EDU TERIA Logo
CartSign InSign UpEnroll Now

Karakoram-2026 सैन्य अभ्यास: चीन-पाक की बढ़ती सैन्य साझेदारी और भारत की सुरक्षा चुनौतियाँ

काराकोरम-2026 चीन - पाकिस्तान का संयुक्त सैन्य अभ्यास है। जानिए इसकी प्रमुख विशेषताएं, चीन-पाकिस्तान सैन्य सहयोग और भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा पर इसके प्रभाव ।

school
Written by Dilip Kumar
Published: 14 November 2026•5 min read
Karakoram-2026 सैन्य अभ्यास: चीन-पाक की बढ़ती सैन्य साझेदारी और भारत की सुरक्षा चुनौतियाँ
Progress
0%
Aa

Karakoram-2026 सैन्य अभ्यास: चीन-पाक की सैन्य साझेदारी और भारत की सुरक्षा चुनौतियाँ

यह ब्लॉग UPSC एवं BPSC परीक्षाओं के दृष्टिकोण से क्रमशः सामान्य अध्ययन प्रश्न 2 एवं सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र 1 के अंतर्राष्ट्रीय संबंध विषय से जुड़ा है.

चर्चा में क्यों?

दोस्तों, हाल ही में चीन और पाकिस्तान के बीच चीन के कोर्ला (Korla), शिनजियांग उइगर स्वायत्त क्षेत्र में Karakoram-2026 संयुक्त सैन्य अभ्यास संपन्न हुआ था। यह अभ्यास दोनों देशों की सेनाओं के बीच बढ़ते सैन्य सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को दर्शाता है। साथ ही इसका बड़ा मकसद उच्च ऊंचाई वाले क्षेत्रों में संयुक्त आतंकवाद-रोधी अभियान और सैन्य समन्वय को मजबूत करना था।

इस अभ्यास का महत्त्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि इसमें पहली बार चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) और पाकिस्तान सेना की नियमित थलसेना इकाइयों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।

भारत के लिए यह घटनाक्रम विशेष महत्त्व रखता है, क्योंकि चीन और पाकिस्तान दोनों के साथ भारत के सीमा विवाद हैं।

 Karakoram-2026 अभ्यास को मुख्य रूप से दो चरणों में आयोजित किया गया था। पहला चरण: विशेष सैन्य प्रशिक्षण और दूसरा चरण: संयुक्त सैन्य अभियान. अभ्यास में चीनी हथियारों, बख्तरबंद वाहनों, पैदल सेना लड़ाकू वाहनों, तोपखाने तथा ड्रोन का उपयोग किया गया।

चीन-पाकिस्तान रणनीतिक साझेदारी 

दोस्तों, चीन-पाकिस्तान रणनीतिक साझेदारी का अर्थ है दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक, आर्थिक, सैन्य और तकनीकी सहयोग का संबंध। यह साझेदारी केवल हथियार खरीदने और बेचने तक सीमित नहीं है, बल्कि अब दोनों देशों की सेनाओं के बीच संयुक्त प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और सैन्य समन्वय तक पहुँच रही है।

इन सहयोगों के माध्यम से चीन पाकिस्तान की सैन्य क्षमताओं को मजबूत करता है, जबकि पाकिस्तान को आधुनिक सैन्य तकनीक और उपकरणों तक पहुँच मिलती है।

अब जबकि काराकोरम अभ्यास ने दोनों देशों के सैन्य गठजोड़ को मजबूत किया है, ऐसे में भारत के लिए इसका महत्त्व समझना जरूरी हो जाता है. आप जब भारत के मानचित्र को देखते हैं तो उत्तर दिशा में एक तरफ से पाकिस्तान तो दूसरी तरफ से चीन लगातार क्रमशः पीओके(POK), गिलगित-बाल्टिस्तान, शक्सगाम घाटी, अक्साई चिन को लेकर भारत के साथ तनाव पैदा करते रहे हैं.  अतः निम्नलिखित बिन्दुओं द्वारा इस पक्ष को देखना चाहिए:

भारत के लिए Karakoram-2026 का महत्त्व 

(i) दो मोर्चों पर सुरक्षा चुनौती (Two-Front Challenge)

भारत की उत्तरी और पश्चिमी सीमाओं पर चीन और पाकिस्तान के साथ अलग-अलग सुरक्षा चुनौतियाँ मौजूद हैं।

यदि दोनों देशों के बीच सैन्य समन्वय बढ़ता है, तो भारत के लिए एक साथ दोनों सीमाओं पर सैन्य तैयारी बनाए रखना अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

मान लीजिये कि यदि भारत की उत्तरी सीमा पर चीन के साथ तनाव हो और पश्चिमी सीमा पर पाकिस्तान के साथ भी तनाव बढ़ जाए, तो भारत को दोनों मोर्चों पर सैन्य संसाधनों का उपयोग करना पड़ सकता है।

(ii) सैन्य इंटरऑपरेबिलिटी में वृद्धि

Interoperability (इंटरऑपरेबिलिटी) का अर्थ है अलग-अलग देशों की सेनाओं का एक साथ प्रभावी ढंग से कार्य करने की क्षमता।

संयुक्त सैन्य अभ्यास से दोनों देशों की सेनाओं को एक-दूसरे की सैन्य रणनीतियों को समझने, संचार एवं कमान प्रणाली में समन्वय बढ़ाने, संयुक्त अभियान चलाने का अनुभव प्राप्त करने , युद्ध के दौरान निर्णय लेने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने में सहायता मिलती है। इससे चीन और पाकिस्तान दोनों मिलकर भारत को नुकसान पहुँचा सकते हैं।

(iii) चीनी सैन्य तकनीक का पाकिस्तान की सेना में एकीकरण

पाकिस्तान की सेना में चीनी हथियारों और सैन्य प्रणालियों का उपयोग बढ़ रहा है। इससे दोनों देशों के बीच सैन्य उपकरणों, प्रशिक्षण और संचालन प्रक्रियाओं में समानता बढ़ सकती है।

(iv) उच्च ऊँचाई वाले क्षेत्रों में सैन्य सहयोग

यह अभ्यास शिनजियांग क्षेत्र में आयोजित हुआ, जो भारत के लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के निकट स्थित है।

उच्च ऊँचाई वाले क्षेत्रों में सैन्य संचालन के लिए विशेष प्रशिक्षण, उपकरण और रसद व्यवस्था की आवश्यकता होती है। इसलिए ऐसे अभ्यास भारत की सुरक्षा योजना के लिए महत्त्वपूर्ण हैं।

(v) क्षेत्रीय रणनीतिक संतुलन पर प्रभाव

चीन-पाकिस्तान सैन्य सहयोग दक्षिण एशिया में शक्ति संतुलन को प्रभावित कर सकता है। इससे भारत को अपनी सैन्य क्षमताओं, रणनीतिक साझेदारियों और रक्षा तैयारी को लगातार मजबूत करने की आवश्यकता है।

इन परिस्थितियों में भारत के सामने प्रमुख चुनौतियों को रेखांकित करना आवश्यक हो जाता है: इनमें चीन और पाकिस्तान के सैन्य समन्वय, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर की संवेदनशील स्थिति, दक्षिण एशिया में चीन का बढ़ता दबदबा शामिल हैं।

ऐसे में भारत को क्या कदम उठाने चाहिए? 

1. स्वदेशी रक्षा उत्पादन को बढ़ावा

भारत को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ानी चाहिए।

  • आधुनिक लड़ाकू विमान।
  • ड्रोन एवं एंटी-ड्रोन प्रणाली।
  • मिसाइल एवं वायु रक्षा प्रणाली।
  • इलेक्ट्रॉनिक युद्ध क्षमता।

2. सीमा पर मजबूत बुनियादी ढांचा

  • सीमा सड़क संगठन (BRO) के माध्यम से सड़क निर्माण।
  • सुरंगों एवं पुलों का विकास।
  • सीमावर्ती क्षेत्रों में संचार व्यवस्था मजबूत करना।
  • सैनिकों के लिए बेहतर रसद एवं आवागमन।

3. खुफिया एवं निगरानी क्षमता

  • उपग्रह आधारित निगरानी।
  • ड्रोन आधारित सीमा निगरानी।
  • वास्तविक समय में खुफिया जानकारी साझा करना।
  • AI आधारित सुरक्षा प्रणाली।

4. सैन्य समन्वय

भारत को तीनों सेनाओं के बीच संयुक्त संचालन क्षमता और थिएटर कमांड व्यवस्था को प्रभावी बनाना चाहिए।

5. कूटनीतिक संतुलन

भारत को चीन और पाकिस्तान के साथ अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करते हुए कूटनीतिक संवाद तथा क्षेत्रीय सहयोग के विकल्प खुले रखने चाहिए।

6. रक्षा साझेदारी

भारत को मित्र देशों के साथ रक्षा तकनीक, संयुक्त उत्पादन एवं रणनीतिक सहयोग को मजबूत करना चाहिए। उदाहरण के तौर पर क्वाड(यू.एस.ए., जापान , भारत और ऑस्ट्रेलिया ) में भागीदारी, शंघाई सहयोग संगठन (जिसमें भारत, पाकिस्तान और चीन तीनों सदस्य हैं) में प्रभावी भूमिका , हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में अपना महत्त्व स्थापित करना |

कुल मिलाकर, Karakoram-2026 चीन और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य सहयोग का एक महत्त्वपूर्ण उदाहरण है। यह सहयोग केवल हथियारों की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि संयुक्त प्रशिक्षण, सैन्य समन्वय और परिचालन क्षमता को भी मजबूत करता है।

भारत के लिए यह घटनाक्रम सतर्कता, रक्षा आधुनिकीकरण और रणनीतिक तैयारी की आवश्यकता को रेखांकित करता है। भारत को किसी संभावित खतरे के प्रति घबराने के बजाय अपनी सैन्य क्षमता, स्वदेशी रक्षा उत्पादन, सीमा प्रबंधन और कूटनीतिक रणनीति को मजबूत करना चाहिए।

Reference: The Indian Express

Comments

Loading comments...

Related Articles

Suggested Courses

Trending
Titan Plus Batch 2
BPSC CCE

Titan Plus Batch 2

Trending
Titan Batch 2
BPSC CCE

Titan Batch 2