नक्सलवाद मुक्त भारत: आंतरिक सुरक्षा की नई तस्वीर
खबरों में क्यों है?
हाल ही में पीआईबी ने आंतरिक सुरक्षा से संबंधित नक्सल मुक्त भारत जैसे महत्वपूर्ण टॉपिक पर पीआईबी बैकग्राउंडर के रूप में विस्तृत सूचनाओं और इससे संबंधित विविध आयामों को साझा किया है। आज के इस विशेष ब्लॉग में हम भारत में नक्सलवाड़ी आंदोलन की शुरुआत एवं इस पर नियंत्रण स्थापित करने तक के सफर पर चर्चा करेंगे।
उल्लेखनीय है कि भारत ने आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। लंबे समय तक देश के कई आदिवासी और ग्रामीण इलाकों में विकास की राह में बाधा बने वामपंथी उग्रवाद पर अब निर्णायक नियंत्रण स्थापित कर लिया गया है। गृह मंत्रालय के अनुसार 31 मार्च 2026 तक देश के सभी जिले नक्सल प्रभावित जिलों की श्रेणी से बाहर हो गए। ध्यातव्य है कि सरकार ने 24 अगस्त 2024 को 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया था।
यह उपलब्धि केवल सुरक्षा बलों की कार्रवाई का परिणाम नहीं है, बल्कि इसके पीछे सुरक्षा, विकास, पुनर्वास और बेहतर प्रशासन की एक संयुक्त रणनीति रही है। आइए समझते हैं कि लगभग छह दशकों से चली आ रही नक्सलवाद की चुनौती को भारत ने किस तरह नियंत्रित किया है।
नक्सलवाद क्या है?
भारत में नक्सलवाद की शुरुआत वर्ष 1967 में पश्चिम बंगाल के नक्सलबाड़ी क्षेत्र से हुई थी। दरअसल इसकी शुरुआत पश्चिम बंगाल के एक छोटे से गाँव नक्सलबाड़ी से हुई थी, इसलिए इस आंदोलन को नक्सलवाद और इसके लोगों को नक्सली कहा जाने लगा। नक्सलवाड़ी आंदोलन की शुरुआत भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के नेता चारू मजूमदार और कानू सान्याल के नेतृत्व में आरम्भ हुआ था। ये लोग चीन के नेता माओ-त्से-तुंग की विचारधारा को मानते हैं। माओ कहते थे कि सत्ता बंदूक की नली से निकलती है। बस यही सोच नक्सलवाद की जड़ है।
माओवादी विचारधारा से प्रेरित इस आंदोलन का उद्देश्य सशस्त्र संघर्ष के माध्यम से सत्ता व्यवस्था को बदलना था। शुरुआत में नक्सली छोटे-छोटे गुटों में बँटे थे। कोई इधर लड़ रहा था, कोई उधर। इससे उनकी ताकत कम थी। समय के साथ कई उग्रवादी संगठन एकजुट हुए और वर्ष 2004 में CPI (Maoist) का गठन हुआ। इससे नक्सलवाद देश की प्रमुख आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों में शामिल हो गया।
इस समस्या का सबसे अधिक प्रभाव आदिवासी बहुल और दूरदराज के क्षेत्रों पर पड़ा, जहाँ सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुविधाओं की कमी ने विकास को प्रभावित किया। वहाँ के गरीब किसान और आदिवासी ज़मींदारों से बहुत परेशान थे। उनकी ज़मीन छीनी जा रही थी, उन्हें मज़दूरी नहीं मिल रही थी और कोई सुनने वाला नहीं था। जब गरीबी, भूख और शोषण बहुत बढ़ गया, तो कुछ नेताओं ने किसानों को हथियार उठाने के लिए उकसाया। धीरे-धीरे यही गुस्सा एक सशस्त्र आंदोलन बन गया।
इसके बाद नक्सलवाद देश की सबसे बड़ी आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों में से एक बन गया। यह अब सिर्फ बंगाल तक नहीं रहा, बल्कि छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, बिहार, महाराष्ट्र जैसे राज्यों के जंगली इलाकों में फैल गया। इन इलाकों को लाल गलियारा कहा जाता है।
नक्सलवाद के 3 चरण
1. पहला चरण (1967 से 1980) तक : - सिर्फ विचारों का दौर इस समय नक्सलवाद अभी नया-नया था। यह पूरा आंदोलन मार्क्सवादी-लेनिनवादी-माओवाद की किताबी सोच पर चल रहा था। मतलब, यह एक वैचारिक और आदर्शवादी आंदोलन था। लोगों को लगता था कि सिर्फ विचारधारा से ही बदलाव आ जाएगा। लेकिन दिक्कत ये थी कि इन लोगों के पास ज़मीनी अनुभव की कमी थी। उन्हें पता ही नहीं था कि गाँव में असल में क्या हो रहा है, पुलिस कितनी मज़बूत है, लोग क्या चाहते हैं। फिर भी, एक फायदा हुआ और इसी दौर में नक्सलियों को पूरे देश में पहचान मिल गई। सबको पता चल गया कि नक्सलवाद नाम की कोई चीज़ है।
2. दूसरा चरण (1980 से 2004) तक : - यह चरण ज़मीन पर उतरने का दौर था। इस दौरान नक्सली किताबों से निकलकर ज़मीन पर आ गए। यह दौर ज़मीनी अनुभव, ज़रूरत और आवश्यकता के हिसाब से चलने वाला था। अब आंदोलन सिर्फ एक जगह नहीं, बल्कि अलग-अलग राज्यों में क्षेत्रीय गतिविधियों के रूप में चलने लगा। इस दौर में नक्सलवाद का व्यावहारिक विकास हुआ। यानी अब नक्सली सिर्फ नारे नहीं लगाते थे, बल्कि गाँव वालों की असली समस्याओं जैसे ज़मीन, मज़दूरी, शोषण जैसे सवालों से लोगों को प्रभावित करने लगे थे, इसीलिए लोग उनसे ज़्यादा जुड़ने लगे।
3. तीसरा चरण (2004 से आज) तक : यह सबसे खतरनाक दौर साबित हुआ है जिस पर अब लगभग नियंत्रण स्थापित कर लिया गया है। दरअसल इसमें नक्सलियों का राष्ट्रीय स्वरूप सामने आया। 2004 में सब गुट मिलकर एक बड़े संगठन सीपीआई माओवादी में बदल गए। अब ये छोटे-छोटे गुट नहीं, बल्कि एक बड़ी संगठित ताकत बन गए। इसी दौर में उनके विदेशी संपर्क भी बढ़ गए। इसी वजह से नक्सलवाद अब देश की सबसे बड़ी आंतरिक चुनौती बन गया। यानी बाहर के दुश्मन से ज़्यादा खतरनाक, अंदर की यह समस्या बन गई है।
नक्सलवाद प्रसार के प्रमुख कारण
गरीबी और बेरोज़गारी: जिन इलाकों में नक्सलवाद फैला, वहाँ गरीबी सबसे ज़्यादा थी। लोगों के पास खाने को नहीं था, काम नहीं था, और सरकार की योजनाएँ उन तक पहुँच नहीं रही थीं। जाहिर है जब पेट भूखा हो और कोई सुनने वाला न हो, तो लोग आसानी से हथियार उठाने वालों की बातों में आ जाते हैं।
ज़मीन का मुद्दा/सबसे बड़ी जड़: आदिवासियों और गरीब किसानों के लिए उनकी ज़मीने ही जीवीकोपार्जन का साधन था, लेकिन ज़मींदार, साहूकार और कई बार बड़ी कंपनियों ने भी उनकी ज़मीनें छीन लीं। जमीन छीन जाने से उनके सामने जीवन यापन को लेकर एक बड़ी संकट उठ खड़ी हई और अंतत: यही गुस्सा नक्सलवाद की सबसे बड़ा कारण बना।
शोषण और अन्याय: गरीबों से बेगार करवाना, कम मज़दूरी देना, साहूकारों द्वारा भारी ब्याज वसूलना, और पुलिस-प्रशासन द्वारा अत्याचार, ये सब जीवन का हिस्सा बना चुका था। जब कानून गरीबों की रक्षा करने के बजाय अमीरों का साथ देने लगे तब लोगों का कानून पर से भरोसा उठना लाजिमी था। यह प्रक्रिया सतत रूप से चलती आ रही थी जिसने नक्सलवाद को प्रोत्साहित करने का कार्य किया।
विकास का न पहुँचना: सड़क, स्कूल, अस्पताल, बिजली, पानी ये सभी बुनियादी चीज़ें भी कई आदिवासी इलाकों में नहीं पहुँचीं थी। सरकार कागज़ों में तो थी, लेकिन ज़मीन पर नहीं दिखती थीं। इसी तरह की अंतहीन लचर व्यवस्था ने नक्सलवाद को प्रोत्साहित किया। जल, जंगल और ज़मीन की बात करने वाले उनके नायक बनते गए।
आदिवासियों के जल-जंगल-ज़मीन पर खतरा: आदिवासियों के लिए जंगल सिर्फ पेड़ नहीं, उनका घर, उनकी संस्कृति और एक तरह से उनकी जीवन रेखा है। जब खनन और बड़े प्रोजेक्ट के लिए जंगल काटे गए और आदिवासियों को विस्थापित किया गया, तो उन्हें लगा कि उनका सब कुछ छीना जा रहा है। नक्सलियों ने इसी दर्द को अपना हथियार बनाया। इस तरह नक्सलवाद को मजबूती मिली।
राजनीतिक और प्रशासनिक विफलता: राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर उदासीनता नक्सलवाद आंदोलन को बढ़ाने में सहायक साबित हुआ। हाशिए पर उपेक्षित समूदायों की समस्याएं और गरीबों की आवाज़ विधानसभा और संसद तक नहीं पहुँच पाती थी। स्थानीय नेता सिर्फ चुनाव के समय आते थे। भ्रष्टाचार इतना था कि योजनाओं का पैसा बीच में ही खा लिया जाता था। जब लोकतंत्र से उम्मीदें टूट गईं, तो लोगों को हिंसा ही रास्ता दिखने लगा।
माओवादी विचारधारा का प्रभाव: कुछ पढ़े-लिखे युवाओं को माओ की विचारधारा ने बहुत प्रभावित किया। उन्हें लगा कि भारत में भी चीन की तरह सशस्त्र क्रांति से ही बदलाव आएगा। इन्हीं युवाओं ने गाँव-गाँव जाकर इस विचारधारा को फैलाया और युवाओं को भर्ती किया। कुछ विश्वविद्यालयों में भी संबंधित विचारधारा को समर्थन मिलने लगा। समानांतर छात्र राजनीति ने आंदोलन में आग में घी के जैसे कार्य किया।

नक्सलवाद से निपटने के लिए सरकार ने कौन-सी रणनीति अपनाई?
भारतीय संविधान की सातवीं अनुसूची के अनुसार पुलिस और लोक व्यवस्था राज्य सरकारों का काम है। यानी कानून-व्यवस्था संभालना राज्य की ज़िम्मेदारी है। लेकिन नक्सलवाद को सिर्फ गोली से खत्म नहीं किया जा सकता, इसलिए सरकार ने राष्ट्रीय नीति और कार्य योजना, 2015 बनाई। इसमें तीन चीज़ों पर एक साथ काम किया गया - सुरक्षा, विकास और लोगों के अधिकारों की रक्षा। मतलब, एक हाथ में बंदूक और दूसरे हाथ में विकास।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय नीति एवं कार्ययोजना का उद्देश्य केवल नक्सली हिंसा को रोकना नहीं, बल्कि उन सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों को भी सुधारना था, जिनका फायदा उग्रवादी संगठन उठाते थे। इस रणनीति के चार प्रमुख आधार थे:
| सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना: | पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की क्षमता बढ़ाना। |
| तीव्र एवं त्वरित विकास: | प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, बिजली, मोबाइल नेटवर्क और अन्य सुविधाओं का विस्तार। |
| अधिकार एवं सुविधाएँ सुनिश्चित करना: | आदिवासी समुदायों तक सरकारी योजनाओं और कानूनी अधिकारों की पहुँच बढ़ाना। |
| धारणा प्रबंधन (Managing Perception) | स्थानीय लोगों का सरकार और प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ाना। |
नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा व्यवस्था में कैसे आया बदलाव?
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की पहुँच बढ़ाने के लिए बड़े स्तर पर बुनियादी ढाँचे का निर्माण किया गया । इसके अलावा CoBRA, CRPF, DRG, STF और Greyhounds जैसी विशेष इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया।
ऑपरेशन ग्रीन हंट: नक्सलियों को खत्म करने के लिए ऑपरेशन ग्रीन हंट जैसे बड़े अभियान चलाए गए, जिसमें अर्द्धसैनिक बलों को लगाया गया।
विशेष बलों की तैनाती: CAPF, राज्य पुलिस, CoBRA और ग्रेहाउंड्स (आंध्र प्रदेश) जैसे स्पेशल कमांडो बलों को रेड कॉरिडोर में तैनात किया गया है, ताकि लंबे समय तक सुरक्षा बनी रहे।
UAPA, 1967: विधिविरुद्ध क्रिया-कलाप (निवारण) अधिनियम के तहत नक्सली संगठनों को प्रतिबंधित किया गया है। यानी इन संगठनों से जुड़ना कानूनन अपराध है।
प्रमुख उपलब्धियाँ:
| 1 | 615 किलेबंद पुलिस स्टेशन (Fortified Police Stations) बनाए गए। |
| 2 | 68 नाइट लैंडिंग हेलीपैड विकसित किए गए। |
| 3 | सुरक्षा बलों के लिए 400 बुलेटप्रूफ एवं ब्लास्टप्रूफ वाहन उपलब्ध कराए गए। |
| 4 | सुरक्षा बलों के लिए 5 अस्पताल बनाए गए। |
| 5 | 668 नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए। |
नक्सल विरोधी अभियान में तकनीक की भूमिका
आधुनिक तकनीक ने नक्सल विरोधी अभियानों को अधिक प्रभावी बनाया। ड्रोन, UAV, सैटेलाइट इमेजरी और AI आधारित डेटा विश्लेषण से संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और सूचनाओं का विश्लेषण बेहतर हुआ। इसके साथ ही मोबाइल डेटा एनालिटिक्स, लोकेशन ट्रैकिंग और वैज्ञानिक कॉल-लॉग विश्लेषण का भी उपयोग किया गया।

प्रमुख नक्सल विरोधी अभियान
सरकार ने कई बड़े अभियानों के माध्यम से नक्सली नेटवर्क को कमजोर किया। इनमें प्रमुख हैं: ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट, ऑपरेशन ऑक्टोपस, ऑपरेशन डबल बुल, ऑपरेशन थंडरस्टॉर्म, ऑपरेशन भीमबंध, ऑपरेशन चक्रबंधा। इन अभियानों से लंबे समय से नक्सली प्रभाव वाले क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की उपस्थिति मजबूत हुई।
नक्सलियों के वित्तीय नेटवर्क पर कैसे लगाया गया अंकुश?
उल्लेखनीय है कि नक्सलवाद को कमजोर करने के लिए केवल हथियारबंद कैडरों के खिलाफ कार्रवाई पर्याप्त नहीं थी। उनके वित्तीय और अन्य सहयोगी नेटवर्क पर भी कार्रवाई की गई। इस दौरान NIA ने दिसंबर 2025 तक 40 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियाँ जब्त कीं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 12 करोड़ रुपये की संपत्तियाँ अटैच कीं। राज्य एजेंसियों ने अतिरिक्त 40 करोड़ रुपये की संपत्तियाँ जब्त कीं। जून 2026 तक NIA में LWE से जुड़े 112 मामले दर्ज हुए और 100 आरोपपत्र दाखिल किए गए।
आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति
सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ सख्त सुरक्षा कार्रवाई के साथ आत्मसमर्पण और पुनर्वास को भी प्राथमिकता दी। नवंबर 2026 तक लगभग 8,526 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। पुनर्वास के तहत कौशल विकास, स्वरोजगार, आवास और शिक्षा जैसी सुविधाओं पर भी ध्यान दिया गया। आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों के लिए आर्थिक सहायता और रोजगार से जुड़ी सुविधाएँ निर्धारित की गई हैं।
| 1 | अन्य कैडरों को ₹2.5 लाख की सहायता। |
| 2 | 36 महीने तक ₹10,000 मासिक वजीफा। |
| 3 | आत्मसमर्पण पर अतिरिक्त ₹50,000 प्रोत्साहन राशि। |
| 4 | सामूहिक आत्मसमर्पण पर प्रोत्साहन राशि दोगुनी। |
| 5 | हथियार जमा करने पर अतिरिक्त मुआवजा। |
| 6 | उच्च रैंक वाले कैडरों को ₹5 लाख की तत्काल सहायता। |
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, रेलवे और मोबाइल नेटवर्क का विस्तार
नक्सलवाद के प्रभाव को कम करने के साथ-साथ सरकार ने उन क्षेत्रों को देश की मुख्यधारा से जोड़ने पर भी जोर दिया, जो वर्षों से बुनियादी सुविधाओं से वंचित थे।
1. सड़क कनेक्टिविटी: Road Requirement Plan (RRP) और Road Connectivity Project for LWE Affected Areas (RCPLWEA) के तहत कुल 15,189 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया गया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना II के तहत नक्सल प्रभावित इलाकों में सड़कें बनाई गईं, ताकि दूर-दराज़ के गाँव जुड़ सकें और पुलिस भी आसानी से पहुँच सके। साथ ही डिजिटल भारत निधि के तहत इन इलाकों में मोबाइल टावर लगाए गए, ताकि लोगों को नेटवर्क मिले और वे दुनिया से जुड़ सकें। नेहरू युवा केंद्र संगठन के तहत जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम चलाया जाता है। इसमें आदिवासी युवाओं को देश के दूसरे हिस्सों में घुमाया जाता है, ताकि वे बाहर की दुनिया देखें और मुख्यधारा से जुड़ें।
2. मोबाइल और डिजिटल कनेक्टिविटी: 9,561 मोबाइल टावर शुरू किए गए। सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रों के 96% गाँवों में मोबाइल कनेक्टिविटी उपलब्ध हुई।
3. रेलवे कनेक्टिविटी: दूरदराज के क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए कई परियोजनाओं पर काम किया गया
4. वित्तीय समावेशन: अप्रैल 2015 से मार्च 2026 के बीच प्रभावित क्षेत्रों में 1,804 बैंक शाखाएँ खोली गईं। 1,321 ATM स्थापित किए गए। 74,720 बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट नियुक्त किए गए। 6,025 डाकघर स्थापित किए गए।
आदिवासी कल्याण, शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान
नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी शांति के लिए आदिवासी समुदायों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जरूरी था। सरकार ने इस दिशा में कई पहल कीं।
शिक्षा एवं कौशल विकास
रोशनी योजना के तहत नक्सल प्रभावित ज़िलों के ग्रामीण युवाओं को ट्रेनिंग और रोज़गार दिया जा रहा है।इसके अलावा इन ज़िलों में ITI और कौशल विकास केंद्र खोले गए हैं, ताकि युवा हथियार की जगह हुनर उठाएँ। नक्सल प्रभावित ज़िलों के आदिवासी ब्लॉकों में लगभग 130 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS) चलाए जा रहे हैं। इससे आदिवासी बच्चों को अच्छी और मुफ्त शिक्षा मिल रही है।
स्वास्थ्य सुविधाएँ
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज में 240 बिस्तरों वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को शुरू किया गया। इसके अतिरिक्त सुरक्षा बलों के लिए स्थापित अस्पतालों को स्थानीय आदिवासी आबादी के लिए भी खोला गया।
आदिवासी अधिकार एवं कल्याण
इसके अतिरिक्त, वन अधिकार अधिनियम, 2006 जनजातीय समुदायों के वन उपज पर अधिकारों को सुरक्षित करता है, जबकि पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तारण) अधिनियम (PESA), 1996 स्थानीय शासन और संसाधन प्रबंधन में जनजातीय ग्राम सभाओं को सशक्त बनाता है। वन अधिकार अधिनियम (FRA) के तहत 21,26,273 अधिकार पत्र वितरित किए गए। PM-JANMAN के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTGs) तक बुनियादी सुविधाएँ पहुँचाने पर जोर दिया गया। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से आदिवासी गाँवों में विकास संबंधी कमियों को दूर करने की पहल की गई।
बस्तर मॉडल: नक्सल प्रभावित क्षेत्र से विकास के नए केंद्र तक
छत्तीसगढ़ का बस्तर क्षेत्र लंबे समय तक नक्सलवाद से सबसे अधिक प्रभावित रहा। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और कमजोर कनेक्टिविटी के कारण यहाँ विकास कार्यों को लागू करना चुनौतीपूर्ण था। पिछले 12 वर्षों में सुरक्षा, स्थानीय भागीदारी और विकास के संयुक्त प्रयासों से इस क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया। वर्ष 2017 में बस्तरिया बटालियन का गठन किया गया।
बस्तर क्षेत्र में 3,240 किलोमीटर से अधिक सड़कें बनाई गईं। 889 मोबाइल टावर स्थापित किए गए। इसके अलावा बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों ने आदिवासी संस्कृति, कला और खेलों को बढ़ावा दिया।
नक्सलवाद मुक्त भारत के बाद सरकार की नई प्राथमिकताएँ
नक्सलवाद का प्रभाव समाप्त होने के बाद सरकार का ध्यान अब इन क्षेत्रों में शांति को स्थायी बनाने और विकास को गति देने पर है।
| सेवा डेरा केंद्र: | सुरक्षा कैंपों के एक-तिहाई हिस्से को नागरिक सुविधाओं और सरकारी योजनाओं की पहुँच के लिए एकीकृत विकास केंद्रों में बदला जा रहा है। |
| आजीविका के अवसर: | महुआ, इमली और तेंदूपत्ता जैसे लघु वनोपज के प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और बिक्री को बढ़ावा दिया जाएगा। |
| कल्याणकारी योजनाओं का सर्वेक्षण: | सात पूर्व नक्सल प्रभावित जिलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत सुविधाओं और रोजगार की स्थिति का आकलन किया गया है। |
| नक्सल हिंसा के पीड़ितों की सहायता: | सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रभावित लोगों को सहायता और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की पहल की गई। |
| स्थानीय संस्कृति का संरक्षण: | आदिवासी कला, लोक परंपराओं, त्योहारों और खेलों को बढ़ावा देकर स्थानीय समुदायों की भागीदारी मजबूत की जा रही है। |
निष्कर्ष:
भारत का नक्सलवाद मुक्त होने का लक्ष्य हासिल करना आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है। यह अनुभव बताता है कि केवल सुरक्षा कार्रवाई से किसी लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकलता। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, डिजिटल कनेक्टिविटी और आदिवासी अधिकारों को सुनिश्चित करना भी आवश्यक है। अब सबसे बड़ी चुनौती इस उपलब्धि को स्थायी शांति में बदलने की है, ताकि कभी हिंसा से प्रभावित रहे आदिवासी क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक विकास, सम्मान और अवसर पहुँच सकें।
इस ब्लॉग को पढ़ने के बाद आप इससे जुड़े सवालों को हल करने के लिए CLICK करें
Reference:






