EDU TERIA Logo
CartSign InSign UpEnroll Now

Voyager 1: प्रकाशीय दूरी तय करने वाला पहला मानव निर्मित यान

NASA के Voyager 1 मिशन की ऐतिहासिक उपलब्धियाँ, एक प्रकाश-दिवस की दूरी, Golden Record, Pale Blue Dot और Deep Space Network की कार्यप्रणाली जानें।

Written by Team EduTeria
Published: 18 November 2026•10 min read
Voyager 1: प्रकाशीय दूरी तय करने वाला पहला मानव निर्मित यान
Progress
0%
Aa

Voyager 1: एक प्रकाश-दिवस की दूरी तय करने वाला पहला मानव निर्मित यान

चर्चा में क्यों?

NASA का Voyager 1 अंतरिक्ष यान पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस की दूरी तय करने वाला पहला मानव निर्मित यान बनने जा रहा है। लगभग 50 वर्षों से अंतरिक्ष में यात्रा कर रहा यह यान पृथ्वी से लगभग 26 अरब किलोमीटर की दूरी पर पहुँचने वाला है।

एक प्रकाश-दिवस का अर्थ होता है कि प्रकाश को निर्वात में 24 घंटे में जितनी दूरी तय करनी होती है।

इस दूरी पर पृथ्वी से भेजे गए रेडियो सिग्नल को Voyager 1 तक पहुँचने में लगभग 24 घंटे लगेंगे। इसी प्रकार, उसका जवाब पृथ्वी तक पहुँचने में भी लगभग 24 घंटे लगेंगे। यह उपलब्धि मानव की वैज्ञानिक क्षमता, तकनीकी विकास और अंतरिक्ष अन्वेषण के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।

आइए Voyager मिशन, इसकी प्रमुख खोजों, संचार प्रणाली और इस ऐतिहासिक उपलब्धि को विस्तार से समझते हैं।

Voyager 1 क्या है?

Voyager 1 NASA द्वारा विकसित एक मानवरहित रोबोटिक अंतरिक्ष यान है। इसे 5 सितंबर 1977 को सौरमंडल के बाहरी ग्रहों का अध्ययन करने और उनके वातावरण से संबंधित वैज्ञानिक जानकारी एकत्र करने के लिए प्रक्षेपित किया गया था। यह NASA के Voyager Interstellar Mission का हिस्सा है। उल्लेखनीय है कि NASA ने Voyager कार्यक्रम के अंतर्गत दो अंतरिक्ष यान प्रक्षेपित किए थे। Voyager 1 को 5 सितंबर 1977 एवं Voyager 2 को 20 अगस्त 1977 को प्रक्षेपित किया गया था।

दोनों अंतरिक्ष यानों को अलग-अलग मार्गों पर भेजा गया था, ताकि वे सौरमंडल के बाहरी ग्रहों और उनके आस-पास के वातावरण से संबंधित वैज्ञानिक जानकारियाँ एकत्र कर सकें। इनका एक प्रमुख उद्देश्य हेलियोस्फीयर और हेलियोपॉज का अध्ययन करना था। हालाँकि इस मिशन की प्रारंभिक अवधि लगभग चार वर्ष निर्धारित की गई थी, लेकिन Voyager 1 लगभग पाँच दशकों से अंतरिक्ष में कार्य कर रहा है।

हेलियोस्फीयर (Heliosphere) क्या है?हेलियोस्फीयर सूर्य से निकलने वाली सौर पवन (Solar Wind) और सूर्य के चुंबकीय क्षेत्र से बना एक विशाल सुरक्षात्मक बुलबुला है, जो पूरे सौरमंडल को घेरे रहता है। यह सौरमंडल को अंतरिक्ष से आने वाले कुछ उच्च ऊर्जा वाले ब्रह्मांडीय विकिरणों (Cosmic Radiation) से बचाने में मदद करता है।
हेलियोपॉज (Heliopause) क्या है?हेलियोपॉज हेलियोस्फीयर की बाहरी सीमा है। यहाँ सूर्य से आने वाली सौर पवन का प्रभाव आस-पास के अंतरतारकीय माध्यम (Interstellar Medium) के प्रभाव के बराबर हो जाता है। इसके बाहर अंतरतारकीय अंतरिक्ष स्थित होता है।

नोट- इंटरस्टैलर स्पेस (Interstellar Space) दो तारों के बीच का स्थान है, जबकि अंतर-आकाशगंगीय अंतरिक्ष (Intergalactic Space) दो आकाशगंगाओं के बीच का स्थान होता है।

Voyager 1 की प्रमुख वैज्ञानिक खोजें

Voyager 1 ने बृहस्पति और शनि जैसे बाहरी ग्रहों के अध्ययन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

(A) बृहस्पति (Jupiter) का अध्ययन

बृहस्पति के पास से गुजरते समय Voyager 1 ने कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।

  • बृहस्पति के वायुमंडल में पहले की अपेक्षा अधिक अशांत गतिविधियों का पता लगाया।
  • बृहस्पति के चारों ओर एक पतले वलय की खोज की।
  • इसके अनेक चंद्रमाओं की तस्वीरें और वैज्ञानिक जानकारियाँ प्राप्त कीं।
  • ग्रह के वायुमंडल एवं सतही विशेषताओं का विस्तृत अध्ययन किया।

(B) शनि (Saturn) का अध्ययन

शनि ग्रह के पास से गुजरते समय Voyager 1 ने:

  • शनि के पाँच नए चंद्रमाओं की खोज की।
  • शनि के वलय की विस्तृत तस्वीरें लीं।
  • ग्रह और उसके आसपास के वातावरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एकत्र की।

(C) इंटरस्टैलर स्पेस में प्रवेश

Voyager 1 की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक वर्ष 2012 में हेलियोपॉज को पार करके इंटरस्टैलर स्पेस में प्रवेश करना है। इसके साथ ही यह इंटरस्टैलर स्पेस में प्रवेश करने वाला पहला मानव निर्मित अंतरिक्ष यान बन गया। इसकी खोजों ने वैज्ञानिकों को हेलियोस्फीयर के बाहर के वातावरण को समझने में मदद की।

Voyager 2: अंतरिक्ष अन्वेषण का दूसरा महत्वपूर्ण यान

Voyager 2 को Voyager 1 से पहले, 20 अगस्त 1977 को प्रक्षेपित किया गया था। इसने भी सौरमंडल के बाहरी ग्रहों के अध्ययन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Voyager 2 की प्रमुख उपलब्धियाँ:

  • बृहस्पति और शनि ग्रह के पास से उड़ान भरी।
  • यूरेनस (Uranus) के पास से गुजरने वाला पहला अंतरिक्ष यान बना।
  • नेपच्यून (Neptune) के पास से गुजरने वाला भी पहला अंतरिक्ष यान बना।
  • यूरेनस के 10 नए चंद्रमाओं की खोज की।
  • यूरेनस के दो नए वलयों की खोज की।
  • वर्ष 2018 में अंतरतारकीय अंतरिक्ष में प्रवेश किया।

Voyager 2 का मार्ग Voyager 1 से अलग है। इसलिए पहले प्रक्षेपित होने के बावजूद इसे एक प्रकाश-दिवस की दूरी तक पहुँचने में अधिक समय लगेगा। यदि यह कार्यशील बना रहता है, तो नवंबर 2035 में यह दूरी प्राप्त कर सकता है।

Voyager 1 और Voyager 2 की सबसे रोचक विशेषताओं में से एक गोल्डन रिकॉर्ड (Golden Record) है।

NASA ने दोनों अंतरिक्ष यानों पर एक समान सोने की परत चढ़ी तांबे की डिस्क भेजी है। इसे इस संभावना को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था कि भविष्य में किसी अन्य ग्रह की बुद्धिमान सभ्यता को ये अंतरिक्ष यान मिल सकते हैं। प्रत्येक गोल्डन रिकॉर्ड का व्यास लगभग 30 सेंटीमीटर है। इसमें पृथ्वी, मानव सभ्यता और जीवन से संबंधित विभिन्न प्रकार की जानकारियाँ शामिल हैं।

गोल्डन रिकॉर्ड में क्या-क्या शामिल है?

1. 55 अलग-अलग भाषाओं में अभिवादन संदेश।

2. पृथ्वी की लगभग 35 प्राकृतिक एवं पर्यावरणीय ध्वनियाँ।

3. मानव जीवन, प्रकृति और सभ्यता को दर्शाने वाली तस्वीरें।

4. विभिन्न संस्कृतियों के संगीत की रिकॉर्डिंग।

5. पल्सर के माध्यम से पृथ्वी की स्थिति बताने वाली जानकारी।

पल्सर (Pulsar) क्या हैं?

पल्सर अत्यधिक चुंबकीय क्षेत्र वाले तेजी से घूमने वाले न्यूट्रॉन तारे (Neutron Stars) हैं, जो विद्युत चुंबकीय विकिरण की नियमित किरणें उत्सर्जित करते हैं। इनसे निकलने वाले नियमित संकेतों के कारण इनका उपयोग खगोलीय संदर्भ बिंदुओं के रूप में किया जा सकता है।

गोल्डन रिकॉर्ड के कवर पर कुछ पल्सरों के सापेक्ष पृथ्वी की स्थिति दर्शाई गई है, जिससे संभावित रूप से इसे प्राप्त करने वाली सभ्यता पृथ्वी की स्थिति का अनुमान लगा सकती है। अतः गोल्डन रिकॉर्ड मानव सभ्यता की ओर से संभावित बाहरी अंतरिक्ष की बुद्धिमान सभ्यताओं के लिए भेजा गया एक प्रतीकात्मक संदेश है।

NASA अरबों किलोमीटर दूर Voyager 1 से संपर्क कैसे बनाए रखता है?

लगभग 26 अरब किलोमीटर दूर स्थित Voyager 1 से संपर्क बनाए रखना आधुनिक विज्ञान और तकनीक की एक बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए NASA एक विशेष संचार प्रणाली का उपयोग करता है, जिसे डीप स्पेस नेटवर्क (Deep Space Network – DSN) कहा जाता है।

डीप स्पेस नेटवर्क (DSN) क्या है?

डीप स्पेस नेटवर्क NASA का एक वैश्विक संचार नेटवर्क है, जिसका उपयोग पृथ्वी से बहुत दूर स्थित अंतरिक्ष यानों से संपर्क स्थापित करने, उन्हें निर्देश भेजने और उनसे वैज्ञानिक आँकड़े प्राप्त करने के लिए किया जाता है। इस नेटवर्क में विशाल परवलयाकार रेडियो एंटीना (Parabolic Radio Antennas) लगे होते हैं। इनमें अत्यधिक संवेदनशील रिसीवर सिस्टम होते हैं, जो अंतरिक्ष से आने वाले बहुत कमजोर रेडियो संकेतों को भी पकड़ सकते हैं।

डीप स्पेस नेटवर्क के तीन प्रमुख केंद्र

स्थानदेश
कैलिफोर्नियाअमेरिका
मैड्रिडस्पेन
कैनबराऑस्ट्रेलिया

इन तीनों केंद्रों को पृथ्वी के अलग-अलग महाद्वीपों में स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य पृथ्वी के घूमने के बावजूद दूरस्थ अंतरिक्ष यानों से लगभग निरंतर संपर्क बनाए रखना है। इस नेटवर्क का प्रबंधन NASA की जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी (Jet Propulsion Laboratory – JPL) द्वारा किया जाता है।

Voyager 1 के कौन-से वैज्ञानिक उपकरण अभी भी काम कर रहे हैं?

Voyager 1 में शुरुआत में कुल 11 वैज्ञानिक उपकरण लगाए गए थे। इनमें से चार उपकरण अभी भी कार्यशील हैं और वैज्ञानिक आँकड़े पृथ्वी पर भेज रहे हैं।

वैज्ञानिक उपकरणकार्य
Cosmic Ray Telescopeउच्च ऊर्जा वाले कणों का अध्ययन
Low-Energy Charged Particles Experimentकम ऊर्जा वाले आवेशित कणों का अध्ययन
Magnetometerचुंबकीय क्षेत्रों का मापन
Plasma Waves Experimentप्लाज्मा तरंगों का अध्ययन

इन उपकरणों से प्राप्त आँकड़े इंटरस्टेलर स्पेस के वातावरण को समझने में मदद कर रहे हैं। हालाँकि, यान के पुराने होते नियंत्रण उपकरण और थ्रस्टर (Thrusters) धीरे-धीरे खराब हो रहे हैं। भविष्य में इससे पृथ्वी के साथ इसका संपर्क प्रभावित हो सकता है।

Voyager 1 की आगे की दिशा: Gliese 445 तारा

Voyager 1 वर्तमान में Gliese 445 नामक तारे की सामान्य दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह तारा पृथ्वी से 17 प्रकाश-वर्ष से अधिक दूरी पर स्थित है। हालाँकि, इसका अर्थ यह नहीं है कि Voyager 1 निकट भविष्य में इस तारे तक पहुँच जाएगा।

9Pale Blue Dot: Voyager 1 ने पृथ्वी के प्रति मानव दृष्टिकोण कैसे बदला?

Voyager 1 ने केवल वैज्ञानिक खोजों में ही योगदान नहीं दिया, बल्कि इसने ब्रह्मांड में पृथ्वी की स्थिति को समझने का एक नया दृष्टिकोण भी दिया। इस मिशन की सबसे प्रसिद्ध उपलब्धियों में से एक Pale Blue Dot (फीका नीला बिंदु) नामक तस्वीर है। यह तस्वीर 14 फरवरी 1990 को ली गई थी। उस समय Voyager 1 पृथ्वी से लगभग 6 अरब किलोमीटर दूर था। इस तस्वीर में पृथ्वी विशाल अंतरिक्ष की पृष्ठभूमि में एक बहुत छोटे नीले बिंदु के रूप में दिखाई देती है।

कार्ल सेगन (Carl Sagan) की भूमिका

प्रसिद्ध अमेरिकी खगोलशास्त्री कार्ल सेगन (Carl Sagan) Voyager Imaging Team के सदस्य थे। उन्होंने सुझाव दिया था कि Voyager अंतरिक्ष यान को इतनी अधिक दूरी से पृथ्वी की तस्वीर लेनी चाहिए। उनका उद्देश्य मानवता को यह समझाना था कि विशाल ब्रह्मांड की तुलना में हमारी पृथ्वी कितनी छोटी और नाजुक है। इस तस्वीर को बाद में Pale Blue Dot नाम दिया गया।

Pale Blue Dot का महत्त्व:

  • यह ब्रह्मांड में पृथ्वी की स्थिति का अनूठा दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है। यह पृथ्वी की नाजुकता को दर्शाती है। यह पर्यावरण संरक्षण के महत्त्व को रेखांकित करती है। यह अंतरिक्ष अन्वेषण के इतिहास की सबसे प्रसिद्ध तस्वीरों में से एक है। कार्ल सेगन ने इस तस्वीर के माध्यम से मानवता को एक-दूसरे के प्रति अधिक संवेदनशील होने और पृथ्वी को सुरक्षित रखने का संदेश दिया।

Voyager मिशन के सामने प्रमुख चुनौतियाँ

लगभग पाँच दशकों से अंतरिक्ष में यात्रा कर रहे Voyager यान अब अपने कार्यकाल के अंतिम चरण की ओर बढ़ रहे हैं।

इनके सामने कुछ प्रमुख चुनौतियाँ हैं:

1. पुराने होते उपकरण: यान के कई उपकरण लगभग पाँच दशकों से लगातार काम कर रहे हैं।

2. ऊर्जा की सीमित उपलब्धता: रेडियोआइसोटोप ऊर्जा प्रणाली से समय के साथ बिजली उत्पादन कम होता जा रहा है।

3. संचार में कठिनाई: पृथ्वी से दूरी बढ़ने के कारण रेडियो संकेत अत्यधिक कमजोर होते जा रहे हैं।

4. वैज्ञानिक उपकरणों को बंद करना: ऊर्जा बचाने के लिए NASA को कुछ उपकरण और प्रणालियाँ बंद करनी पड़ी हैं।

5. थ्रस्टर की समस्या: पुराने होते थ्रस्टर यान की दिशा नियंत्रित करने और पृथ्वी से संपर्क बनाए रखने की क्षमता को प्रभावित कर सकते हैं।

इन चुनौतियों के बावजूद Voyager 1 और Voyager 2 मानव इंजीनियरिंग और वैज्ञानिक अनुसंधान की असाधारण उपलब्धियाँ बने हुए हैं।

निष्कर्ष

Voyager मिशन मानव इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण अंतरिक्ष अभियानों में से एक है। Voyager 1 का एक प्रकाश-दिवस की दूरी तक पहुँचना मानव की वैज्ञानिक क्षमता, तकनीकी विकास और अंतरिक्ष अन्वेषण की अद्भुत उपलब्धि को दर्शाता है। बृहस्पति और शनि के अध्ययन से लेकर इंटरस्टेलर स्पेस में प्रवेश तथा गोल्डन रिकॉर्ड के माध्यम से पृथ्वी का संदेश पहुँचाने तक, Voyager 1 ने ब्रह्मांड के बारे में हमारी समझ को व्यापक बनाया है। यह मिशन हमें यह भी याद दिलाता है कि ब्रह्मांड कितना विशाल है और हमारी पृथ्वी कितनी छोटी एवं अनमोल है।

Reference:

Indian Express

Comments

Loading comments...

Related Articles

Suggested Courses

Trending
Titan Plus Batch 2
BPSC CCE

Titan Plus Batch 2

Trending
Titan Batch 2
BPSC CCE

Titan Batch 2