ULLAS मिशन: 11 राज्य और केंद्रशासित प्रदेश पूर्ण साक्षर घोषित
चर्चा में क्यों?
हाल ही में केंद्र सरकार के ULLAS ( Understanding Lifelong Learning for All in Society)"समाज में सभी के लिए आजीवन शिक्षा की समझ", नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 11 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को पूर्ण साक्षर घोषित किया गया है। यह उपलब्धि भारत में सार्वभौमिक साक्षरता के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस पहल के तहत वयस्क शिक्षा में लोगों की बढ़ती भागीदारी देखने को मिली है। वयस्क शिक्षार्थियों की संख्या के मामले में मध्य प्रदेश पहले स्थान पर है, जबकि राजस्थान और ओडिशा क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
साक्षरता राष्ट्रीय विकास की नींव है। यह सिर्फ़ शैक्षिक प्रगति का पैमाना मात्र नहीं है, बल्कि यह लोगों को नए अवसर पाने, अर्थव्यवस्था में हिस्सा लेने और समाज में सार्थक रूप से जुड़ने में भी सहायता करती है। यूनेस्को साक्षरता को बुनियादी मानवाधिकार एवं समानता, न्याय, समावेश और कानून के शासन के प्रति सम्मान हासिल करने का महत्वपूर्ण साधन मानता है। पिछले आठ दशकों में भारत ने अपनी साक्षरता दर को बेहतर बनाने में उल्लेखनीय प्रगति की है। 1947 में, देश की समग्र साक्षरता दर सिर्फ़ 14% थी, जबकि महिलाओं की साक्षरता दर 8% पर बहुत कम थी। भारत ने साक्षरता को बेहतर बनाने और अपनी शिक्षा प्रणाली को मज़बूत करने के लिए कई पहल की हैं। सरकार ने सभी स्तरों पर शिक्षा में सुधार लाने और कुशल, परिस्थितियों के अनुसार ढलने में सक्षम और भविष्य के लिए तैयार कार्यबल तैयार करने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 शुरू की।
| साक्षरता क्या है? | स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग ने पहली बार साक्षरता को इस तरह परिभाषित किया है - पहचानने, समझने, व्याख्या करने और रचना करने के साथ ही डिजिटल साक्षरता, वित्तीय साक्षरता जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल के लिए समझ के साथ पढ़ने, लिखने और हिसाब-किताब करने की क्षमता। |
| भारत में पूर्ण साक्षरता का क्या अर्थ है? | पूर्ण साक्षरता का मानक: ULLAS कार्यक्रम के तहत किसी राज्य या केंद्रशासित प्रदेश को पूर्ण साक्षर तब माना जाता है, जब उसकी साक्षरता दर 95% या उससे अधिक हो जाती है। हालाँकि, 100% साक्षरता प्राप्त करना हमेशा व्यावहारिक नहीं होता, क्योंकि कुछ लोगों को अधिक उम्र और कुछ बौद्धिक अक्षमताओं जैसी परिस्थितियों के कारण शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। |
| यूनेस्को की परिभाषा - वैश्विक संदर्भ: | यूनेस्को के अनुसार साक्षरता सिर्फ पढ़ना-लिखना नहीं है, बल्कि संख्याओं का उपयोग करने और तकनीकी व सूचना-समृद्ध वातावरण में समस्याओं को हल करने के लिए डिजिटल सामग्री का उपयोग करने की क्षमता भी है। यह एक बुनियादी कौशल है जो कार्य करने, सीखने और जीवन में भागीदारी के लिए जरूरी है। यह शिक्षा के अधिकार का जरूरी घटक है और अन्य मानवाधिकारों का लाभ उठाने के लिए पूर्व-आवश्यकता है। |

यह उपलब्धि वयस्क शिक्षा कार्यक्रमों और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से शिक्षा तक पहुँच बढ़ाने के प्रयासों को दर्शाती है।
वयस्क शिक्षार्थियों की भागीदारी में मध्य प्रदेश सबसे आगे
उपलब्ध आँकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026-27 में अब तक 90.96 लाख से अधिक शिक्षार्थी मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता आकलन परीक्षा (FLNAT) में शामिल हो चुके हैं।
| 34 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कुल मिलाकर लगभग 4.15 करोड़ शिक्षार्थियों ने इस परीक्षा में भाग लिया है। इनमें 90% से अधिक सफलता दर दर्ज की गई है। |
FLNAT परीक्षा क्या है?
मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता आकलन परीक्षा (FLNAT) का आयोजन ULLAS कार्यक्रम के तहत किया जाता है। इसका उद्देश्य वयस्क शिक्षार्थियों की पढ़ने, लिखने और बुनियादी गणितीय क्षमताओं का मूल्यांकन करना है।
इसके प्रमुख बिंदु:
- यह परीक्षा शिक्षार्थियों की मूलभूत साक्षरता और संख्यात्मक कौशल का आकलन करती है।
- सफल उम्मीदवारों को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS) द्वारा 'साक्षर व्यक्ति' का प्रमाणपत्र दिया जाता है।
- इस परीक्षा का आयोजन वर्ष में दो बार किया जाता है।
यह परीक्षा वयस्क शिक्षार्थियों की प्रगति को मापने और उनके सीखने के परिणामों को मान्यता देने में मदद करती है।
ULLAS – नव भारत साक्षरता कार्यक्रम क्या है?
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा वर्ष 2022-23 से ULLAS – नव भारत साक्षरता कार्यक्रम लागू किया गया है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP), 2020 के दृष्टिकोण के अनुरूप शुरू की गई है। इसका उद्देश्य 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के निरक्षर व्यक्तियों को शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है। यह कार्यक्रम केवल पारंपरिक कक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वयंसेवकों, स्कूल शिक्षकों, उच्च शिक्षण संस्थानों और समुदाय की भागीदारी के माध्यम से मिश्रित शिक्षण व्यवस्था को बढ़ावा देता है।
ULLAS कार्यक्रम के पाँच प्रमुख घटक
इस कार्यक्रम के तहत वयस्क शिक्षार्थियों को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने के लिए पाँच प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान दिया जाता है:
1. मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता: पढ़ने, लिखने और बुनियादी गणितीय कौशल का विकास।
2. महत्वपूर्ण जीवन कौशल: दैनिक जीवन से जुड़े कार्यों को समझने और सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना।
3. बुनियादी शिक्षा: औपचारिक शिक्षा को आगे बढ़ाने और सीखने की प्रक्रिया को मजबूत करना।
4. व्यावसायिक कौशल: रोजगार और आजीविका के अवसरों को बेहतर बनाने के लिए कार्य-आधारित कौशल विकसित करना।
5. सतत शिक्षा: जीवनभर सीखने और नए कौशल प्राप्त करने को प्रोत्साहित करना।
ULLAS कार्यक्रम की प्रमुख उपलब्धियाँ
इस पहल ने वयस्क शिक्षार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण प्रगति की है।
- रिपोर्ट में दिए गए आँकड़ों के अनुसार, भारत की साक्षरता दर बढ़कर 81.1% हो गई है, जबकि जनगणना 2011 में यह 74.04% थी।
- ULLAS मोबाइल एप्लिकेशन पर 4.17 करोड़ से अधिक शिक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है।
- इस प्लेटफॉर्म पर 52.89 लाख से अधिक स्वयंसेवी शिक्षकों ने भी पंजीकरण कराया है।
ये आँकड़े वयस्क शिक्षा के विस्तार में डिजिटल प्लेटफॉर्म, स्वयंसेवकों और सामुदायिक भागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाते हैं।
निष्कर्ष
भारत में सार्वभौमिक साक्षरता का लक्ष्य केवल लोगों को पढ़ना-लिखना सिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज में सक्रिय भागीदारी के योग्य बनाने से भी जुड़ा है। ULLAS कार्यक्रम के तहत 11 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की उपलब्धि वयस्क शिक्षा के बढ़ते महत्व को दर्शाती है। हालाँकि, इस पहल की वास्तविक सफलता तभी सुनिश्चित होगी, जब साक्षरता को आजीवन सीखने, बेहतर अवसरों और सामाजिक सशक्तीकरण से जोड़ा जा सके।
Reference:






