EDU TERIA Logo
CartSign InSign UpEnroll Now

बिलकिस बानो केस: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा कदम

बिलकिस बानो केस में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दो दोषियों की सजा निलंबित करने, 2024 के Remission फैसले और 2024 के ऐतिहासिक फैसले की पूरी जानकारी ।

Written by Team EduTeria
Published: 17 November 2026•8 min read
बिलकिस बानो केस: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा कदम
Progress
0%
Aa

बिलकिस बानो केस: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा कदम

UPSC / BPSC Current Affairs | भारतीय राजव्यवस्था | न्यायपालिका 

चर्चा में क्यों?

हाल ही में बिलकिस बानो सामूहिक दुष्कर्म और हत्या मामले में सुप्रीम कोर्ट का एक महत्वपूर्ण आदेश चर्चा में आया है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में दोषी ठहराए गए दो व्यक्तियों की उम्रकैद की सजा निलंबित कर दी है।न्यायमूर्ति एम.एम. सुंदरेश और न्यायमूर्ति प्रसन्ना बी. वराले की पीठ ने 28 अक्टूबर 2026 को यह आदेश दिया था। यह संक्षिप्त आदेश हाल ही में अदालत की वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया था।

दोनों दोषियों को जमानत देने का निर्देश भी दिया गया है। जमानत की शर्तें संबंधित ट्रायल कोर्ट तय करेगा।अदालत ने ध्यान दिया कि दोनों दोषी 17 वर्षों से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं और उनमें से एक गंभीर रूप से दिव्यांग है। अदालत ने यह भी माना कि उनकी अपील में तथ्य और कानून से जुड़े कुछ ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर विचार किया जाना बाकी है।

इस मामले की तह तक जाने के लिए शुरू से शुरुआत करते हैं।

सबसे पहले जानते हैं कि बिलकिस बानो मामला क्या है?

बिलकिस बानो मामला वर्ष 2002 के गुजरात सांप्रदायिक दंगों से जुड़ा एक अत्यंत गंभीर मामला है। यह मामला महिलाओं के खिलाफ हिंसा, सांप्रदायिक हिंसा, आपराधिक न्याय व्यवस्था और पीड़ितों को न्याय दिलाने की चुनौतियों को सामने लाता है। फरवरी 2002 में गोधरा ट्रेन अग्निकांड के बाद गुजरात में बड़े पैमाने पर सांप्रदायिक हिंसा हुई थी । 3 मार्च 2002 को गुजरात के दाहोद जिले के रंधिकपुर क्षेत्र में बिलकिस बानो और उनके परिवार पर भीड़ ने हमला किया। उस समय बिलकिस बानो लगभग 21 वर्ष की थीं और पाँच महीने की गर्भवती थीं। उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस घटना में उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या कर दी गई। इनमें उनकी तीन वर्षीय बेटी भी शामिल थी।

यह घटना भारतीय आपराधिक न्याय व्यवस्था के सामने एक बड़ी चुनौती बन गई, क्योंकि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए जाँच और मुकदमे की प्रक्रिया में कई महत्वपूर्ण हस्तक्षेप करने पड़े।

मामले की जाँच और मुकदमे की प्रक्रिया

इस मामले में निष्पक्ष जाँच और न्याय सुनिश्चित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट को हस्तक्षेप करना पड़ा। शुरुआती पुलिस जाँच और मामले को बंद करने की कोशिशों पर सवाल उठे। बिलकिस बानो ने न्याय के लिए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) और सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। दिसंबर 2003 में सुप्रीम कोर्ट ने मामले की जाँच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दी। पुनः साल 2004 में निष्पक्ष सुनवाई सुनिश्चित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने मामले को गुजरात से महाराष्ट्र स्थानांतरित कर दिया।

साल 2008 में मुंबई की विशेष CBI अदालत ने 11 आरोपियों को सामूहिक दुष्कर्म और हत्या सहित विभिन्न अपराधों के लिए दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई।

इसके बाद साल 2017 में  बॉम्बे हाईकोर्ट ने 11 दोषियों की दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा।

वर्ष 2022 में 11 दोषियों की रिहाई का विवाद

इस मामले में एक और बड़ा विवाद तब सामने आया, जब गुजरात सरकार ने अगस्त 2022 में 11 दोषियों को समय से पहले रिहा करने का निर्णय लिया।

रिहाई का आधार क्या था?

गुजरात सरकार ने अपनी क्षमादान/सजा में छूट (Remission) नीति के आधार पर 11 दोषियों को समय से पहले रिहा करने की अनुमति दी।

  • सभी 11 दोषियों को 15 अगस्त 2022 को जेल से रिहा कर दिया गया।
  • उनकी रिहाई के बाद देशभर में व्यापक विरोध हुआ।
  • इस फैसले को बिलकिस बानो और अन्य याचिकाकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी।

Remission क्या होता है?

Remission का अर्थ है किसी दोषी की सजा की अवधि को कम करना, बिना उसकी दोषसिद्धि को समाप्त किए।

लेकिन 8 जनवरी 2024 को सुप्रीम कोर्ट की न्यायमूर्ति बी.वी. नागरत्ना और न्यायमूर्ति उज्ज्वल भुइयां की पीठ ने गुजरात सरकार द्वारा 11 दोषियों को दी गई समयपूर्व रिहाई (Remission) को रद्द कर दिया।

अवधारणाअर्थ
Pardon (क्षमा)अपराध की सजा और उसके दंडात्मक परिणामों से पूर्ण मुक्ति
Remission (सजा में छूट)सजा का प्रकार बदले बिना उसकी अवधि कम करना
Commutation (सजा का लघुकरण)सजा को हल्की प्रकृति की दूसरी सजा में बदलना
Suspension (सजा का निलंबन)सजा के क्रियान्वयन को अस्थायी रूप से रोकना

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के प्रमुख आधार

1. गुजरात सरकार के पास अधिकार क्षेत्र नहीं था

  • सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस मामले में दोषियों को महाराष्ट्र की मुंबई स्थित विशेष अदालत ने सजा सुनाई थी।
  • इसलिए सजा में छूट देने के लिए उचित सरकार महाराष्ट्र थी, गुजरात नहीं।
  • केवल इसलिए कि अपराध गुजरात में हुआ था, गुजरात सरकार को रिहाई का अधिकार नहीं मिल जाता।

2. गुजरात सरकार ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर फैसला लिया

अदालत ने माना कि गुजरात सरकार ने महाराष्ट्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में हस्तक्षेप किया था।

3. 1992 की नीति का गलत इस्तेमाल

  • गुजरात सरकार ने दोषियों की रिहाई के लिए अपनी 1992 की Remission Policy का सहारा लिया था।
  • सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यह नीति इस मामले में लागू नहीं होती थी।

4. पहले के सुप्रीम कोर्ट आदेश में महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाया गया था

अदालत ने पाया कि दोषियों में से एक ने मई 2022 में सुप्रीम कोर्ट से राहत लेते समय महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाया था।

5. सभी 11 दोषियों को जेल वापस जाने का निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने 2022 के रिहाई आदेशों को रद्द करते हुए सभी 11 दोषियों को वापस जेल जाने का निर्देश दिया।

इस फैसले में अदालत ने स्पष्ट किया कि कानून का शासन (Rule of Law) सर्वोपरि है और सरकार अपनी शक्तियों का इस्तेमाल कानून के अनुसार ही कर सकती है।

2024 में सुप्रीम कोर्ट ने रिहाई के लिए अपनाई गई सरकारी प्रक्रिया को अवैध माना था, जबकि 2026 में उसने दो दोषियों की लंबित अपील पर विचार करते हुए उनकी सजा निलंबित की है।

सजा निलंबित करना (Suspension of Sentence) क्या होता है?

2026 के आदेश को समझने के लिए इस कानूनी अवधारणा को समझना जरूरी है।

जब किसी व्यक्ति को अदालत द्वारा सजा सुनाई जाती है और वह उस फैसले के खिलाफ ऊपरी अदालत में अपील करता है, तो कुछ परिस्थितियों में अपीलीय अदालत उसकी सजा के क्रियान्वयन को अस्थायी रूप से रोक सकती है। इसे Suspension of Sentence कहते हैं।

मान लीजिए किसी व्यक्ति को निचली अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। वह हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट में अपील करता है। अपील पर अंतिम निर्णय आने से पहले अदालत उसकी सजा को निलंबित करके उसे जमानत दे सकती है।

इसके तीन महत्वपूर्ण पहलू हैं:

  • दोषसिद्धि (Conviction) अपने आप समाप्त नहीं होती।
  • सजा का क्रियान्वयन अस्थायी रूप से रोक दिया जाता है।
  • अपील पर अंतिम फैसला आना बाकी रहता है।

    इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

    28 अक्टूबर 2026 के आदेश में अदालत ने निम्नलिखित बातों पर विचार किया:

  1. दोनों दोषी 17 वर्षों से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं।
  2. उनमें से एक गंभीर रूप से दिव्यांग है।
  3. एक आरोपी के वकील ने दलील दी कि उसका नाम शुरुआती FIR में नहीं था और घटना के लगभग तीन साल बाद उसे मामले में शामिल किया गया।
  4. अपील में तथ्य और कानून से जुड़े ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर विचार करना आवश्यक है।

सरकार की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ने अपराध की गंभीरता का हवाला देते हुए जमानत का विरोध किया था।

इसके बावजूद सुप्रीम कोर्ट ने दोनों की सजा निलंबित करके जमानत देने का आदेश दिया।

बिलकिस बानो मामले का संवैधानिक महत्व

यह मामला भारतीय संविधान के कई महत्वपूर्ण अनुच्छेदों से जुड़ा हुआ है।

(क) अनुच्छेद 14 – कानून के समक्ष समानता

अनुच्छेद 14 सभी व्यक्तियों को कानून के समक्ष समानता और कानूनों के समान संरक्षण की गारंटी देता है।

इस मामले से यह सवाल सामने आता है कि क्या सरकार किसी विशेष मामले में कानून और स्थापित नियमों से अलग जाकर दोषियों को लाभ दे सकती है?

सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि सरकारी निर्णय भी कानून और अधिकार क्षेत्र की सीमाओं के अधीन होते हैं।

(ख) अनुच्छेद 21 – जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार

अनुच्छेद 21 के अंतर्गत प्रत्येक व्यक्ति को जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार प्राप्त है।

इसका अर्थ केवल जीवित रहने का अधिकार नहीं है, बल्कि गरिमापूर्ण जीवन और न्यायपूर्ण कानूनी प्रक्रिया भी इससे जुड़ी है। महिलाओं की सुरक्षा, शारीरिक गरिमा और हिंसा से संरक्षण भी इसके महत्वपूर्ण पहलू हैं।

(ग) अनुच्छेद 32 – संवैधानिक उपचार का अधिकार

अनुच्छेद 32 के तहत मौलिक अधिकारों के उल्लंघन पर व्यक्ति सीधे सुप्रीम कोर्ट जा सकता है।

बिलकिस बानो ने भी दोषियों की समयपूर्व रिहाई को चुनौती देने के लिए अनुच्छेद 32 के तहत सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

2024 के फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका को सुनवाई योग्य माना।

निष्कर्ष

बिलकिस बानो मामला केवल एक आपराधिक घटना नहीं है, बल्कि यह भारतीय लोकतंत्र, न्यायपालिका, मानवाधिकार और कानून के शासन की परीक्षा भी है। वर्ष 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात सरकार द्वारा दी गई Remission को रद्द करके यह स्पष्ट किया कि सरकारें अपनी शक्तियों का प्रयोग कानूनी सीमाओं के भीतर ही कर सकती हैं।

वहीं, अक्टूबर 2026 का आदेश दिखाता है कि न्यायपालिका को अपील के दौरान दोषियों के व्यक्तिगत अधिकारों, लंबी न्यायिक हिरासत और मामले के कानूनी पहलुओं पर भी विचार करना होता है।

लोकतंत्र में न्याय का अर्थ केवल अपराधियों को सजा देना नहीं, बल्कि पीड़ितों के अधिकारों की रक्षा करना, कानून के समक्ष समानता सुनिश्चित करना और न्यायिक प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखना भी है।

Reference: The Hindu

Comments

Loading comments...

Related Articles

Suggested Courses

Trending
Titan Plus Batch 2
BPSC CCE

Titan Plus Batch 2

Trending
Titan Batch 2
BPSC CCE

Titan Batch 2