अब छोटा कद(बौनापन) दिव्यांगता की श्रेणी में : क्या हैं दिव्यांगता आकलन के नए नियम 2026
चर्चा में क्यों?
केंद्र सरकार ने दिव्यांग व्यक्तियों की दिव्यांगता का आकलन करने और दिव्यांगता प्रमाणपत्र जारी करने से संबंधित नियमों में संशोधन किया है। दरअसल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने बीते 18 नवंबर को नए दिशानिर्देश जारी किए थे।
ये दिशानिर्देश दिव्यांगता की 8 श्रेणियों के आकलन के लिए बनाए गए हैं। नए नियम मार्च 2024 में जारी पुराने आकलन दिशानिर्देशों को प्रतिस्थापित करते हैं। इसका उद्देश्य दिव्यांगता की पहचान, उसकी गंभीरता का निर्धारण तथा दिव्यांगता प्रतिशत तय करने की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित, वैज्ञानिक एवं एकरूप बनाना है। यह अधिसूचना दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के अंतर्गत जारी की गई है।
इस ब्लॉग के जरिये हमलोग समझेंगे कि क्या नए परिवर्तन किये गये हैं और इनके प्रभाव क्या होंगे? लेकिन सबसे पहले जानते हैं कि
दिव्यांगता का मतलब क्या होता है? दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के अनुसार, “दिव्यांग व्यक्ति (Person with Disability)” वह है, जिसे दीर्घकालिक शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक या संवेदी अक्षमता (Long-term Physical, Mental, Intellectual or Sensory Impairment) है, जोकि विभिन्न बाधाओं के साथ परस्पर क्रिया (Interaction with Barriers) के दौरान समाज में अन्य लोगों के समान पूर्ण एवं प्रभावी भागीदारी करने में रुकावट उत्पन्न करती है।
दिव्यांगता की पहचान करने के लिए इसका आकलन भी जरूरी है. आइये इसे जानते हैं. दिव्यांगता आकलन
दिव्यांगता आकलन का अर्थ है किसी व्यक्ति की शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक या अन्य कार्यात्मक स्थिति का वैज्ञानिक तरीके से मूल्यांकन करना, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसकी दिव्यांगता किस प्रकार की है और दैनिक जीवन में वह व्यक्ति किस स्तर पर प्रभावित है।
इस प्रक्रिया में यह देखा जाता है कि व्यक्ति को चलने-फिरने में कितनी कठिनाई होती है। देखने या सुनने में कितनी समस्या है। बोलने और भाषा के प्रयोग में कितनी परेशानी है। सीखने, पढ़ने, लिखने या गणित समझने में कितनी कठिनाई है। मानसिक या बौद्धिक कार्यों में किस स्तर की बाधा है। दैनिक जीवन के कार्यों और सामाजिक गतिविधियों में कितनी सहायता की आवश्यकता होती है।
मान लीजिए, दो व्यक्तियों के पैरों में दिव्यांगता है। दोनों को चलने में कठिनाई होती है, लेकिन एक व्यक्ति बिना सहारे चल सकता है जबकि दूसरे को व्हीलचेयर की आवश्यकता होती है। दोनों की दिव्यांगता का प्रकार समान हो सकता है, लेकिन उनकी कार्यात्मक क्षमता और दिव्यांगता की गंभीरता अलग-अलग हो सकती है।
इसीलिए केवल बीमारी का नाम देखकर दिव्यांगता प्रतिशत तय नहीं किया जाता, बल्कि निर्धारित मेडिकल एवं कार्यात्मक परीक्षणों के आधार पर आकलन किया जाता है।
नए दिशानिर्देशों के अंतर्गत दिव्यांगता की 8 श्रेणियाँ
केंद्र सरकार ने दिव्यांगता आकलन की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और मानकीकृत बनाने के लिए 8 व्यापक श्रेणियों के अंतर्गत संशोधित आकलन मानक जारी किए हैं। इनमें चलने-फिरने से संबंधित दिव्यांगता (Locomotor Disability), दृष्टि संबंधी दिव्यांगता (Visual Impairment) तथा श्रवण एवं वाणी संबंधी दिव्यांगता (Hearing Impairment & Speech-Language Disability) शामिल हैं।
इसके अलावा, पढ़ने-लिखने, गणना, बौद्धिक क्षमता और सामाजिक व्यवहार से संबंधित स्थितियों, जैसे विशिष्ट अधिगम दिव्यांगता (Specific Learning Disability), बौद्धिक दिव्यांगता (Intellectual Disability) और ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर (Autism Spectrum Disorder), को भी एक साथ व्यापक श्रेणी में रखा गया है।
इन दिशानिर्देशों में मानसिक बीमारी (Mental Illness) तथा रक्त संबंधी विकार (Blood Disorders), जैसे थैलेसीमिया, हीमोफीलिया और सिकल सेल रोग को भी शामिल किया गया है। इसके साथ ही, एक व्यक्ति में दो या अधिक दिव्यांगताओं की मौजूदगी को बहु-दिव्यांगता (Multiple Disability) के अंतर्गत रखा गया है। वहीं, तंत्रिका तंत्र से जुड़ी दीर्घकालिक बीमारियों, जैसे पार्किंसन रोग और मल्टीपल स्क्लेरोसिस, को दीर्घकालिक तंत्रिका संबंधी विकार (Chronic Neurological Disorder) की श्रेणी में शामिल किया गया है।
आठ श्रेणियों के अंतर्गत प्रमुख संशोधन और नियम
(1) चलने-फिरने से संबंधित दिव्यांगता ( Locomotor Disability)
इस श्रेणी में शरीर के अंगों, विशेषकर हाथ-पैर, मांसपेशियों, हड्डियों तथा शरीर की गतिविधियों को नियंत्रित करने वाली प्रणाली से संबंधित समस्याएं आती हैं।
इसमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
- अंग का काटना (Amputation)
- सेरेब्रल पाल्सी (Cerebral Palsy)
- कुष्ठ रोग से ठीक हुए व्यक्ति (Leprosy-cured persons)
- बौनापन (Dwarfism)
- मस्कुलर डिस्ट्रॉफी (Muscular Dystrophy)
- रीढ़ की हड्डी से संबंधित विकृतियां (Spinal Deformities)
बौनापन (Dwarfism) के संबंध में नया प्रावधान : वयस्क व्यक्ति की लंबाई 147 सेंटीमीटर (4 फीट 8 इंच) से कम होने पर उसे निर्धारित परिभाषा के अंतर्गत बौनापन माना जाएगा। लंबाई में प्रत्येक एक इंच की कमी पर 4% स्थायी शारीरिक दिव्यांगता का आकलन किया जाएगा। इससे जुड़ी हड्डियों की विकृतियों का आकलन अलग से किया जाएगा।
दिव्यांगता प्रमाणपत्र से संबंधित प्रावधान
अंग विच्छेदन (Amputation) के मामलों को छोड़कर, लक्षणों के छह महीने रहने के बाद अस्थायी दिव्यांगता प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। स्थायी प्रमाणपत्र 18 वर्ष की आयु के बाद जारी किए जाएंगे। यदि दिव्यांग व्यक्ति अनुरोध करता है या विशेषज्ञ पुनर्मूल्यांकन की सलाह देता है, तो स्थायी प्रमाणपत्र के मामलों में 10 वर्ष के अंतराल पर पुनर्मूल्यांकन किया जा सकता है। यह प्रावधान दिव्यांगता की वास्तविक स्थिति के अनुसार प्रमाणपत्र जारी करने में सहायता करता है।
दृष्टि संबंधी दिव्यांगता (Visual Impairment)
दृष्टि संबंधी दिव्यांगता में व्यक्ति की देखने की क्षमता प्रभावित होती है। इसमें पूर्ण दृष्टिहीनता और कम दृष्टि (Low Vision) दोनों शामिल हो सकते हैं। उदाहरण के तौर पर यदि किसी व्यक्ति को चश्मा लगाने के बाद भी वस्तुओं को स्पष्ट देखने में गंभीर परेशानी होती है, तो उसकी दृष्टि का आकलन निर्धारित मेडिकल परीक्षणों के आधार पर किया जाएगा। इसमें केवल चश्मे का नंबर नहीं, बल्कि सुधार के बाद वास्तविक दृष्टि क्षमता तथा देखने का क्षेत्र भी महत्वपूर्ण होगा।
Hearing Impairment एवं Speech-Language Disability
इस श्रेणी में सुनने की क्षमता, बोलने की क्षमता तथा भाषा के माध्यम से संवाद करने में आने वाली समस्याओं का आकलन किया जाता है। सुनने की क्षमता का आकलन Pure Tone Audiometry (PTA) के माध्यम से किया जाएगा।
इस परीक्षण में विभिन्न ध्वनि आवृत्तियों पर व्यक्ति की सुनने की क्षमता को मापा जाता है। यह एक परीक्षण है जिसमें व्यक्ति को अलग-अलग आवृत्ति और तीव्रता की आवाजें सुनाई जाती हैं। इससे पता चलता है कि वह कितनी धीमी आवाज को सुन सकता है और किस स्तर पर उसकी सुनने की क्षमता प्रभावित है।
विशिष्ट अधिगम दिव्यांगता (Specific Learning Disability), बौद्धिक दिव्यांगता (Intellectual Disability) और ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर
यह श्रेणी बच्चों और वयस्कों की सीखने, बौद्धिक क्षमता तथा सामाजिक एवं व्यवहारिक विकास से संबंधित स्थितियों के आकलन के लिए महत्वपूर्ण है।
बच्चों के लिए आयु संबंधी प्रावधान
दिव्यांगता प्रमाणन के लिए न्यूनतम आयु एक वर्ष निर्धारित की गई है। एक वर्ष से अधिक और पाँच वर्ष तक की आयु के बच्चों में Global Developmental Delay (GDD) का निदान किया जाएगा। पाँच वर्ष से अधिक आयु के बच्चों का बौद्धिक दिव्यांगता के लिए आकलन किया जाएगा। Global Developmental Delay (GDD) का अर्थ है बच्चे के विकास के एक या अधिक क्षेत्रों में उम्र के अनुसार अपेक्षित विकास की तुलना में देरी होना, जैसे भाषा, मोटर कौशल, सीखना या सामाजिक विकास।
विशिष्ट अधिगम दिव्यांगता
विशिष्ट अधिगम दिव्यांगता ऐसी स्थिति है जिसमें व्यक्ति की सामान्य बुद्धिमत्ता होने के बावजूद पढ़ने, लिखने या गणित सीखने में विशेष कठिनाई होती है।
इसमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
- पढ़ने में कठिनाई।
- लिखने और विचारों को लिखित रूप में व्यक्त करने में कठिनाई।
- गणितीय अवधारणाओं और गणना में कठिनाई।
ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर
ऑटिज्म एक न्यूरोडेवलपमेंटल स्थिति है, जिसमें व्यक्ति के सामाजिक संवाद, संचार, व्यवहार, रुचियों और संवेदनात्मक अनुभवों का तरीका प्रभावित हो सकता है। इसके आकलन के लिए AIIMS-modified INCLEN Tool निर्धारित किया गया है।
मानसिक बीमारी (Mental Illness)
मानसिक बीमारी का आकलन केवल किसी व्यक्ति के व्यवहार को देखकर नहीं किया जाएगा, बल्कि चिकित्सकीय जाँच, बीमारी की अवधि तथा दैनिक जीवन में व्यक्ति की कार्यक्षमता पर पड़ने वाले प्रभाव को ध्यान में रखा जाएगा।
आकलन में निम्न क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा:
- स्वयं की देखभाल करने की क्षमता।
- दूसरों के साथ संबंध एवं सामाजिक व्यवहार।
- संवाद और समझने की क्षमता।
- काम करने और जिम्मेदारियाँ निभाने की क्षमता।
रक्त संबंधी विकार (Blood Disorders)
नए दिशानिर्देशों में कुछ गंभीर रक्त संबंधी बीमारियों को दिव्यांगता आकलन के अंतर्गत शामिल किया गया है। जैसे हीमोफीलिया, थैलेसीमिया , सिकल सेल विकार.
A. हीमोफीलिया (Haemophilia)
हीमोफीलिया एक आनुवंशिक रक्त विकार है, जिसमें रक्त का थक्का बनने की प्रक्रिया प्रभावित होती है। इसके कारण रक्तस्राव सामान्य से अधिक समय तक हो सकता है।
B. थैलेसीमिया (Thalassemia)
थैलेसीमिया एक आनुवंशिक रक्त रोग है, जिसमें शरीर पर्याप्त मात्रा में सामान्य हीमोग्लोबिन नहीं बना पाता।
C. सिकल सेल रोग (Sickle Cell Disease)
सिकल सेल रोग में लाल रक्त कोशिकाओं का आकार सामान्य गोलाकार के बजाय हंसिया (Sickle) जैसा हो सकता है। इससे रक्त प्रवाह बाधित हो सकता है तथा दर्द, एनीमिया और अन्य जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं।
एक से अधिक दिव्यांगताएं (Multiple Disability)
Multiple Disability का अर्थ है कि एक व्यक्ति में एक से अधिक प्रकार की निर्धारित दिव्यांगताएं मौजूद हों।जैसे दृष्टि संबंधी दिव्यांगता और श्रवण दिव्यांगता नई गाइडलाइन के अनुसार प्रत्येक दिव्यांगता का अलग-अलग आकलन किया जाएगा। संयुक्त दिव्यांगता की गणना में केवल 25% या उससे अधिक वाली दिव्यांगताओं को शामिल किया जाएगा। दो दिव्यांगताओं के प्रतिशत को सीधे जोड़ने के बजाय निर्धारित Combined Formula का उपयोग किया जाएगा।कुल संयुक्त दिव्यांगता 100% से अधिक नहीं हो सकती।
दीर्घकालिक तंत्रिका संबंधी विकार (Chronic Neurological Disorder)
तंत्रिका तंत्र में मस्तिष्क, मेरुरज्जु (Spinal Cord) और शरीर की नसें शामिल होती हैं। इनसे संबंधित दीर्घकालिक बीमारियां व्यक्ति की गतिविधियों, संवेदनाओं, सोचने, बोलने और दैनिक कार्यों को प्रभावित कर सकती हैं।
दिव्यांगता प्रमाणपत्र (Disability Certificate) और UDID कार्ड क्या हैं?
दिव्यांगता प्रमाणपत्र
यह एक आधिकारिक मेडिकल एवं प्रशासनिक दस्तावेज है, जिसके माध्यम से किसी व्यक्ति की दिव्यांगता के प्रकार और निर्धारित प्रतिशत की पुष्टि की जाती है। इस प्रमाणपत्र का उपयोग पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं, आरक्षण, शिक्षा, रोजगार तथा अन्य सुविधाओं का लाभ लेने के लिए किया जा सकता है।
UDID (Unique Disability ID)
यह दिव्यांग व्यक्तियों के लिए एक विशिष्ट पहचान प्रणाली है, जिसका उद्देश्य दिव्यांगता संबंधी पहचान एवं प्रमाणपत्र प्रक्रिया को डिजिटल और अधिक व्यवस्थित बनाना है। इसके प्रमुख उद्देश्य: दिव्यांग व्यक्तियों का एक केंद्रीकृत डेटाबेस तैयार करना। दिव्यांगता प्रमाणपत्र और पहचान को डिजिटल रूप से व्यवस्थित करना। सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं तक पहुँच आसान बनाना। प्रमाणपत्र से संबंधित प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाना। अलग-अलग सरकारी विभागों के बीच समन्वय को बेहतर बनाना।
दिव्यांगता प्रमाणपत्र कौन जारी करेगा?
नए दिशानिर्देशों के अनुसार राज्य सरकार और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रशासन ऐसे व्यक्तियों को प्रमाणन प्राधिकारी (Certifying Authority) के रूप में नामित करेंगे, जिनके पास आवश्यक योग्यता और अनुभव होगा।
दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 क्या है?
यह अधिनियम भारत में दिव्यांग व्यक्तियों के अधिकारों की सुरक्षा, समान अवसर, गरिमा और सामाजिक समावेशन सुनिश्चित करने के लिए बनाया गया कानून है।
दिव्यांग व्यक्तियों के अधिकारों की रक्षा करना, शिक्षा एवं रोजगार में समान अवसर उपलब्ध कराना, सार्वजनिक स्थानों और सेवाओं को सुलभ बनाना।, भेदभाव को कम करना, सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक भागीदारी को बढ़ावा देना, दिव्यांग व्यक्तियों की गरिमा और स्वतंत्र जीवन को सुनिश्चित करना इस अधिनियम के प्रमुख उद्देश्य हैं.
सवाल है कि नए दिशानिर्देशों की आवश्यकता क्यों पड़ी?
पुराने आकलन नियमों को संशोधित करने की आवश्यकता कई कारणों से महसूस की गई।
1. वैज्ञानिक एवं मानकीकृत आकलन
अलग-अलग अस्पतालों या मेडिकल बोर्डों में आकलन की प्रक्रिया में अंतर हो सकता था। संशोधित दिशानिर्देश निर्धारित परीक्षणों एवं मानदंडों के माध्यम से अधिक एकरूपता लाने का प्रयास करते हैं।
2. बदलती चिकित्सा तकनीक
मेडिकल साइंस, डायग्नोस्टिक उपकरणों, पुनर्वास तकनीक और दिव्यांगता संबंधी समझ में समय के साथ सुधार हुआ है। ऐसे में आकलन के मानकों को अद्यतन करना आवश्यक है।
3. बच्चों और वयस्कों के लिए अलग-अलग मानक
बच्चों का विकास लगातार होता है। एक छोटे बच्चे की सीखने, बोलने या व्यवहार संबंधी स्थिति का आकलन वयस्कों के समान तरीके से नहीं किया जा सकता। इसलिए नई गाइडलाइन में अलग-अलग आयु समूहों और स्थितियों के अनुसार आकलन का प्रावधान किया गया है।
4. कार्यात्मक क्षमता पर जोर
दिव्यांगता का आकलन केवल शरीर में मौजूद कमी या बीमारी के आधार पर नहीं, बल्कि व्यक्ति के दैनिक जीवन पर उसके प्रभाव को ध्यान में रखकर किया जाना अधिक उचित है।
5. पारदर्शिता और प्रशासनिक स्पष्टता
निर्धारित प्रतिशत, परीक्षण, प्रमाणपत्र की अवधि तथा प्रमाणन प्राधिकारियों के प्रावधानों से प्रक्रिया में स्पष्टता लाने का प्रयास किया गया है। इन प्रावधानों के साथ ही भारत में दिव्यांग व्यक्तियों के सामने प्रमुख चुनौतियों को समझना जरूरी है.
कानूनी प्रावधान होने के बावजूद दिव्यांग व्यक्तियों को कई व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
इससे इनकार नहीं किया जा सकता कि कई सरकारी भवन, विद्यालय, अस्पताल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थान दिव्यांग व्यक्तियों के लिए पूरी तरह सुलभ नहीं हैं।
ऐसे कई सार्वजनिक/निजी स्थलों पर रैंप की कमी, लिफ्ट उपलब्ध न होना, दृष्टिबाधित लोगों के लिए टैक्टाइल पाथ का अभाव, सार्वजनिक परिवहन में पर्याप्त सुविधा की कमी और शौचालयों का दिव्यांग-अनुकूल न होने की स्थितियाँ दिखती हैं। कुछ व्यक्तियों को मेडिकल बोर्ड तक पहुँचने, बार-बार अस्पताल जाने, दस्तावेज जमा करने और प्रमाणपत्र प्राप्त करने में कठिनाइयाँ होती हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में यह समस्या अधिक गंभीर हो सकती है, जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों और जाँच सुविधाओं की कमी होती है।
दिव्यांग बच्चों को विद्यालयों में विशेष शिक्षकों की कमी, Braille और सहायक तकनीक का अभाव, सांकेतिक भाषा में शिक्षण सुविधाओं की कमी, शिक्षकों का पर्याप्त प्रशिक्षण न होना, सामान्य विद्यालयों में समावेशी वातावरण की कमी जैसी समस्याओं से जूझना पड़ता है.
दिव्यांग व्यक्तियों को रोजगार प्राप्त करने और कार्यस्थल पर बने रहने में भी कई चुनौतियाँ आती हैं। कई बार उन्हें नियोक्ताओं की नकारात्मक धारणा, कार्यस्थल पर Accessibility की कमी, कौशल प्रशिक्षण तक सीमित पहुँच , सामाजिक भेदभाव का सामना करना पड़ता है.
दिव्यांगता को अक्सर व्यक्ति की कमजोरी के रूप में देखा जाता है, जबकि आधुनिक दृष्टिकोण के अनुसार यह केवल व्यक्ति की शारीरिक या मानसिक स्थिति का मामला नहीं है; समाज, संस्थाओं और वातावरण की बाधाएं भी उसकी भागीदारी को सीमित करती हैं। उदाहरण के तौर पर यदि कोई व्यक्ति व्हीलचेयर का उपयोग करता है, लेकिन किसी सरकारी कार्यालय में रैंप या लिफ्ट नहीं है, तो उस व्यक्ति की कार्यालय तक पहुंच बाधित हो जाती है।
यह समस्या केवल व्यक्ति की शारीरिक स्थिति के कारण नहीं, बल्कि भवन की खराब डिजाइन के कारण भी पैदा होती है। इसलिए आधुनिक दिव्यांगता नीति का उद्देश्य केवल व्यक्ति का उपचार करना नहीं, बल्कि समाज और संस्थाओं को भी समावेशी बनाना है। सरकार के लिए आगे की राह
नए दिशानिर्देशों का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब प्रमाणन प्रक्रिया के साथ-साथ दिव्यांग व्यक्तियों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार किया जाए।
इस दिशा में सरकार के स्तर पर स्थापित संस्थाओं और संभावनाओं को एक-एक कर समझते हैं:
1. सुगम्य भारत अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन
2015 में शुरू इस अभियान के तहत सरकारी भवनों, परिवहन, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों, विद्यालयों और डिजिटल सेवाओं को दिव्यांग-अनुकूल बनाया जाना चाहिए।
2. राष्ट्रीय दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम (NDFDC) की भूमिका बढ़ाना :
यह भारत सरकार का एक सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है, जो सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (DEPwD) के अंतर्गत कार्य करता है। इसकी स्थापना 24 जनवरी 1997 को दिव्यांग व्यक्तियों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य दिव्यांग व्यक्तियों को रियायती ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार, उद्यमिता, उच्च शिक्षा, कौशल विकास तथा आय अर्जित करने वाली गतिविधियों को बढ़ावा देना है। यह वित्तीय सहायता राज्य सरकार की नामित एजेंसियों, बैंकों तथा अन्य सहयोगी संस्थाओं के माध्यम से प्रदान करता है।
3. भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO)
यह भारत सरकार का एक सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है, जो सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (DEPwD) के प्रशासनिक नियंत्रण में कार्य करता है। ALIMCO का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग व्यक्तियों को उचित कीमत पर कृत्रिम अंग (Artificial Limbs), व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र (Hearing Aids) और अन्य पुनर्वास एवं सहायक उपकरण (Rehabilitation Aids) उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी गतिशीलता, स्वतंत्रता, आत्मनिर्भरता और जीवन की गुणवत्ता में सुधार हो सके। यह ADIP (Assistance to Persons with Disabilities for Purchase/Fitting of Aids/Appliances) योजना के कार्यान्वयन में प्रमुख एजेंसी तथा Rashtriya Vayoshri Yojana (RVY) के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने वाली प्रमुख एजेंसी भी है।
4. ग्रामीण क्षेत्रों में प्रमाणन सुविधाएं
जिला स्तर पर मेडिकल बोर्ड, विशेषज्ञ डॉक्टर, मोबाइल मेडिकल टीम और डिजिटल प्रमाणन सेवाओं का विस्तार किया जाना चाहिए।
5. समावेशी शिक्षा
सामान्य विद्यालयों में विशेष शिक्षक, सहायक तकनीक, सांकेतिक भाषा, Braille, व्यक्तिगत शिक्षण सहायता और समावेशी शिक्षण पद्धति को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
6. रोजगार और कौशल विकास
दिव्यांग व्यक्तियों के लिए कौशल प्रशिक्षण, डिजिटल शिक्षा, स्वरोजगार, उद्यमिता और रोजगार के अवसर बढ़ाए जाने चाहिए।
7. यूनिवर्सल डिजाइन को बढ़ावा
भवनों, परिवहन, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सार्वजनिक सेवाओं का डिजाइन ऐसा हो कि उनका उपयोग अधिकतम लोग बिना विशेष बाधाओं के कर सकें।
8. सामाजिक जागरूकता
दिव्यांगता के प्रति भेदभावपूर्ण दृष्टिकोण को समाप्त करने के लिए शिक्षा, मीडिया, समुदाय और कार्यस्थल पर जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है।
9. समय-समय पर दिशानिर्देशों की समीक्षा
चिकित्सा विज्ञान, तकनीक और दिव्यांग व्यक्तियों की आवश्यकताओं में बदलाव के अनुसार आकलन के मानकों की नियमित समीक्षा की जानी चाहिए।
निष्कर्ष
पूरी चर्चा से स्पष्ट होता है कि दिव्यांगता आकलन के लिए संशोधित दिशानिर्देश 2026 केवल मेडिकल परीक्षण और दिव्यांगता प्रतिशत निर्धारित करने की प्रक्रिया में बदलाव नहीं हैं, बल्कि दिव्यांग व्यक्तियों के अधिकारों को अधिक व्यवस्थित तरीके से लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। हालाँकि, दिव्यांगता प्रमाणपत्र और UDID कार्ड जारी करना ही पर्याप्त नहीं है। वास्तविक समावेशन तभी संभव है जब दिव्यांग व्यक्ति शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, परिवहन, डिजिटल सेवाओं और सार्वजनिक जीवन में समान अवसर प्राप्त कर सकें। यहाँ पर ध्यान रखना चाहिए कि भारत, दिव्यांग व्यक्तियों के अधिकारों पर संयुक्त राष्ट्र अभिसमय (UNCRPD) का हस्ताक्षरकर्ता होने के नाते, एक सुलभ एवं समावेशी समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
ऐसे में भारत को एक ऐसे समाज की ओर बढ़ना होगा, जहाँ दिव्यांग व्यक्तियों को केवल सहायता प्राप्त करने वाले वर्ग के रूप में नहीं, बल्कि समान अधिकारों वाले नागरिक और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार के रूप में देखा जाए। वास्तविक सशक्तिकरण का अर्थ दिव्यांग व्यक्ति की सीमाओं को पहचानना ही नहीं, बल्कि समाज की उन बाधाओं को हटाना भी है जो उसकी क्षमता और भागीदारी को रोकती हैं।
इस ब्लॉग को पढ़ने के बाद निम्नलिखित प्रश्नों का उत्तर अभ्यास करें:
IAS प्री. (2026)
भारत में दिव्यांगजनों के संबंध में निम्नलिखित में से कौन-सा/से कथन सही है/हैं?
1. भारत की संसद द्वारा वर्ष 2018 में पारित दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, शिक्षा और नियोजन में आरक्षण अनिवार्य करता है, पहुँच और विभेद न करने को सुनिश्चित करने के सरकारों के विधिक कर्तव्य को स्थापित करता है।
2. सुगम्य भारत अभियान तीन प्रमुख क्षेत्रों यथा, निर्मित बुनियादी ढाँचा, परिवहन प्रणाली और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी में दिव्यांगजनों की सार्वभौमिक पहुँच प्राप्त करने पर केंद्रित है।
3. राष्ट्रीय दिव्यांगजन वित्त और विकास निगम (NDFDC) कारपोरेट कार्य मंत्रालय द्वारा स्थापित एक सार्वजनिक क्षेत्र संगठन है, जो दिव्यांगजनों (PwDs) में उद्यमिता के संवर्धन के लिए एक अलाभकारी कंपनी है।
नीचे दिए गए कूट का प्रयोग कर उतर सुनिए। a. 1 और 2
b. केवल 2 c. 1 और 3 d. केवल 1
IAS मुख्य परीक्षा 2026
अपंगता को आप किस प्रकार समझते हैं? इस विषय में भारत में समावेशी नीतिगत ढाँचे की आवश्यकता सिद्ध कीजिए।
(उत्तर 150 शब्दों में दीजिए)
Reference: Business Standard






