EDU TERIA Logo
Sign InSign UpEnroll Now

संविधान दिवस 2026

संविधान दिवस 2026 पर जानें भारतीय संविधान का निर्माण, संविधान सभा, डॉ. बी.आर. आंबेडकर का योगदान, प्रस्तावना और संवैधानिक मूल्यों का महत्व।

Written by Team EduTeria
Published: 26 November 2026•10 min read
संविधान दिवस 2026
Progress
0%
Aa

संविधान दिवस 2026

विशेष लेख | भारतीय राजव्यवस्था | BPSC, UPSC एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उपयोगी

चर्चा में क्यों है?

आज 26 नवंबर, 2026 को भारतीय संविधान को अपनाए जाने के 77 वर्ष पूरे हो रहे हैं। जाहिर है, यह अवसर केवल संविधान के निर्माण को याद करने का नहीं, बल्कि यह समझने का भी है कि सात दशकों से अधिक समय बाद भी भारतीय लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करने में संविधान की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है।

उल्लेखनीय है कि भारत का संविधान केवल कानूनों और नियमों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह उस लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव है, जो देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार प्रदान करती है। यह हमें बताता है कि देश का शासन कैसे चलेगा, सरकार की शक्तियाँ क्या होंगी और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों की सीमाएं क्या हैं। इसी ऐतिहासिक दस्तावेज के महत्व को याद करने और नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस (Constitution Day) मनाया जाता है।

पहले 26 नवंबर को राष्ट्रीय कानून दिवस (National Law Day) के रूप में भी जाना जाता था और इसकी शुरुआत 1979 में सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मी मल सिंघवी द्वारा की गई थी। लेकिन वर्ष 2015 में डॉ. बी.आर. आंबेडकर की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में केंद्र सरकार ने इस दिन को आधिकारिक रूप से संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। इसकी अधिसूचना 19 नवंबर 2015 को जारी की गई थी।

इस वर्ष भारत सरकार के संविधान दिवस समारोह का विषय है- संविधान @76: डॉ. बी.आर. आंबेडकर की संवैधानिक दृष्टि और भारतीय लोकतंत्र का भविष्य।

ध्यातव्य है कि इस वर्ष संविधान दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत डॉ. आंबेडकर फाउंडेशन (DAF) द्वारा नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र (DAIC) में विशेष समारोह आयोजित किया जाना है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य संविधान निर्माण में डॉ. बी.आर. आंबेडकर के योगदान को याद करना और भारतीय लोकतंत्र के भविष्य में संवैधानिक मूल्यों की भूमिका पर चर्चा करना है।

संविधान दिवस: 26 नवंबर को ही क्यों मनाया जाता है?

गौरतलब है कि संविधान दिवस की तारीख को समझने के लिए हमें भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के बाद की उस ऐतिहासिक प्रक्रिया को जानना होगा, जिसमें स्वतंत्र भारत के लिए अपना संविधान तैयार किया गया। 15 अगस्त 1947 को भारत स्वतंत्र हुआ। इसके बाद देश को ऐसी शासन व्यवस्था की आवश्यकता थी, जो लोकतंत्र, नागरिक अधिकारों, सामाजिक न्याय और समानता के सिद्धांतों पर आधारित हो। इसी उद्देश्य से संविधान सभा ने भारतीय संविधान का निर्माण किया।

नोट-: 26 नवंबर 1949: संविधान सभा ने संविधान को अपनाया था, वहीं 26 जनवरी 1950 को संविधान देश में लागू हुआ।

संविधान को 26 जनवरी 1950 से लागू करने का निर्णय इसलिए लिया गया क्योंकि 26 जनवरी 1930 को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने पूर्ण स्वराज दिवस मनाया था। इस तारीख का स्वतंत्रता आंदोलन में विशेष ऐतिहासिक महत्व था। इस प्रकार, 26 नवंबर संविधान को अपनाने की याद दिलाता है, जबकि 26 जनवरी उस संविधान के लागू होने और भारत के गणराज्य बनने का प्रतीक है।

भारतीय संविधान का निर्माण: एक ऐतिहासिक यात्रा

भारतीय संविधान का निर्माण किसी एक व्यक्ति या एक दिन का कार्य नहीं था। इसके पीछे वर्षों का विचार-विमर्श, बहस, अध्ययन और सामूहिक प्रयास शामिल था। संविधान सभा ने देश की विविधता, सामाजिक परिस्थितियों, स्वतंत्रता आंदोलन के आदर्शों और विश्व के विभिन्न संविधानों के अनुभवों को ध्यान में रखकर भारतीय संविधान तैयार किया।
वर्ष 1934 में एम. एन. रॉय ने पहली बार कहा कि भारत का संविधान भारतीयों को खुद बनाना चाहिए। मतलब, अंग्रेज़ नहीं, हम खुद अपना संविधान लिखेंगे। यही विचार आगे चलकर संविधान सभा बना।
वर्ष 1946 में कैबिनेट मिशन योजना के तहत संविधान सभा के लिए चुनाव हुए। इसी चुनाव से वे लोग चुने गए, जिन्होंने मिलकर हमारा संविधान बनाया।

भारत का संविधान संविधान सभा ने बनाया। अकेले एक आदमी ने नहीं, बल्कि पूरी सभा ने मिलकर काम किया। काम को आसान बनाने के लिए सभा ने कुल 13 समितियाँ बनाईं। इनमें 8 प्रमुख समितियाँ थीं और बाकी छोटी समितियाँ थीं।

प्रमुख समितियाँ और उनके अध्यक्ष

प्रारूप (ड्राफ्टिंग) समिति डॉ. बी. आर. अंबेडकर
संघ शक्ति समितिजवाहरलाल नेहरू
केंद्रीय संविधान समितिजवाहरलाल नेहरू
प्रांतीय संविधान समितिवल्लभभाई पटेल
मौलिक अधिकारों से संबंधित समिति वल्लभभाई पटेल
प्रक्रिया समिति के नियमडॉ. राजेंद्र प्रसाद
राज्य समिति जवाहरलाल नेहरू
संचालन समितिडॉ. राजेंद्र प्रसाद

भारतीय संविधान के बारे में महत्वपूर्ण तथ्य

  • हमारा संविधान दुनिया का सबसे विस्तृत यानी सबसे बड़ा संविधान है।
  • हमारा सिस्टम संघीय है, मतलब केंद्र और राज्य दोनों की सरकारें हैं। लेकिन ज़रूरत पड़ने पर ये एकात्मक भी हो जाता है, यानी सारी ताकत केंद्र के पास आ जाती है। हमारे यहाँ सरकार का संसदीय स्वरूप है। यानी जनता सांसद चुनती है और सांसदों में से प्रधानमंत्री बनता है।
  • हमारे संविधान की मूल संरचना भारत सरकार अधिनियम, 1935 पर आधारित है।
  • हमारे संविधान में कई देशों के संविधान की अच्छी-अच्छी चीज़ें ली गई हैं। जैसे मौलिक अधिकार अमेरिका से, संसदीय व्यवस्था ब्रिटेन से, आदि।

संविधान निर्माण की महत्वपूर्ण समयरेखा– :

9 दिसंबर 1946 संविधान सभा की पहली बैठकसंविधान सभा की पहली बैठक नई दिल्ली में हुई। डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा को अस्थायी अध्यक्ष बनाया गया।
11 दिसंबर 1946स्थायी अध्यक्ष का चुनावडॉ. राजेंद्र प्रसाद संविधान सभा के स्थायी अध्यक्ष चुने गए।
13 दिसंबर 1946उद्देश्य प्रस्ताव प्रस्तुतपंडित जवाहरलाल नेहरू ने संविधान सभा में उद्देश्य प्रस्ताव (Objectives Resolution) प्रस्तुत किया।
22 जनवरी 1947उद्देश्य प्रस्ताव स्वीकारसंविधान सभा ने इस प्रस्ताव को स्वीकार किया। आगे चलकर यही प्रस्ताव संविधान की प्रस्तावना का आधार बना।
29 अगस्त 1947प्रारूप समिति का गठन संविधान का प्रारूप तैयार करने के लिए प्रारूप समिति (Drafting Committee) बनाई गई। डॉ. बी.आर. आंबेडकर इसके अध्यक्ष नियुक्त हुए।
26 नवंबर 1949संविधान अंगीकृतसंविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया।
24 जनवरी 1950संविधान पर हस्ताक्षरसंविधान सभा के 284 सदस्यों ने संविधान की मूल प्रतियों पर हस्ताक्षर किए, जिनमें 15 महिलाएं शामिल थीं।
26 जनवरी 1950संविधान लागूभारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना और भारतीय संविधान प्रभावी हुआ।

संविधान निर्माण में कितना समय लगा?

·  2 वर्ष, 11 महीने और 18 दिन लगे।

·  संविधान सभा की कुल 11 बैठकें हुईं।

·  संविधान सभा ने लगभग 165 दिनों तक बैठकें कीं।

·  मूल संविधान में 395 अनुच्छेद, 22 भाग और 8 अनुसूचियां थीं।

·  संविधान सभा में प्रारंभ में 389 सदस्य निर्धारित थे। विभाजन के बाद इसकी सदस्य संख्या 299 रह गई। संविधान संभा महिलाओं की कुल संख्या 15 थी।

यह प्रक्रिया बताती है कि भारतीय संविधान को तैयार करने में व्यापक विचार-विमर्श और लोकतांत्रिक सहमति को कितना महत्व दिया गया था।

डॉ. बी.आर. आंबेडकर: भारतीय संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका

भारतीय संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. आंबेडकर ने संविधान को व्यवस्थित रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें भारतीय संविधान का प्रमुख शिल्पकार (Chief Architect of the Indian Constitution) कहा जाता है। डॉ. आंबेडकर का मानना था कि राजनीतिक लोकतंत्र तभी सफल हो सकता है, जब समाज में सामाजिक और आर्थिक समानता भी स्थापित हो। वे ऐसे भारत की कल्पना करते थे, जहां प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और न्याय मिले।

संविधान निर्माण में उनके योगदान को निम्नलिखित बिंदुओं से समझा जा सकता है:

1. सामाजिक न्याय: समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को समान अधिकार एवं अवसर दिलाने पर जोर दिया।

2. समानता: जाति, धर्म, लिंग और सामाजिक स्थिति के आधार पर भेदभाव समाप्त करने की संवैधानिक व्यवस्था का समर्थन किया।

3. मौलिक अधिकार: नागरिकों की स्वतंत्रता और अधिकारों की सुरक्षा को महत्वपूर्ण स्थान दिया।

4. संवैधानिक लोकतंत्र: ऐसी व्यवस्था का समर्थन किया, जिसमें सरकार की शक्तियां संविधान के अधीन हों।

5. संवैधानिक नैतिकता: संवैधानिक संस्थाओं, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और कानून के शासन के प्रति सम्मान को आवश्यक माना। इसलिए डॉ. आंबेडकर का योगदान केवल संविधान का प्रारूप तैयार करने तक सीमित नहीं था, बल्कि उनके विचारों ने आधुनिक भारत के सामाजिक और लोकतांत्रिक ढांचे को भी दिशा दी।

भारतीय संविधान की मूल प्रति से जुड़े रोचक तथ्य

भारतीय संविधान की मूल प्रति अपने आप में कला, इतिहास और भारतीय संस्कृति का अद्भुत उदाहरण है। यह केवल टाइप किया हुआ सरकारी दस्तावेज नहीं था, बल्कि इसे विशेष रूप से हाथ से लिखा और सजाया गया था।

संविधान की मूल प्रतियों से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण तथ्य:

  • संविधान की मूल प्रतियां हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में हाथ से लिखी गई थीं।
  • अंग्रेजी संस्करण को प्रेम बिहारी नारायण रायजादा ने अपनी सुंदर कैलीग्राफी में लिखा था।
  • संविधान के प्रत्येक पृष्ठ को सजाने में शांतिनिकेतन के कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
  • इन कलाकारों में नंदलाल बोस और राममनोहर सिन्हा प्रमुख थे।
  • संविधान की मूल प्रतियां संसद भवन के पुस्तकालय में विशेष रूप से सुरक्षित रखी गई हैं।
  • आज भी उन्हें संसद के पुस्तकालय में हीलियम गैस में सुरक्षित रखा गया है ताकि खराब न हों।
  • हाथ से लिखे हुए संविधान पर 24 जनवरी, 1950 को संविधान सभा के 284 सदस्यों ने हस्ताक्षर किए थे जिसमें 15 महिलाएं भी शामिल थीं। दो दिन बाद 26 जनवरी से यह संविधान देश में लागू हो गया था।

इस प्रकार भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की कलात्मक और सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है।

भारतीय संविधान की प्रस्तावना: संविधान की आत्मा

भारतीय संविधान की प्रस्तावना (Preamble) संविधान के मूल दर्शन, उद्देश्यों और आदर्शों को स्पष्ट करती है। इसकी शुरुआत "हम भारत के लोग" (We, the People of India) शब्दों से होती है। इसका अर्थ है कि भारत की संप्रभु सत्ता का वास्तविक स्रोत देश की जनता है। संविधान की शक्ति किसी राजा या विदेशी शासन से नहीं, बल्कि भारत के लोगों से प्राप्त होती है।

प्रस्तावना में भारत को एक:

संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न (Sovereign)

समाजवादी (Socialist)

पंथनिरपेक्ष (Secular)

लोकतांत्रिक (Democratic)

गणराज्य (Republic)

घोषित किया गया है।

इसके साथ ही प्रत्येक नागरिक को चार प्रमुख संवैधानिक आदर्श सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया है:

1. न्याय (Justice): सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय।
2. स्वतंत्रता (Liberty):विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता।
3. समानता (Equality):प्रतिष्ठा और अवसर की समानता।
4. बंधुत्व (Fraternity): व्यक्ति की गरिमा तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता सुनिश्चित करना।

नोट: 42वें संविधान संशोधन अधिनियम, 1976 द्वारा प्रस्तावना में तीन महत्वपूर्ण शब्द जोड़े गए, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और अखंडता।

संविधान दिवस का महत्व: केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि संवैधानिक जिम्मेदारी

संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य केवल 26 नवंबर 1949 की ऐतिहासिक घटना को याद करना नहीं है। यह दिन हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों की भी याद दिलाता है।

इसके महत्व को निम्नलिखित बिंदुओं से समझा जा सकता है:

1. संवैधानिक जागरूकता: नागरिकों को संविधान में दिए गए अधिकारों, कर्तव्यों और मूल सिद्धांतों की जानकारी मिलती है।

2. लोकतंत्र को मजबूत बनाना: संविधान लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था की आधारशिला है। यह सरकार की शक्तियों को सीमित करता है और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करता है।

3. सामाजिक न्याय को बढ़ावा: संविधान समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को समान अवसर तथा संरक्षण प्रदान करने की व्यवस्था करता है।

4. राष्ट्रीय एकता और अखंडता: भारत की भाषाई, धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विविधता के बीच एकता बनाए रखने में संविधान महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

5. संस्थाओं की जवाबदेही: संविधान विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के अधिकारों एवं जिम्मेदारियों को निर्धारित करता है।

6. नागरिक कर्तव्यों की याद: संविधान हमें केवल अधिकार ही नहीं देता, बल्कि राष्ट्र, समाज और अन्य नागरिकों के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है।

निष्कर्ष:

भारतीय संविधान को अपनाए हुए 77 वर्ष पूरे होना केवल एक ऐतिहासिक उपलब्धि नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र की मजबूती और निरंतर विकास का प्रतीक भी है। आज भारत अनेक सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और तकनीकी बदलावों के दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में संविधान के मूल आदर्शों को समझना और उनका पालन करना पहले से भी अधिक आवश्यक हो गया है। डॉ. आंबेडकर ने जिस लोकतांत्रिक भारत की कल्पना की थी, उसकी सफलता केवल संविधान में लिखे गए प्रावधानों पर निर्भर नहीं करती, बल्कि इस बात पर भी निर्भर करती है कि सरकार, संवैधानिक संस्थाएं और नागरिक उन मूल्यों को अपने व्यवहार में कितना अपनाते हैं।

इस ब्लॉग को पढ़ने के बाद इससे जुड़े सवालों को हल करने के लिए CLICK करें

Reference:

The Hindu

Comments

Loading comments...

Related Articles

Suggested Courses

Trending
Titan Plus Batch 2
BPSC CCE

Titan Plus Batch 2

Trending
Titan Batch 2
BPSC CCE

Titan Batch 2