EDU TERIA Logo
Sign InSign UpEnroll Now

क्या मानसून सत्र अभी भी सक्रिय है?

Understand Adjournment Sine Die, Prorogation and Parliamentary Sessions in India along with latest news.

Written by Team EduTeria
Published: 25 November 2026•12 min read
क्या मानसून सत्र अभी भी सक्रिय है?
Progress
0%
Aa

क्या मानसून सत्र अभी भी सक्रिय है?

दोस्तों, इस ब्लॉग की हेडिंग पढ़कर आप एक बार को चौंकेंगे । आपको लग सकता है कि मानसून सत्र तो अमूमन जुलाई-अगस्त माह के दौरान होता है, तो अभी ये सक्रिय कैसे हो सकता है! दरअसल , इसमें एक पेंच है। आज के इस ब्लॉग में हमलोग इससे जुड़ी सभी परतों को एक-एक कर समझेंगे ताकि आपको इस संदर्भ में स्पष्टता हो सके ।

निश्चित तौर पर यह ब्लॉग UPSC एवं BPSC परीक्षाओं के दृष्टिकोण से भारतीय राजव्यवस्था विषय में संसदीय गतिविधियों के मद्देनजर आपके लिए उपयोगी होगा। 

आइये, सबसे पहले वर्तमान वस्तुस्थिति समझ लेते हैं।

13 अगस्त 2026 को संसद के मानसून सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था, लेकिन अभी तक राष्ट्रपति द्वारा इस सत्र का औपचारिक सत्रावसान (Prorogation) नहीं किया गया है। इस प्रकार, मानसून सत्र के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने और औपचारिक रूप से समाप्त होने के बीच 100 दिनों से अधिक का अंतर हो गया। यह भारतीय संसदीय इतिहास में अनिश्चितकाल के लिए स्थगन और औपचारिक सत्रावसान के बीच का सबसे लंबा अंतराल बन गया। वस्तुतः भारतीय संसदीय इतिहास में सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने के बाद लंबे समय तक सत्रावसान न करने के उदाहरण पहले भी मिलते हैं। जैसे 1987 में 76 दिनों के लिए और 1989 में 61 दिनों के लिए ‘अनिश्चितकाल के लिए स्थगन और औपचारिक सत्रावसान’ के बीच का अंतराल रहा था।

हालिया स्थिति के पीछे संभावित कारण की पड़ताल की जाए तो सरकार द्वारा मानसून सत्र को औपचारिक रूप से समाप्त न किए जाने के पीछे संसद की विशेष बैठक बुलाने की संभावना एक महत्त्वपूर्ण कारण थी।

इसके माध्यम से सरकार मानसून सत्र को ही दोबारा शुरू कर सकती थी। ऐसा होने पर उसे एक नया सत्र बुलाने की सामान्य प्रक्रिया अपनाने की आवश्यकता नहीं होती।

ऐसा करने से सरकार को क्या लाभ हो सकता है?

  1. कम समय में संसद की बैठक: अनिश्चितकाल के लिए स्थगित सदन को लोकसभा अध्यक्ष नियम 15 के तहत दोबारा बुला सकते हैं।
  2. नए सत्र की प्रतीक्षा नहीं: मौजूदा सत्र को जारी रखते हुए संसद की बैठक आयोजित की जा सकती है।
  3. कम पूर्व सूचना: सामान्य सत्र बुलाने की परंपरा के अनुसार लगभग 15 दिन पहले सूचना दी जाती है, जबकि मौजूदा सत्र को दोबारा बुलाने में कम समय लग सकता है।
  4. महत्त्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा: सरकार अपनी विधायी प्राथमिकताओं से जुड़े विधेयकों को संसद में ला सकती है।

इस स्थिति ने संसद की कार्यवाही, विशेष सत्र बुलाने की प्रक्रिया और सरकार की अध्यादेश जारी करने की शक्ति से जुड़े संवैधानिक प्रश्नों को चर्चा में ला दिया है। इसलिए यहाँ पर यह जानना जरूरी है कि आखिर संसदीय सत्र से क्या मतलब होता है?

संसद का सत्र क्या होता है?

संसद का सत्र वह अवधि है, जिसके दौरान लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें आयोजित की जाती हैं और विधायी तथा अन्य संसदीय कार्य किए जाते हैं।

भारत में सामान्यतः संसद के तीन नियमित सत्र आयोजित होते हैं:

  1. बजट सत्र (Budget Session): सामान्यतः फरवरी से मई तक।
  2. मानसून सत्र (Monsoon Session): सामान्यतः जुलाई से अगस्त तक।
  3. शीतकालीन सत्र (Winter Session): सामान्यतः नवंबर से दिसंबर तक।

    हालाँकि, भारतीय संविधान में इन तीन सत्रों के नाम या उनकी निश्चित तारीखें निर्धारित नहीं की गई हैं। आवश्यकता के अनुसार संसद का विशेष सत्र भी बुलाया जा सकता है।

संसद के सत्र से संबंधित संवैधानिक प्रावधान

भारतीय संविधान का अनुच्छेद 85 संसद के सत्रों, सत्रावसान और लोकसभा के विघटन से संबंधित है।

इसके दो प्रमुख भाग होते हैं:

अनुच्छेद 85(1), संसद का आह्वान (Summoning) से संबंधित है। इसके तहत :

  • राष्ट्रपति समय-समय पर संसद के प्रत्येक सदन को बैठक के लिए बुलाते हैं।
  • राष्ट्रपति बैठक का समय और स्थान निर्धारित करते हैं।
  • संसद के एक सत्र की अंतिम बैठक और अगले सत्र की पहली बैठक के बीच छह महीने से अधिक का अंतर नहीं होना चाहिए।
  • इसका अर्थ है कि संसद की बैठक कम-से-कम प्रत्येक छह महीने की अवधि में एक बार आयोजित होनी चाहिए।

अनुच्छेद 85(2), सत्रावसान और विघटन से संबंधित है.

इस अनुच्छेद के अंतर्गत राष्ट्रपति को दो शक्तियाँ प्राप्त हैं: पहली कि अनुच्छेद 85(2)(a) के तहत राष्ट्रपति संसद के दोनों सदनों या किसी एक सदन का सत्रावसान कर सकते हैं। और , दूसरी कि अनुच्छेद 85(2)(b) द्वारा राष्ट्रपति लोकसभा को भंग कर सकते हैं। हालाँकि राज्यसभा एक स्थायी सदन है, इसलिए इसे भंग नहीं किया जा सकता।

गौरतलब है कि अनुच्छेद 85 के अनुसार संसद का आह्वान और सत्रावसान राष्ट्रपति के नाम से होता है। लेकिन अनुच्छेद 74 के तहत राष्ट्रपति सामान्यतः प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली मंत्रिपरिषद की सहायता और सलाह के अनुसार कार्य करते हैं। इसलिए सत्रावसान का निर्णय राष्ट्रपति औपचारिक रूप से लेते हैं, जबकि इसके पीछे सामान्यतः केंद्रीय मंत्रिपरिषद की सलाह होती है।

संसद की कार्यवाही समाप्त होने के तीन अलग-अलग तरीके

दोस्तों, संसद की कार्यवाही के संदर्भ में तीन शब्द बहुत महत्त्वपूर्ण हैं—स्थगन (Adjournment), अनिश्चितकाल के लिए स्थगन (Adjournment Sine Die) और सत्रावसान (Prorogation)। इनके बीच अंतर समझना इस ब्लॉग की हेडिंग को समझने के लिए महत्त्वपूर्ण है। आइये, तीनों को एक-एक कर बिन्दुवार समझते हैं:

(i) स्थगन 

  • इसका अर्थ है सदन की बैठक को कुछ समय के लिए रोक देना।
  • यह स्थगन कुछ घंटों, एक दिन या उससे अधिक अवधि के लिए हो सकता है।
  • यह निर्णय लोकसभा में अध्यक्ष (Speaker) और राज्यसभा में सभापति (Chairman) द्वारा लिया जाता है।
  • इससे संसद का सत्र समाप्त नहीं होता।

मान लीजिये कि यदि लोकसभा की बैठक सुबह 11 बजे शुरू होती है और वाद-विवाद की गंभीर स्थिति के कारण दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी जाती है, तो इसे स्थगन कहा जाएगा।

(ii) अनिश्चितकाल के लिए स्थगन 

  • इसका अर्थ है सदन की बैठक को अगली बैठक की कोई निश्चित तारीख बताए बिना स्थगित कर देना।
  • यह निर्णय भी संबंधित सदन के पीठासीन अधिकारी द्वारा लिया जाता है।
  • इससे सदन की बैठकें फिलहाल समाप्त हो जाती हैं, लेकिन संसद का सत्र तकनीकी रूप से जारी रहता है।
  • आवश्यकता पड़ने पर सदन को दोबारा बैठक के लिए बुलाया जा सकता है।

    यदि मानसून सत्र की अंतिम बैठक के बाद लोकसभा अध्यक्ष सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर देते हैं, तो इसका अर्थ यह नहीं है कि मानसून सत्र औपचारिक रूप से समाप्त हो गया है। कुछ ऐसी ही स्थिति अभी पनप गई है।

    इसके बावजूद यह गौर करने वाली बात है कि भारतीय संविधान में यह निर्धारित नहीं किया गया है कि सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के कितने दिनों के भीतर सत्रावसान करना अनिवार्य है। ऐसे में वर्तमान स्थिति को तकनीकी तौर पर असंवैधानिक नहीं कहा जा सकता। 

(iii) सत्रावसान 

  • सत्रावसान का अर्थ है संसद के किसी सत्र को औपचारिक रूप से समाप्त करना।
  • यह शक्ति संविधान के अनुच्छेद 85(2)(a) के तहत राष्ट्रपति को प्राप्त है।
  • सामान्यतः सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के बाद सत्रावसान किया जाता है।
  • हालाँकि, राष्ट्रपति किसी सदन का सत्रावसान उसकी बैठक चलने के दौरान भी कर सकते हैं।
  • लोकसभा और राज्यसभा का सत्रावसान अलग-अलग समय पर भी किया जा सकता है।

    मानसून सत्र की बैठकें समाप्त होने के बाद राष्ट्रपति द्वारा सत्रावसान का आदेश जारी करना उस सत्र की औपचारिक समाप्ति है।

सत्रावसान और अध्यादेश जारी करने की शक्ति का संबंध

सत्रावसान का एक महत्त्वपूर्ण संवैधानिक प्रभाव अध्यादेश जारी करने की शक्ति से जुड़ा है।

पहले अध्यादेश के आशय को समझिये। अनुच्छेद 123 के तहत राष्ट्रपति की अध्यादेश जारी करने की शक्ति वर्णित है। इसके अंतर्गत :

  • जब संसद के दोनों सदन एक साथ सत्र में नहीं होते हैं और तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता होती है, तब राष्ट्रपति अध्यादेश जारी कर सकते हैं।
  • अध्यादेश को संसद के अधिनियम के समान प्रभाव और शक्ति प्राप्त होती है, लेकिन यह अस्थायी होता है।
  • संसद के पुनः एकत्रित होने के बाद अध्यादेश को दोनों सदनों के समक्ष रखा जाना आवश्यक है।
  • संसद के पुनः एकत्रित होने की तारीख से छह सप्ताह की अवधि समाप्त होने पर अध्यादेश समाप्त हो जाता है, यदि उससे पहले उसे अस्वीकृत या वापस नहीं लिया जाता।

सत्रावसान से इसका संबंध 

यदि लोकसभा और राज्यसभा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है, लेकिन उनका सत्रावसान नहीं हुआ है, तो वे संवैधानिक रूप से सत्र में माने जाते हैं। ऐसी स्थिति में दोनों सदनों के सत्र में होने के कारण अनुच्छेद 123 के तहत अध्यादेश जारी करने का रास्ता उपलब्ध नहीं होता।

लेकिन यदि दोनों में से कम-से-कम एक सदन का सत्रावसान हो जाता है और दूसरा सदन भी सत्र में नहीं है, तो अनुच्छेद 123 की शर्तें पूरी होने पर अध्यादेश जारी किया जा सकता है।

सत्रावसान का लंबित विधेयकों पर क्या प्रभाव पड़ता है?

सत्रावसान होने पर:

  • संसद में लंबित विधेयक सामान्यतः समाप्त नहीं होते।
  • किसी समिति के पास विचाराधीन विधेयक भी केवल सत्रावसान के कारण समाप्त नहीं होते।
  • लंबित प्रस्तावों और संसदीय कार्यों पर सत्रावसान का प्रभाव विघटन से अलग होता है।

लोकसभा के विघटन पर:

  • लोकसभा में लंबित विधेयक सामान्यतः समाप्त हो जाते हैं।
  • लोकसभा द्वारा पारित विधेयक, जो राज्यसभा में लंबित हैं, सामान्यतः समाप्त हो जाते हैं।
  • राज्यसभा में लंबित और लोकसभा द्वारा पारित न किए गए विधेयक केवल लोकसभा के विघटन से समाप्त नहीं होते।
  • कुछ अन्य अपवाद भी हैं, जैसे राष्ट्रपति द्वारा संयुक्त बैठक बुलाए जाने की अधिसूचना जारी होने के बाद लंबित विधेयक।

इसका संवैधानिक आधार अनुच्छेद 107(3) और 107(5) में मिलता है।

संसद का सत्रावसान न होने की स्थिति में क्या होता है?

यह पक्ष वर्ष 2026 में मानसून सत्र के बाद उत्पन्न स्थिति को समझने के लिए महत्त्वपूर्ण है। देखिये, मानसून सत्र की शुरुआत 20 जुलाई 2026 को हुई थी। फिर 13 अगस्त 2026 को दोनों सदनों को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। अभी तक इस सत्र का औपचारिक सत्रावसान नहीं हुआ है। इस प्रकार, 100 दिनों से अधिक समय तक सत्रावसान नहीं किया गया।

ऐसे में इसके प्रभावों को समझना जरूरी है

1. संसद की बैठक दोबारा बुलाई जा सकती है

  • जब सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया जाता है, लेकिन सत्रावसान नहीं होता, तब मौजूदा सत्र तकनीकी रूप से जारी रहता है।
  • लोकसभा के प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियमों के नियम 15 के तहत अध्यक्ष, अनिश्चितकाल के लिए स्थगित सदन की बैठक दोबारा बुला सकते हैं।
  • इसके लिए नया संसदीय सत्र बुलाने की आवश्यकता नहीं होती।

2. नया सत्र बुलाने से पहले औपचारिक सत्रावसान आवश्यक

  • जब तक मौजूदा सत्र औपचारिक रूप से समाप्त नहीं होता, तब तक उसी सदन का नया सत्र शुरू नहीं किया जा सकता।
  • इसलिए शीतकालीन सत्र या किसी नए सत्र के आयोजन से पहले मौजूदा सत्र का सत्रावसान करना आवश्यक होगा।

3. अध्यादेश जारी करने की शक्ति प्रभावित होती है

  • यदि दोनों सदन केवल अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुए हैं और उनका सत्रावसान नहीं हुआ है, तो वे संवैधानिक रूप से सत्र में माने जाते हैं।
  • ऐसी स्थिति में अनुच्छेद 123 के तहत अध्यादेश जारी करने की संवैधानिक शर्त पूरी नहीं होती।

4. छह महीने की संवैधानिक समय-सीमा लागू रहती है

  • अनुच्छेद 85(1) के अनुसार संसद के एक सत्र की अंतिम बैठक और अगले सत्र की पहली बैठक के बीच छह महीने से अधिक का अंतर नहीं होना चाहिए।
  • इसलिए सत्रावसान में देरी होने का अर्थ यह नहीं है कि संसद अनिश्चितकाल तक बैठक किए बिना रह सकती है।

क्या संसद का सत्रावसान करने की कोई निश्चित समय-सीमा है?

हमलोगों ने पहले भी जिक्र किया कि भारतीय संविधान में यह निर्धारित नहीं किया गया है कि अनिश्चितकाल के लिए स्थगन (Adjournment Sine Die) के कितने दिनों के भीतर सत्रावसान करना अनिवार्य है।

  • सामान्यतः सत्रावसान कुछ दिनों के भीतर कर दिया जाता है।
  • संसदीय प्रक्रिया के अनुसार, अनिश्चितकाल के लिए स्थगन और सत्रावसान के बीच का अंतर सामान्यतः 2 से 10 दिनों के आसपास रहता है, हालाँकि इसमें अपवाद भी रहे हैं।
  • इसलिए 2026 में 100 दिनों से अधिक की देरी असामान्य थी, लेकिन केवल इस देरी के आधार पर इसे संविधान का उल्लंघन नहीं कहा जा सकता।

भारत में संसद की बैठकें कितनी बार होनी चाहिए?

भारतीय संविधान संसद के नियमित सत्रों की संख्या या उनकी निश्चित अवधि निर्धारित नहीं करता है।

हालाँकि, अनुच्छेद 85(1) यह सुनिश्चित करता है कि संसद की दो लगातार बैठकों के बीच छह महीने से अधिक का अंतर न हो।

इसका अर्थ है कि संसद को कम-से-कम वर्ष में दो बार बैठक करनी होगी। व्यवहार में सामान्यतः तीन नियमित सत्र आयोजित किए जाते हैं।

सत्रावसान और संसदीय लोकतंत्र का महत्त्व

यह बात ध्यान रखनी चाहिए कि सत्रावसान केवल एक प्रक्रियात्मक या तकनीकी विषय नहीं है, बल्कि इसका संबंध संसदीय लोकतंत्र और कार्यपालिका की जवाबदेही से भी है।

इसके कुछ प्रमुख पहलू निम्नलिखित हैं:

  • संसदीय जवाबदेही: संसद की नियमित बैठकें सरकार को अपने कार्यों के लिए जवाबदेह बनाती हैं।
  • विधायी कार्य: संसद में विधेयकों पर चर्चा, संशोधन और पारित करने की प्रक्रिया सुचारु रूप से चलती है।
  • कार्यपालिका पर नियंत्रण: प्रश्नकाल, शून्यकाल और संसदीय चर्चाओं के माध्यम से सरकार से जवाब माँगा जाता है।
  • लोकतांत्रिक पारदर्शिता: नियमित संसदीय बैठकें नीतिगत निर्णयों और सार्वजनिक मुद्दों पर चर्चा का अवसर देती हैं।
  • संवैधानिक संतुलन: संसद की कार्यवाही यह सुनिश्चित करती है कि कार्यपालिका अपनी शक्तियों का उपयोग संवैधानिक सीमाओं के भीतर करे।

अतः कुछ महत्त्वपूर्ण पहलुओं का ध्यान रखना जरूरी है:

  1. निश्चित संसदीय कैलेंडर: संसद के सत्रों की योजना पहले से बनाया जाना एक विकल्प है , ताकि नियमित रूप से विधायी कार्य हो सकें।
  2. बैठकों की संख्या बढ़ाना: संसद के वार्षिक बैठक दिवस बढ़ाने पर विचार किया जाना चाहिए।
  3. संसदीय समितियों को मजबूत करना: विधेयकों की विस्तृत जाँच के लिए संसदीय समितियों की भूमिका बढ़ाई जानी चाहिए।
  4. राजनीतिक सहमति: सत्ता पक्ष और विपक्ष को संसदीय कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने के लिए संवाद और सहमति का रास्ता अपनाना चाहिए।
  5. संवैधानिक मर्यादा: सत्र बुलाने, स्थगित करने और सत्रावसान करने की प्रक्रियाओं में संवैधानिक प्रावधानों तथा संसदीय परंपराओं का पालन किया जाना चाहिए।

निष्कर्ष

पूरी चर्चा से स्पष्ट होता है कि संसद का सत्रावसान भारतीय संसदीय व्यवस्था की एक महत्त्वपूर्ण संवैधानिक प्रक्रिया है। स्थगन, अनिश्चितकाल के लिए स्थगन, सत्रावसान और विघटन इन सभी का संसद की कार्यवाही और विधायी प्रक्रिया पर अलग-अलग प्रभाव पड़ता है।

इससे इंकार नहीं किया जा सकता कि एक मजबूत संसदीय लोकतंत्र के लिए केवल संवैधानिक समय-सीमा का पालन करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि संसद की नियमित बैठकें, सार्थक बहस और सरकार की जवाबदेही भी सुनिश्चित करना आवश्यक है।

इस ब्लॉग को पढ़ने के बाद इससे जुड़े सवालों को हल करने के लिए CLICK करें.

Reference: 1. The Hindu

2. The Indian Express

Comments

Loading comments...

Related Articles

Suggested Courses

Trending
Titan Plus Batch 2
BPSC CCE

Titan Plus Batch 2

Trending
Titan Batch 2
BPSC CCE

Titan Batch 2