भारतीय राष्ट्रवाद की बदलती तस्वीर
चर्चा में क्यों?
हाल ही में द हिन्दू अखबार में डी. वी. कुमार (शिलांग स्थित नॉर्थ-ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी के समाजशास्त्र विभाग के पूर्व प्रोफेसर) का एक महत्वपूर्ण आर्टिकल प्रकाशित हुआ है। इस आर्टिकल में उन्होंने वर्तमान भारत में राष्ट्रवाद की बदलती हुई प्रवृति की समालोचनात्मक व्याख्या की है। आज के इस विशेष ब्लॉग में बदलते हुए राष्ट्रवाद के विविध पहलूओं को समझने का प्रयास करेंगे।
पिछले कुछ वर्षों में यह महसूस किया जाता रहा है कि भारत में राष्ट्रवाद का मतलब अब धीरे-धीरे बदल गया है। कई समाजशास्त्री इस बात पर जोर देते हुए कहते हैं कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान जिस राष्ट्रवाद के स्वरूप का विकास हुआ था, वह अब परिवर्तित होते हुए दिख रहा है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भारत में विकसित राष्ट्रवाद मुख्यतः नागरिकतावादी प्रकृति का था और यह संविधान पर आधारित सबको साथ लेकर चलने वाला था जहाँ हर धर्म, जाति और भाषा के व्यक्ति को बराबर भारतीय माना जाता था।
राष्ट्रवाद क्या है?
सीधे शब्दों में कहें तो राष्ट्रवाद वो भावना है, जब करोड़ों अलग-अलग लोग खुद को एक ही परिवार, एक ही राष्ट्र का हिस्सा मानने लगते हैं। भले ही हम एक-दूसरे को जानते न हों, फिर भी हमें लगता है, "हम सब भारतीय हैं।
| "एक "कल्पित समुदाय": | राजनीतिक वैज्ञानिक बेनेडिक्ट एंडरसन ने राष्ट्र को एक बहुत सुंदर नाम दिया था, "कल्पित राजनीतिक समुदाय"। कल्पित इसलिए, क्योंकि आप भारत के 140 करोड़ लोगों से कभी मिल नहीं सकते। आप बिहार के एक गाँव में रहते हैं, कोई कश्मीर में, कोई केरल में। फिर भी आपके दिमाग में एक साझा तस्वीर है, एक ही तिरंगा, एक ही राष्ट्रगान, एक ही देश है। वही कल्पना हमें जोड़ती है। |
| राष्ट्र के आधारभूत तत्त्व: | राष्ट्रीय पहचान चार प्रमुख तत्त्वों पर आधारित होती है। पहला है साझा विश्वास, हम सब मानते हैं कि हम एक देश के हैं। दूसरा है सामूहिक ऐतिहासिक स्मृतियाँ : स्वतंत्रता संग्राम, भगत सिंह, गांधी जी, ये कहानियाँ हम सबकी साझा यादें हैं। तीसरा है एक साझा क्षेत्र से पहचान , कश्मीर से कन्याकुमारी तक, ये ज़मीन हमारी है। और चौथा है साझा राजनीतिक आदर्श - लोकतंत्र, समानता, न्याय, यही हमारे साझा सपने हैं। |
| धर्म, भाषा या जाति ज़रूरी नहीं: | सबसे ज़रूरी बात यह है कि किसी राष्ट्र के बनने के लिए एक ही धर्म, एक ही भाषा, एक ही जाति का होना ज़रूरी नहीं है। भारत इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, जहाँ अलग-अलग धर्म, भाषा और संस्कृति के लोग एक ही राष्ट्र का हिस्सा हैं। |
| प्रतिस्पर्द्धी कल्पनाएँ: | एंडरसन की बात को आगे बढ़ाएँ तो, किसी भी समय में किसी देश में राष्ट्र की एक नहीं, कई कल्पनाएँ एक साथ चलती हैं। जैसे भारत में एक तरफ संवैधानिक-बहुलतावादी सोच है, जो कहती है भारत सबका है, विविधता ही हमारी ताकत है। दूसरी तरफ बहुसंख्यकवादी-सांस्कृतिक सोच है, जो कहती है भारत की पहचान एक खास संस्कृति से है। |
कालांतर में अब धीरे-धीरे उसकी जगह एक दूसरे तरह का राष्ट्रवाद ले रहा है जहाँ भारतीय होने की परिभाषा थोड़ी संकरी होती जा रही है। इसी बदलाव को लेकर आज बहस छिड़ी हुई है, क्योंकि इसका असर सिर्फ राजनीति पर नहीं, बल्कि हमारी रोज़मर्रा की ज़िन्दगी पर भी पड़ रहा है।
दरअसल इस बदले हुए राष्ट्रवाद ने लोकतंत्र के बुनियादी चरित्र पर प्रहार करना शुरु कर दिया है। इस विशाल लोकतंत्र में असहमति और आलोचना की जगह कम होती जा रही है। इस बदले हुए राष्ट्रवाद में कॉरपोरेट हितों और अनियंत्रित पूंजीवाद को भरपूर संरक्षण मिल रहा है।
कई सामाजिक विज्ञान के विद्वानों का मानना रहा है कि विकसित पूँजीवाद और आधुनिकता के विस्तार के साथ राष्ट्रवादी एवं जातीय भावनाएँ कमजोर पड़ जाएँगी। हालाँकि, आज यह स्पष्ट है कि राष्ट्रवाद अब भी एक शक्तिशाली शक्ति बना हुआ है। इसलिए सवाल ये नहीं है कि राष्ट्रवाद सही है या गलत, सवाल ये है कि किस तरह का राष्ट्रवाद भारत को आगे ले जाएगा - सबको जोड़ने वाला या कुछ को बाहर करने वाला? राष्ट्रवाद के अर्थ और उसकी प्रकृति को समझने के लिए पर्याप्त साहित्य उपलब्ध है। यहाँ हम राष्ट्रवाद के दो प्रमुख स्वरूपों को समझेंगे और भारत में राष्ट्रवाद की बदलती तस्वीर के संदर्भ में उनका विश्लेषण करेंगे।
राष्ट्रवाद के दो स्वरूप
व्यापक रूप से राष्ट्रवाद के दो प्रमुख स्वरूप माने जा सकते हैं, नागरिक राष्ट्रवाद (Civic Nationalism) और नृजातीय राष्ट्रवाद (Ethnic Nationalism)।
नागरिक राष्ट्रवाद: नागरिक राष्ट्रवाद स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व जैसे मूल्यों के प्रति साझा सम्मान तथा संवैधानिक व्यवस्था में अटूट विश्वास पर आधारित होता है। यह समावेशी, प्रगतिशील, मुक्तिदायक और लोकतांत्रिक होता है। यह अलग-अलग धर्मों, सामाजिक प्रथाओं, भाषाओं, खान-पान की आदतों और संस्कृतियों वाले लोगों को एक साथ जोड़ता है। यह सुनिश्चित करता है कि हाशिए पर रहने वाले और ऐतिहासिक रूप से उत्पीड़ित समुदायों को भी राष्ट्रवादी ढाँचे में उचित स्थान मिले। यह प्रत्येक पहचान को बिना किसी बाधा के विकसित होने और अपनी विशिष्टता बनाए रखने का अवसर देता है।
नृजातीय राष्ट्रवाद: इसके विपरीत, नृजातीय राष्ट्रवाद धर्म, भाषा या जातीयता के आधार पर किसी एक पहचान को सर्वोपरि मानता है और उसे विशेष महत्त्व देता है। इसलिए इसकी प्रकृति बहिष्करणकारी, प्रतिगामी, विनाशकारी और अलोकतांत्रिक होती है।
यह एक विशेष धार्मिक, भाषाई या जातीय पहचान को राष्ट्र की प्रमुख पहचान के रूप में स्थापित करता है। यह उन समुदायों के लिए खतरा पैदा करता है, जिनकी पहचान राष्ट्रवाद की प्रभावशाली या प्रमुख अवधारणा के अनुरूप नहीं होती। यह अल्पसंख्यक और अलग पहचान रखने वाले समुदायों को हाशिए पर धकेल सकता है।
उदाहरण के लिए हिटलर ने नृजातीय राष्ट्रवाद का स्पष्ट समर्थन किया था। उसने जर्मन आर्य नस्ल की श्रेष्ठता का विचार प्रस्तुत किया, जिसके परिणामस्वरूप नाजी शासन के दौरान जर्मनी में यहूदियों के विरुद्ध भीषण अत्याचार किए गए।
स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भारत में नागरिक राष्ट्रवाद
स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भारत में विकसित राष्ट्रवाद मुख्यतः नागरिक प्रकृति का था। यह एक समावेशी, मुक्तिदायक और लोकतांत्रिक विचारधारा पर आधारित आंदोलन था। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान लोगों में यह दृढ़ विश्वास था कि जिस उद्देश्य के लिए वे संघर्ष कर रहे हैं, वह नैतिक और न्यायसंगत है। उस समय के राष्ट्रवाद के मार्गदर्शक सिद्धांत न्याय, समानता, स्वतंत्रता और धर्मनिरपेक्षता थे। इन आदर्शों के प्रति लोगों में गहरा जुड़ाव था और वे इन्हें अपने जीवन का हिस्सा मानते थे। इस राष्ट्रवादी विचारधारा में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और तर्कशीलता को भी महत्त्वपूर्ण स्थान दिया गया था।
भारतीय संविधान और लोकतांत्रिक राष्ट्रवाद का संबंध
भारतीय संविधान विचार-विमर्श, तर्कपूर्ण बहस और विभिन्न मतों के बीच सहमति-असहमति की प्रक्रिया का परिणाम था। इसके अस्तित्व में आने से समाज में लोकतांत्रिक परिवर्तन की व्यापक संभावनाएँ विकसित हुईं। संविधान में मौलिक अधिकारों और स्वतंत्रताओं को शामिल करना भारतीय समाज के लिए एक महत्त्वपूर्ण बदलाव था।
भारतीय समाज में जाति व्यवस्था जैसी कई दमनकारी संरचनाएँ पहले से मौजूद थीं और आज भी विभिन्न रूपों में विद्यमान हैं। ऐसे समाज में लोकतांत्रिक संविधान का निर्माण लोकतांत्रिक राष्ट्रवाद की पृष्ठभूमि में ही संभव हो सका।
वर्तमान राष्ट्रवाद की बहिष्करणकारी प्रकृति
पिछले लगभग एक दशक में भारत में जिस राष्ट्रवाद को प्रमुखता दी जा रही है, वह स्वतंत्रता संग्राम और उसके बाद विकसित राष्ट्रवाद की मूल भावना के विपरीत है। वर्तमान में एक ऐसे नृजातीय राष्ट्रवाद के उभार को देखा जा रहा है, जिसकी प्रकृति बहिष्करणकारी, पुरुषवादी और अलोकतांत्रिक है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि इसे हिंदू राष्ट्र की अवधारणा से जोड़कर देखा जा रहा है। ऐसे कई अवसर देखे गए हैं जहाँ नागरिक राष्ट्रवाद को नृजातीय और बहिष्करणकारी राष्ट्रवाद में बदलने के लिए व्यवस्थित प्रयास हुए हैं।
वर्तमान प्रभावशाली नृजातीय राष्ट्रवाद की प्रमुख विशेषताएँ:
| अल्पसंख्यकों और वंचित समुदायों का हाशियाकरण: | धार्मिक अल्पसंख्यकों, दलितों, आदिवासियों और महिलाओं को व्यवस्थित रूप से हाशिए पर धकेले जाने का आरोप लगाया जाता रहा है। |
| सामाजिक बहिष्करण: | गोमांस रखने या मृत पशुओं की खाल उतारने जैसी गतिविधियों के कारण कुछ समुदायों पर हमले होने की घटनाएँ इस बहिष्करणकारी प्रवृत्ति को दर्शाती हैं। |
| महिलाओं की स्वतंत्रता पर नियंत्रण: | महिलाओं को क्या करना चाहिए और क्या पहनना चाहिए, इस बारे में लगातार निर्देश दिए जाते हैं। इससे उनकी शारीरिक स्वायत्तता और निर्णय लेने की स्वतंत्रता प्रभावित होती है। |
| असहमति के प्रति असहिष्णुता: | सरकार की नीतियों और घटनाओं पर सवाल उठाने वाले लोगों को निशाना बनाए जाने का आरोप है। |
उल्लेखनीय है कि राष्ट्र की एक से अधिक कल्पनाएँ और अवधारणाएँ हो सकती हैं। इतिहास के अलग-अलग दौर में इनमें से कोई एक विचारधारा अन्य विचारधाराओं पर हावी हो सकती है। लेकिन मौजूदा हालात में दक्षिणपंथी राष्ट्रवाद की अवधारणा प्रभावशाली होती जा रही है। इस प्रभावशाली राष्ट्रवादी कल्पना में समाज के हाशिए पर मौजूद और उत्पीड़ित वर्गों के लिए पर्याप्त स्थान नहीं है।
ऐसे समुदायों के सामने या तो प्रभावशाली विचारधारा के अनुरूप चलने या फिर बौद्धिक एवं वैचारिक दमन का सामना करने जैसे ही शेष विकल्प होते हैं। इस कारण वर्तमान में उभरते राष्ट्रवाद की प्रगतिशील प्रकृति कमजोर पड़ रही है। यह राष्ट्रवाद किसी भी प्रकार के सवाल और असहमति को स्वीकार करने के प्रति असहिष्णु है।
नृजातीय राष्ट्रवाद और फासीवाद का संबंध
जब नृजातीय राष्ट्रवाद अपनी चरम सीमा तक पहुँचता है, तो वह फासीवाद का रूप धारण कर सकता है। यूरोप के इतिहास में इसके उदाहरण देखे जा सकते हैं। अमेरिकी दार्शनिक जेसन स्टेनली (Jason Stanley) ने फासीवाद की 10 प्रमुख विशेषताओं का उल्लेख किया है, जिनमें शामिल हैं:
- एक काल्पनिक गौरवशाली अतीत का महिमामंडन।
- बौद्धिकता और स्वतंत्र विचारों का विरोध ।
- स्वयं को पीड़ित के रूप में प्रस्तुत करना।
- प्रचार तंत्र (Propaganda) का व्यापक उपयोग।
इनमें से कुछ विशेषताएँ आज भारत में भी दिखाई देती हैं। इस संदर्भ में अर्थशास्त्री प्रभात पटनायक का कहना है कि यूरोपीय राष्ट्रवाद की प्रकृति गहराई से साम्राज्यवादी रही है, जिसका उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों पर कब्जा करना था। इसके विपरीत, भारतीय राष्ट्रवाद का ऐतिहासिक विकास मुख्यतः साम्राज्यवाद-विरोधी संघर्ष के रूप में हुआ है।
कॉरपोरेट पूँजीवाद की भूमिका
वर्तमान नृजातीय राष्ट्रवाद की एक अन्य प्रमुख विशेषता इसका कॉरपोरेट पूँजीवाद के साथ बढ़ता हुआ निकट संबंध है। जब पूँजीवाद आर्थिक संकट का सामना करता है, तो वह लोगों का ध्यान वास्तविक आर्थिक समस्याओं से हटाने वाले मुद्दों की तलाश करता है। वर्तमान समय में बेरोजगारी के उच्च स्तर और अर्थव्यवस्था में गिरावट को पूँजीवाद के संकट के उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
| ध्यान भटकाने का माध्यम: | आर्थिक संकट के समय हिंदुत्व जैसी विचारधाराओं का इस्तेमाल लोगों का ध्यान बेरोजगारी और आर्थिक असमानता जैसे मुद्दों से हटाने के लिए किया जा सकता है। |
| वर्ग चेतना को कमजोर करना: | पूँजी को ऐसी प्रतिक्रियावादी विचारधारा की आवश्यकता होती है, जो वर्ग चेतना (Class Consciousness) को कमजोर कर सके। |
| वंचित वर्गों की एकजुटता में बाधा: | ऐसी विचारधाराएँ सामाजिक न्याय और समानता के लिए हाशिए पर मौजूद समुदायों की सामूहिक एकजुटता को कमजोर कर सकती हैं। |
| समानता के विचार से असहजता: | पूँजीवाद और दक्षिणपंथी राष्ट्रवाद दोनों का समानता के विचार के साथ एक असहज संबंध है। |
आगे की राह: समावेशी राष्ट्रवाद की पुनर्स्थापना
भारत को स्वतंत्रता संग्राम के दौरान विकसित उस राष्ट्रवाद की मूल भावना को पुनः स्थापित करने की आवश्यकता है, जिसने विविधताओं के बावजूद देश को एकजुट किया था।
इस राष्ट्रवाद की बुनियाद निम्नलिखित मूल्यों पर आधारित थी:
| समानता (Equality): | सभी नागरिकों को समान अधिकार और अवसर प्रदान करना। |
| न्याय (Justice): | सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय सुनिश्चित करना। |
| धर्मनिरपेक्षता (Secularism): | सभी धर्मों के प्रति समान सम्मान और धार्मिक स्वतंत्रता को बनाए रखना। |
| विविधताओं का सम्मान (Respect for Differences): | विभिन्न धर्मों, भाषाओं, संस्कृतियों और पहचानों को समान स्थान देना। |
| साम्राज्यवाद-विरोध (Anti-imperialism): | राष्ट्रीय स्वतंत्रता और संप्रभुता की रक्षा करना। |
भारत में राष्ट्रवाद को समावेशी, सशक्त बनाने वाला और लोकतांत्रिक स्वरूप प्रदान करना आवश्यक है, ताकि विविधता, समानता और न्याय के आदर्शों को बनाए रखा जा सके।
निष्कर्ष
भारत का राष्ट्रवाद अगर अपनी जड़ों यानी स्वतंत्रता संग्राम की समावेशी भावना और संविधान के मूल्यों से जुड़ा रहेगा, तो वह सबको जोड़ने वाली ताकत बनेगा, इसलिए आज की सबसे बड़ी ज़रूरत यही है कि हम राष्ट्रवाद को किसी एक धर्म, जाति या संस्कृति की पहचान तक सीमित न करके, हर भारतीय के अपनापन, समानता और न्याय की भावना से जोड़ें, क्योंकि जब हर नागरिक को यह लगेगा कि "यह देश मेरा भी है", तभी भारत सच में एक मज़बूत, एकजुट और महान राष्ट्र बन पाएगा।
Reference:





