत्ता परिवर्तन होता रहा है।
राजनीतिक अस्थिरता के कारण कई बार दीर्घकालिक परियोजनाओं के क्रियान्वयन और नीतिगत निरंतरता पर असर पड़ता है।
ऐसे में भारत के लिए आवश्यक है कि वह नेपाल के साथ अपने संबंधों को किसी एक राजनीतिक दल या सरकार तक सीमित न रखकर संस्थागत आधार पर मजबूत करे।
(च) व्यापार असंतुलन और पारगमन निर्भरता
भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है, लेकिन दोनों देशों के बीच व्यापार में असंतुलन मौजूद है।
नेपाल भारत से बड़ी मात्रा में वस्तुओं का आयात करता है। नेपाल के निर्यात का बड़ा हिस्सा भारतीय बाजार पर निर्भर है। नेपाल के स्थलरुद्ध होने के कारण अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए उसे पारगमन सुविधाओं की आवश्यकता होती है।
इस स्थिति में नेपाल को निर्यात विविधीकरण, औद्योगिक विकास और वैकल्पिक व्यापार मार्गों की आवश्यकता है।
भारत को भी नेपाल के निर्यात को प्रोत्साहित करने और सीमा पर व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर ध्यान देना चाहिए।
नेपाल में बाढ़ और भारत के लिए इसके निहितार्थ
नेपाल में अगस्त 2026 के दौरान रासुवा-भोटेकोशी और त्रिशूली नदी बेसिन सहित अन्य क्षेत्रों में बाढ़ एवं मलबा प्रवाह से भारी नुकसान हुआ।
इस आपदा ने भारत-नेपाल संबंधों में आपदा प्रबंधन सहयोग के महत्त्व को फिर से सामने रखा।
भारत के लिए यह आपदा क्यों महत्त्वपूर्ण है?
1. सीमा पार बाढ़ का खतरा
नेपाल से निकलने वाली नदियाँ भारत में प्रवेश करती हैं। इसलिए नेपाल में अत्यधिक वर्षा और अचानक बाढ़ का प्रभाव भारतीय क्षेत्रों पर भी पड़ सकता है।
2. सीमावर्ती बुनियादी ढाँचे को नुकसान
सड़क, पुल और व्यापारिक मार्ग क्षतिग्रस्त होने से दोनों देशों के बीच संपर्क एवं व्यापार प्रभावित हो सकता है।
3. जलविद्युत क्षेत्र पर प्रभाव
बाढ़ और भूस्खलन से जलविद्युत परियोजनाओं, ट्रांसमिशन लाइनों और ऊर्जा आपूर्ति को नुकसान पहुँच सकता है।
4. जलवायु परिवर्तन की चुनौती
हिमालयी क्षेत्र जलवायु परिवर्तन के प्रति संवेदनशील है। अत्यधिक वर्षा, हिमनदों का पिघलना, हिमनदीय झीलों के फटने से बाढ़ (GLOF) और भूस्खलन जैसी घटनाएँ आपदा जोखिम को बढ़ा सकती हैं।
इस दृष्टि से ₹15,000 करोड़ का सहायता पैकेज केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि नेपाल की पुनर्निर्माण क्षमता और दोनों देशों के बीच विकास सहयोग को मजबूत करने का अवसर भी है।
आगे की राह
भारत और नेपाल के संबंधों को मजबूत करने के लिए केवल आर्थिक सहायता और बुनियादी ढाँचे का विकास पर्याप्त नहीं है। इसके लिए विश्वास, समानता, संप्रभुता और दीर्घकालिक सहयोग पर आधारित दृष्टिकोण अपनाना होगा।
1. 1950 की संधि की समीक्षा
- दोनों देशों को आपसी सहमति से 1950 की शांति एवं मैत्री संधि की समीक्षा करनी चाहिए।
- संधि को वर्तमान राजनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा परिस्थितियों के अनुरूप बनाया जाना चाहिए।
- नेपाल की संप्रभुता और भारत की सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच संतुलन स्थापित करना चाहिए।
2. सीमा विवाद का शांतिपूर्ण समाधान
- कालापानी, लिपुलेख, लिम्पियाधुरा और सुस्ता जैसे विवादित क्षेत्रों पर बातचीत जारी रखनी चाहिए।
- ऐतिहासिक दस्तावेजों और प्रमाणों के आधार पर समाधान तलाशना चाहिए।
- सीमा विवाद को अन्य द्विपक्षीय सहयोगों पर हावी नहीं होने देना चाहिए।
3. आर्थिक सहयोग और व्यापार में विविधता
- नेपाल में भारतीय निवेश को बढ़ावा देना चाहिए।
- सीमा पार औद्योगिक गलियारों और विशेष आर्थिक क्षेत्रों का विकास करना चाहिए।
- नेपाल के कृषि और औद्योगिक उत्पादों को भारतीय बाजार तक बेहतर पहुँच देनी चाहिए।
- कनेक्टिविटी और पारगमन सुविधाओं को मजबूत करना चाहिए।
4. जल संसाधन और बाढ़ प्रबंधन में सहयोग
- साझा नदियों का एकीकृत नदी बेसिन प्रबंधन विकसित करना चाहिए।
- बाढ़ की पूर्व चेतावनी के लिए वास्तविक समय की सूचना प्रणाली स्थापित करनी चाहिए।
- जलविद्युत परियोजनाओं में पर्यावरणीय प्रभाव आकलन सुनिश्चित करना चाहिए।
- जल संसाधनों का उपयोग दोनों देशों के पारस्परिक लाभ के लिए करना चाहिए।
5. चीन के संदर्भ में संतुलित कूटनीति
- भारत को नेपाल के साथ संबंधों में किसी प्रकार की दबाव आधारित नीति से बचना चाहिए।
- नेपाल की रणनीतिक स्वायत्तता और संप्रभुता का सम्मान करना चाहिए।
- भारत को बुनियादी ढाँचे, निवेश और विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करना चाहिए।
- चीन के साथ नेपाल के संबंधों को केवल भारत-विरोधी दृष्टिकोण से नहीं देखना चाहिए।
6. जन-से-जन संबंधों को मजबूत करना
- शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना चाहिए।
- दोनों देशों के युवाओं के बीच सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना चाहिए।
- धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने चाहिए, जैसे अयोध्या-जनकपुर और बौद्ध सर्किट।
- सीमा पर रहने वाले लोगों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
भारत की प्रथम पड़ोस की नीति से संबंध
भारत की 'प्रथम पड़ोस की नीति' का उद्देश्य अपने निकटवर्ती पड़ोसी देशों के साथ आर्थिक, राजनीतिक और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करना है। नेपाल इस नीति का एक महत्त्वपूर्ण भाग है।
भारत द्वारा नेपाल को ₹15,000 करोड़ की सहायता, परिवहन संपर्क का विकास, ऊर्जा सहयोग और शिक्षा के क्षेत्र में पहल इस नीति के व्यावहारिक उदाहरण हैं।
भारत की क्षेत्रीय सहयोग संबंधी व्यापक दृष्टि में नेपाल जैसे पड़ोसी देशों के साथ आर्थिक संपर्क, ऊर्जा सहयोग और आपदा प्रबंधन को मजबूत करना महत्त्वपूर्ण है। नेपाल के साथ सहयोग भारत की हिमालयी क्षेत्र में स्थिरता और व्यापक क्षेत्रीय संपर्क की प्राथमिकताओं से भी जुड़ा हुआ है।
निष्कर्ष
भारत और नेपाल के संबंधों की विशेषता उनकी भौगोलिक निकटता के साथ-साथ ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक जुड़ाव है। दोनों देश एक-दूसरे की सुरक्षा, आर्थिक विकास और पर्यावरणीय स्थिरता से जुड़े हुए हैं।
हालिया घोषित ₹15,000 करोड़ का सहायता पैकेज भारत-नेपाल विकास सहयोग का एक महत्त्वपूर्ण उदाहरण है। लेकिन द्विपक्षीय संबंधों की वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि दोनों देश सीमा विवाद, व्यापार असंतुलन, जल संसाधन और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का समाधान किस प्रकार करते हैं।
भारत को नेपाल के साथ संबंधों में एक बड़े पड़ोसी की भूमिका के बजाय एक विश्वसनीय विकास साझेदार की भूमिका निभानी चाहिए। वहीं नेपाल को भी भारत के साथ अपने ऐतिहासिक और आर्थिक संबंधों को दीर्घकालिक पारस्परिक लाभ के आधार पर आगे बढ़ाना चाहिए।
इस प्रकार, 'Viksit Bharat 2047' और 'Samunnat Nepal' की परिकल्पना तभी साकार हो सकती है, जब दोनों देश विश्वास, समानता, सहयोग और साझा समृद्धि के सिद्धांतों पर आगे बढ़ें।
इस ब्लॉग को पढ़ने के बाद इससे जुड़े सवालों को हल करने के लिए CLICK करें.
Reference: The Indian Express





