सच्चर समिति रिपोर्ट : 20 साल बाद भी क्यों अधूरी हैं इसकी सिफारिशें?
UPSC / BPSC Current Affairs | GS Paper 2 | सामाजिक न्याय
चर्चा में क्यों?
17 नवंबर 2026 को सच्चर समिति की रिपोर्ट को प्रस्तुत हुए 20 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर यह सवाल फिर से चर्चा में है कि भारत में मुस्लिम समुदाय की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक स्थिति सुधारने के लिए दी गई सिफारिशों को कितनी प्रभावी तरीके से लागू किया गया है। गौरतलब है कि सच्चर समिति ने 17 नवंबर 2006 को तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। इस रिपोर्ट में भारतीय मुस्लिम समुदाय की शिक्षा, रोजगार, बैंकिंग, गरीबी, सरकारी नौकरियों में प्रतिनिधित्व और बुनियादी सुविधाओं तक पहुँच का अध्ययन किया गया था। रिपोर्ट में पाया गया कि कई विकास संकेतकों पर मुस्लिम समुदाय की स्थिति अन्य सामाजिक-धार्मिक समूहों की तुलना में कमजोर थी।
समिति ने समावेशी विकास और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण सिफारिशें दी थीं। रिपोर्ट की कई सिफारिशों पर सरकारी स्तर पर कार्रवाई हुई, लेकिन इसके कुछ महत्वपूर्ण संस्थागत सुझाव आज भी अधूरे माने जाते हैं।
सच्चर समिति क्या थी?
सच्चर समिति भारत सरकार द्वारा गठित एक उच्चस्तरीय समिति थी। इसका उद्देश्य भारत में मुस्लिम समुदाय की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक स्थिति का विस्तृत अध्ययन करना था।
इस समिति का नाम इसके अध्यक्ष न्यायमूर्ति राजिंदर सच्चर के नाम पर रखा गया।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस समिति का गठन 9 मार्च 2005 को किया गया था. रिपोर्ट 17 नवंबर 2006 को प्रधानमंत्री को सौंपी गई और 30 नवंबर 2006 को संसद में प्रस्तुत की गई. समिति का मुख्य उद्देश्य मुस्लिम समुदाय के विकास से संबंधित वास्तविक स्थिति का पता लगाना और सरकार को ऐसी नीतियाँ बनाने में सहायता देना था, जिनसे इस समुदाय को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
सच्चर समिति बनाने की आवश्यकता क्यों पड़ी?
स्वतंत्रता के बाद भारत में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक समुदायों के विकास के लिए कई योजनाएँ शुरू की गईं। इसके बावजूद यह जानना आवश्यक था कि अलग-अलग समुदायों को शिक्षा, रोजगार, बैंकिंग और अन्य सरकारी सुविधाओं का कितना लाभ मिल रहा है।
विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय की वास्तविक स्थिति के बारे में पर्याप्त और व्यवस्थित सरकारी आँकड़ों की कमी थी।
इसलिए सरकार ने एक ऐसी समिति गठित की, जो आँकड़ों और जमीनी अध्ययन के आधार पर निम्नलिखित सवालों का जवाब दे सके:
- क्या मुस्लिम समुदाय को शिक्षा के समान अवसर प्राप्त हैं?
- सरकारी नौकरियों में मुस्लिम समुदाय का प्रतिनिधित्व कितना है?
- क्या मुस्लिम नागरिकों को बैंकिंग और ऋण सुविधाएँ आसानी से मिलती हैं?
- क्या मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में स्कूल, अस्पताल, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध हैं?
- क्या गरीबी और बेरोजगारी के कारण मुस्लिम समुदाय का विकास प्रभावित हो रहा है?
- क्या सरकारी योजनाओं का लाभ इस समुदाय तक समान रूप से पहुँच रहा है?
समिति ने इन सवालों का अध्ययन करके सरकार को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपी।
इसके अध्ययन के प्रमुख क्षेत्र निम्नलिखित थे:
1. शिक्षा (Education)
स्कूलों में नामांकन, साक्षरता, उच्च शिक्षा में भागीदारी, स्कूल छोड़ने की दर और लड़कियों की शिक्षा।
2. रोजगार (Employment)
सरकारी नौकरियों, निजी क्षेत्र और स्वरोजगार में मुस्लिम समुदाय की भागीदारी।
3. बैंकिंग और वित्तीय समावेशन (Financial Inclusion)
बैंक खाते, ऋण, प्राथमिकता क्षेत्र ऋण और स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता।
4. बुनियादी सुविधाएँ (Basic Amenities)
आवास, बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य सुविधाएं और स्वच्छता।
5. गरीबी और आर्थिक स्थिति (Economic Status)
आय, गरीबी, आर्थिक अवसर और जीवन स्तर।
6. सरकारी संस्थानों में प्रतिनिधित्व
प्रशासन, पुलिस, सार्वजनिक क्षेत्र और अन्य सरकारी संस्थानों में भागीदारी।
समिति ने जनगणना, राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण (NSSO), सरकारी विभागों और अन्य संस्थाओं से प्राप्त आँकड़ों का उपयोग किया। इसके अलावा विभिन्न राज्यों का दौरा करके लोगों, महिलाओं, युवाओं, विशेषज्ञों और सामाजिक संगठनों से बातचीत भी की।
सच्चर समिति की रिपोर्ट का सबसे महत्वपूर्ण निष्कर्ष यह था कि भारतीय मुस्लिम समुदाय विकास के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पिछड़ा हुआ था।
(क) शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ापन
- मुस्लिम समुदाय में शिक्षा तक पहुँच की समस्या पाई गई।
- उच्च शिक्षा में मुस्लिम विद्यार्थियों की भागीदारी कम थी।
- मुस्लिम लड़कियों को शिक्षा प्राप्त करने में विशेष चुनौतियों का सामना करना पड़ता था।
- कई मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण सरकारी स्कूलों की कमी थी।
- आर्थिक कमजोरी और बुनियादी सुविधाओं की कमी भी शिक्षा को प्रभावित करती थी।
(ख) सरकारी नौकरियों में कम प्रतिनिधित्व
समिति ने पाया कि मुस्लिम समुदाय का सरकारी सेवाओं में प्रतिनिधित्व उसकी जनसंख्या के अनुपात की तुलना में कम था।
विशेष रूप से:
- प्रशासनिक सेवाओं में कम भागीदारी।
- पुलिस सेवाओं में कम प्रतिनिधित्व।
- सरकारी विभागों और सार्वजनिक क्षेत्र में सीमित उपस्थिति।
इससे पता चलता है कि शिक्षा और कौशल विकास में कमी का असर रोजगार के अवसरों पर भी पड़ सकता है।
(ग) बैंकिंग सुविधाओं तक सीमित पहुँच
समिति ने मुस्लिम समुदाय की बैंकिंग सुविधाओं तक पहुँच का भी अध्ययन किया।
प्रमुख समस्याएं थीं:
- मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में बैंक शाखाओं की कमी।
- बैंक ऋण प्राप्त करने में कठिनाइयां।
- स्वरोजगार के लिए पर्याप्त वित्तीय सहायता का अभाव।
- छोटे कारोबार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सीमित अवसर।
(घ) बुनियादी सुविधाओं की कमी
समिति ने मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में कई स्थानों पर निम्नलिखित समस्याओं की पहचान की:
- खराब सड़कें।
- पेयजल की कमी।
- स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव।
- सरकारी स्कूलों की कमी।
- स्वच्छता और आवास से जुड़ी समस्याएं।
इसका अर्थ है कि पिछड़ापन केवल किसी समुदाय की व्यक्तिगत आर्थिक स्थिति से संबंधित नहीं है, बल्कि उस क्षेत्र में उपलब्ध सार्वजनिक सुविधाओं से भी जुड़ा होता है।
(ड़) गरीबी और आर्थिक कमजोरी
समिति ने मुस्लिम समुदाय में गरीबी और आर्थिक असुरक्षा की समस्या को भी रेखांकित किया।
कम आय, सीमित रोजगार के अवसर, शिक्षा की कमी और वित्तीय सुविधाओं तक कम पहुँच एक-दूसरे से जुड़ी समस्याएँ हैं।
इन्हें दूर करने के लिए बहुआयामी विकास नीति (Multi-dimensional Development Approach) की आवश्यकता बताई गई।
सच्चर समिति की प्रमुख सिफारिशें
सच्चर समिति ने केवल समस्याओं की पहचान नहीं की, बल्कि उन्हें दूर करने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
इसकी सिफारिशों का मुख्य उद्देश्य मुस्लिम समुदाय सहित अन्य वंचित समूहों को विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना था।
1. शिक्षा के अवसरों में सुधार
- मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में सरकारी स्कूलों की संख्या बढ़ाई जाए।
- गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
- मुस्लिम लड़कियों की शिक्षा को विशेष प्रोत्साहन दिया जाए।
- आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाए।
- मदरसों के आधुनिकीकरण और उन्हें आधुनिक शिक्षा से जोड़ने पर ध्यान दिया जाए।
- उच्च शिक्षा में प्रवेश के अवसर बढ़ाए जाएं।
2. रोजगार के अवसर बढ़ाना
- सरकारी नौकरियों में मुस्लिम समुदाय की भागीदारी बढ़ाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं।
- रोजगारपरक प्रशिक्षण (Skill Development) उपलब्ध कराया जाए।
- औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) और पॉलिटेक्निक संस्थानों की स्थापना पर ध्यान दिया जाए।
- स्वरोजगार और छोटे उद्योगों को बढ़ावा दिया जाए।
3. बैंकिंग और ऋण सुविधाओं का विस्तार
- मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में बैंक शाखाओं की उपलब्धता बढ़ाई जाए।
- प्राथमिकता क्षेत्र ऋण (Priority Sector Lending) तक पहुंच बेहतर की जाए।
- छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को ऋण उपलब्ध कराया जाए।
- महिलाओं के लिए माइक्रोफाइनेंस सुविधाओं को बढ़ावा दिया जाए।
4. मुस्लिम बहुल क्षेत्रों का विकास
समिति ने सुझाव दिया कि मुस्लिम बहुल और पिछड़े क्षेत्रों में विशेष विकास कार्यक्रम चलाए जाने चाहिए।
इनमें शामिल हैं:
- सड़क और परिवहन सुविधाओं का विकास।
- सरकारी स्कूलों की स्थापना।
- स्वास्थ्य केंद्रों की उपलब्धता।
- पेयजल और स्वच्छता सुविधाएं।
- आवास और अन्य बुनियादी सुविधाएं।
इसका उद्देश्य किसी समुदाय को अलग-थलग करके विकास करना नहीं, बल्कि पिछड़े क्षेत्रों में रहने वाले सभी नागरिकों को समान सुविधाएं उपलब्ध कराना था।
5. समान अवसर आयोग
यह सच्चर समिति की सबसे महत्वपूर्ण संस्थागत सिफारिशों में से एक थी।
समिति ने समान अवसर आयोग स्थापित करने का सुझाव दिया था।
इसका उद्देश्य:
- समाज के वंचित समूहों को समान अवसर सुनिश्चित करना।
- शिक्षा और रोजगार में भेदभाव की शिकायतों पर ध्यान देना।
- संस्थानों में समान अवसर की स्थिति का मूल्यांकन करना।
- कमजोर समूहों के लिए अवसरों की बाधाओं को दूर करने के सुझाव देना।
6. राष्ट्रीय डेटा बैंक (National Data Bank – NDB)
समिति ने National Data Bank बनाने का सुझाव दिया।
इसका उद्देश्य विभिन्न सामाजिक-धार्मिक समूहों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति से संबंधित विश्वसनीय आंकड़े उपलब्ध कराना था ताकि अनुकूल नीति निर्माण किया जाए ।
सरकार ने सच्चर समिति की सिफारिशों पर क्या कार्रवाई की?
सच्चर समिति की रिपोर्ट आने के बाद सरकार ने इसकी सिफारिशों पर विचार किया और कई क्षेत्रों में कार्रवाई की।
सरकार ने 72 स्वीकार की गई सिफारिशों के लिए 43 निर्णय लिए। कई समान प्रकृति की सिफारिशों को एक साथ जोड़कर कार्रवाई की गई।
सरकार ने निम्न क्षेत्रों में कदम उठाए
(क) शिक्षा के क्षेत्र में
- प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाएं।
- मेधावी विद्यार्थियों के लिए Merit-cum-Means Scholarship।
- मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में स्कूलों और शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार।
- मुस्लिम लड़कियों की शिक्षा को प्रोत्साहन।
- कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) का विस्तार।
(ख) कौशल विकास
- ITI और पॉलिटेक्निक संस्थानों के माध्यम से कौशल विकास।
- रोजगारपरक प्रशिक्षण को प्रोत्साहन।
(ग) वित्तीय समावेशन
- अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार।
- प्राथमिकता क्षेत्र ऋण को बढ़ावा।
- महिलाओं के लिए माइक्रोफाइनेंस।
(घ) क्षेत्रीय विकास
- अल्पसंख्यक बहुल पिछड़े क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विकास।
- शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल सुविधाओं में सुधार।
सच्चर समिति की तीन अस्वीकृत और एक स्थगित सिफारिश
अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के आधिकारिक दस्तावेज के अनुसार तीन सिफारिशें स्वीकार नहीं की गईं और एक को स्थगित किया गया।
| सिफारिश | सरकार का निर्णय |
| दशकीय जनगणना में जातियों/समूहों की गणना | अस्वीकार |
| राज्य वक्फ बोर्ड और केंद्रीय वक्फ परिषद के लिए नया अखिल भारतीय अधिकारी कैडर | अस्वीकार |
| विश्वविद्यालयों में सबसे पिछड़े सामाजिक-धार्मिक समूहों के लिए वैकल्पिक प्रवेश मानदंड | अस्वीकार |
| अरज़ाल (Arzals) को SC सूची में शामिल करना या OBC के भीतर अलग MBC श्रेणी बनाना | स्थगित |
अरज़ाल कौन हैं?: अरज़ाल मुस्लिम समुदाय के भीतर सामाजिक और आर्थिक रूप से अत्यंत पिछड़े माने जाने वाले समूहों के लिए प्रयुक्त एक ऐतिहासिक सामाजिक श्रेणी है।
समिति ने इनके सामाजिक पिछड़ेपन को ध्यान में रखते हुए इन्हें अनुसूचित जाति सूची में शामिल करने या इनके लिए अलग अति पिछड़ा वर्ग श्रेणी बनाने का सुझाव दिया था। इस सिफारिश को सरकार ने स्वीकार करने के बजाय स्थगित कर दिया था।
सच्चर समिति की रिपोर्ट प्रस्तुत होने के लगभग दो दशक बाद भी इसके कई सुझावों पर बहस जारी है।
इसका एक प्रमुख कारण यह है कि नीतियाँ बनाने और उनका प्रभावी क्रियान्वयन करने के बीच अंतर होता है।
1. राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी
किसी भी सामाजिक सुधार कार्यक्रम के लिए निरंतर राजनीतिक इच्छाशक्ति आवश्यक है। सरकार बदलने के साथ नीतियों की प्राथमिकताएं भी बदल सकती हैं। इससे पहले शुरू की गई योजनाओं का प्रभाव प्रभावित हो सकता है।
2. योजनाओं का सीमित क्रियान्वयन
कई बार सरकारी योजनाएँ कागज पर अच्छी दिखाई देती हैं, लेकिन उनका लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक नहीं पहुँच पाता।
3. शिक्षा और कौशल विकास की चुनौती
शिक्षा में सुधार केवल छात्रवृत्ति देने से संभव नहीं है।
इसके लिए गुणवत्तापूर्ण स्कूल, प्रशिक्षित शिक्षक, डिजिटल सुविधाएँ , सुरक्षित परिवहन और रोजगार से जुड़े कौशल की आवश्यकता होती है।
4. सामाजिक भेदभाव और असुरक्षा
समाज में धार्मिक पहचान के आधार पर भेदभाव, घृणास्पद भाषण और हिंसा जैसी घटनाएं सामाजिक विश्वास को प्रभावित कर सकती हैं।
इससे कुछ समुदायों में असुरक्षा और मुख्यधारा से दूरी की भावना बढ़ सकती है।
सच्चर समिति की रिपोर्ट आज भी क्यों महत्वपूर्ण है?
सच्चर समिति की रिपोर्ट केवल मुस्लिम समुदाय के विकास से संबंधित दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह भारत में सामाजिक न्याय और समान अवसरों की आवश्यकता को समझने का महत्वपूर्ण आधार भी है।
इसके महत्व को निम्नलिखित बिंदुओं से समझ सकते हैं:
(क) समावेशी विकास
समावेशी विकास का अर्थ है कि देश के विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।
यदि आर्थिक विकास हो रहा है, लेकिन कुछ समुदाय शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार में पीछे रह जाते हैं, तो विकास को पूरी तरह समावेशी नहीं कहा जा सकता।
(ख) सामाजिक न्याय
सामाजिक न्याय का उद्देश्य समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को समान अवसर प्रदान करना है।
सच्चर समिति ने बताया कि केवल कानून के सामने समानता पर्याप्त नहीं है, बल्कि वास्तविक जीवन में भी अवसरों की समानता जरूरी है।
(ग)
भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है। इसका अर्थ है कि राज्य सभी धर्मों के नागरिकों के साथ समान व्यवहार करे और किसी नागरिक के साथ धार्मिक पहचान के आधार पर भेदभाव न हो।
सच्चर समिति की सिफारिशें सामाजिक-आर्थिक असमानताओं को दूर करके संवैधानिक धर्मनिरपेक्षता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।
(घ) मानव संसाधन विकास
यदि समाज का कोई बड़ा वर्ग शिक्षा और रोजगार से वंचित रहता है, तो देश की मानव पूंजी (Human Capital) का पूरा उपयोग नहीं हो पाता।
इसलिए सभी समुदायों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना राष्ट्रीय विकास के लिए आवश्यक है।
आगे की राह
सच्चर समिति की रिपोर्ट के 20 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह जरूरी है कि इसकी सिफारिशों की वर्तमान स्थिति का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाए।
इसके लिए निम्नलिखित कदम उठाए जा सकते हैं:
1. शिक्षा पर विशेष ध्यान
- अल्पसंख्यक बहुल पिछड़े क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्कूल स्थापित किए जाएं।
- लड़कियों की शिक्षा को प्रोत्साहित किया जाए।
- डिजिटल शिक्षा और उच्च शिक्षा तक पहुंच बढ़ाई जाए।
2. रोजगार और कौशल विकास
- युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण दिया जाए।
- स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जाए।
- रोजगार के अवसरों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
3. वित्तीय समावेशन
- बैंकिंग सुविधाओं की पहुँच बढ़ाई जाए।
- छोटे व्यापारियों को ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सरल बनाई जाए।
- महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर जोर दिया जाए।
4. समान अवसर आयोग की स्थापना पर विचार
समिति द्वारा प्रस्तावित Equal Opportunity Commission जैसे संस्थागत तंत्र पर पुनर्विचार किया जा सकता है, ताकि शिक्षा और रोजगार में भेदभाव संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था हो।
5. आँकड़ों पर आधारित नीति निर्माण
National Data Bank जैसी व्यवस्था को मजबूत किया जाना चाहिए, ताकि विभिन्न सामाजिक समूहों की वास्तविक स्थिति का वैज्ञानिक अध्ययन हो सके।
6. सभी वंचित समूहों का विकास
विकास नीतियां केवल धार्मिक पहचान पर आधारित न हों, बल्कि गरीबी, सामाजिक पिछड़ेपन और क्षेत्रीय असमानताओं को भी ध्यान में रखें।
7. सामाजिक सद्भाव और संवैधानिक मूल्यों को बढ़ावा
समाज में धार्मिक सहिष्णुता, समानता, बंधुत्व और आपसी विश्वास को मजबूत करना आवश्यक है।
निष्कर्ष
इस रिपोर्ट ने स्पष्ट किया कि देश के विकास का सही आकलन केवल GDP वृद्धि से नहीं किया जा सकता, बल्कि यह भी देखना जरूरी है कि समाज के विभिन्न वर्गों को शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, बैंकिंग और बुनियादी सुविधाओं का कितना लाभ मिल रहा है।
रिपोर्ट के 20 वर्ष बाद भी इसकी प्रासंगिकता बनी हुई है। आवश्यकता इस बात की है कि सरकार इसकी सिफारिशों और अब तक उठाए गए कदमों का निष्पक्ष मूल्यांकन करे तथा सभी वंचित समुदायों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करे।






