EDU TERIA Logo
Sign InSign UpEnroll Now

संसद में परिसीमन विधेयक , 2026 लाने की तैयारी

Understand the Delimitation Bill 2026, its constitutional provisions, proposed increase in Lok Sabha seats, delimitation process, census basis.

Written by Team EduTeria
Published: 27 November 2026•14 min read
संसद में परिसीमन विधेयक , 2026 लाने की तैयारी
Progress
0%
Aa

संसद में परिसीमन विधेयक , 2026 लाने की तैयारी

चर्चा में क्यों?

केंद्र सरकार संसद के विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक पेश कर सकती है। गौरतलब है कि संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होकर 3 दिसंबर तक चलेगा। लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें अलग-अलग तारीखों पर होंगी।

इस सत्र में सरकार लोकसभा में सीटों की संख्या में लगभग 50% वृद्धि करने का प्रस्ताव ला सकती है। इसमें लोकसभा सीटों पर लगी रोक को 25 साल और बढ़ाने का प्रस्ताव है। साथ ही 2011 की जनगणना को आधार बनाकर राज्यों के भीतर निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण किया जा सकता है।

सरकार को विधेयक पारित कराने के लिए संसद में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी। इन प्रस्तावों का संबंध भारत में जनसंख्या के आधार पर राजनीतिक प्रतिनिधित्व को निर्धारित करने से है।

दोस्तों, आइये इस ब्लॉग के जरिये परिसीमन से जुड़े सभी पक्षों को समझते हैं ताकि आपको इस टॉपिक की बेहतर जानकारी मिल सके।

सबसे बेसिक सवाल कि परिसीमन क्या है?

परिसीमन का अर्थ है किसी देश या राज्य में चुनाव के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण करना। मान लीजिए किसी राज्य में 10 लोकसभा सीटें हैं। इन सीटों के अंतर्गत अलग-अलग क्षेत्र आते हैं। समय के साथ किसी क्षेत्र की जनसंख्या बहुत बढ़ जाती है, जबकि दूसरे क्षेत्र की जनसंख्या कम बढ़ती है।

ऐसी स्थिति में यह आवश्यक हो जाता है कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को दोबारा निर्धारित किया जाए, ताकि प्रत्येक सांसद लगभग समान जनसंख्या का प्रतिनिधित्व कर सके। इसी प्रक्रिया को परिसीमन कहते हैं।

इस व्यवस्था को एक आसान उदाहरण से समझते हैं:

मान लीजिए किसी राज्य में दो लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र हैं: क्षेत्र A की जनसंख्या 20 लाख और क्षेत्र B की जनसंख्या 10 लाख है। अब क्षेत्र A में रहने वाले 20 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व एक सांसद कर रहा है, जबकि क्षेत्र B में 10 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व भी एक ही सांसद कर रहा है।

इससे दोनों सांसदों के निर्वाचन क्षेत्रों में जनसंख्या का अंतर हो जाता है। परिसीमन के माध्यम से निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को इस तरह बदला जा सकता है कि दोनों क्षेत्रों की जनसंख्या लगभग बराबर हो जाए।

परिसीमन का मतलब केवल सीटों की संख्या बढ़ाना नहीं है। इसमें निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को बदलना और अनुसूचित जाति (SC) तथा अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित सीटों का निर्धारण करना भी शामिल है।

अगला सवाल कि परिसीमन की आवश्यकता क्यों पड़ती है?

हमने शुरू में ही चर्चा की कि परिसीमन का मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र में सभी नागरिकों को लगभग समान राजनीतिक प्रतिनिधित्व उपलब्ध कराना है। इसके प्रमुख उद्देश्य हैं:

1. समान प्रतिनिधित्व

प्रत्येक सांसद के निर्वाचन क्षेत्र में लगभग समान जनसंख्या होनी चाहिए, ताकि किसी नागरिक का राजनीतिक प्रतिनिधित्व दूसरे नागरिक की तुलना में बहुत कम या अधिक न हो।

2. जनसंख्या में बदलाव के अनुसार निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण

समय के साथ शहरों में जनसंख्या बढ़ती है और ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंख्या का अनुपात बदल सकता है। परिसीमन इन बदलावों के अनुसार निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं निर्धारित करने में सहायता करता है।

3. शहरीकरण और प्रवासन

ग्रामीण क्षेत्रों से लोग रोजगार और शिक्षा के लिए शहरों की ओर जाते हैं। इससे शहरों की जनसंख्या तेजी से बढ़ सकती है और पुराने निर्वाचन क्षेत्रों का जनसांख्यिकीय संतुलन बदल सकता है।

4. लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करना

इससे संसद और विधानसभाओं में जनता का प्रतिनिधित्व अधिक संतुलित बनाने का प्रयास किया जाता है।

5. SC और ST का उचित प्रतिनिधित्व

परिसीमन के दौरान अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या और उनकी सीमाओं का भी निर्धारण किया जाता है।

भारत में परिसीमन का संवैधानिक आधार

महत्त्वपूर्ण बात यह है कि परिसीमन की व्यवस्था भारतीय संविधान में दी गई है। अनुच्छेद 81 के तहत लोकसभा की संरचना एवं राज्यों को सीटों का आवंटन की व्यवस्था है। वहीं अनुच्छेद 82 प्रत्येक जनगणना के बाद लोकसभा सीटों और निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्समायोजन( readjustment) करने का उल्लेख करता है।

पुनः राज्य विधानसभाओं की संरचना एवं निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्समायोजन करने की चर्चा अनुच्छेद 170 में की गई है। क्रमशः अनुच्छेद 330 और 332 में लोकसभा में SC/ST के लिए सीटों का आरक्षण तथा राज्य विधान सभा में SC/ST के लिए सीटों का आरक्षण का प्रावधान किया गया है।

भारत में परिसीमन आयोग

परिसीमन आयोग एक स्वतंत्र वैधानिक निकाय है, जिसका गठन निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और सीटों के पुनर्निर्धारण के लिए किया जाता है। भारत में परिसीमन आयोग का गठन संसद द्वारा बनाए गए कानून के तहत किया जाता है।

परिसीमन आयोग की संरचना

पिछले परिसीमन कानूनों के अनुसार आयोग में सामान्यतः निम्नलिखित सदस्य होते हैं:

  1. सर्वोच्च न्यायालय के वर्तमान या पूर्व न्यायाधीश – अध्यक्ष।
  2. मुख्य निर्वाचन आयुक्त या उनके द्वारा नामित निर्वाचन आयुक्त।
  3. संबंधित राज्यों के राज्य निर्वाचन आयुक्त।

परिसीमन आयोग के प्रमुख कार्य

  • लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का निर्धारण।
  • विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का निर्धारण।
  • SC/ST के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण।
  • जनसंख्या के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों में संतुलन स्थापित करना।

महत्वपूर्ण तथ्य: परिसीमन आयोग के आदेशों को सामान्यतः कानून का बल प्राप्त होता है। संविधान के अनुच्छेद 329(a) के तहत परिसीमन से संबंधित कानूनों की वैधता को न्यायालय में चुनौती देने पर प्रतिबंध है। हालांकि, आयोग के आदेशों में सीमित स्तर पर न्यायिक समीक्षा के प्रश्न अलग हो सकते हैं। ध्यान रहे कि अनुच्छेद 329 A, अनुच्छेद 329 (a) से इतर है जिसमें प्रधानमंत्री और लोक सभा अध्यक्ष की मामले में संसद के चुनाव के बारे में विशेष प्रावधान का जिक्र था और जिसे 44वें संविधान संशोधन द्वारा प्रतिस्थापित किया गया था.

भारत में अब तक चार परिसीमन आयोग गठित हुए हैं । इनका क्रम इस प्रकार है : पहला परिसीमन आयोग 1952 में गठित हुआ , दूसरा 1963, तीसरा 1973 और चौथा 2002 में गठित हुआ था। चौथे परिसीमन आयोग के आदेश वर्ष 2008 में लागू हुए थे।

भारत में परिसीमन पर रोक क्यों लगाई गई थी?

यह इस पूरी चर्चा का सबसे महत्त्वपूर्ण हिस्सा है। इसे समझने के लिए हमें भारत की जनसंख्या नीति और क्षेत्रीय असमानता को समझना होगा। यह स्पष्ट है कि भारत के सभी राज्यों में जनसंख्या वृद्धि की दर एक जैसी नहीं रही है। 1970 के दशक में भारत सरकार के सामने एक बड़ी चुनौती थी। सरकार चाहती थी कि सभी राज्य जनसंख्या नियंत्रण और परिवार नियोजन को प्रोत्साहित करें।

कुछ राज्यों ने परिवार नियोजन और जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि कुछ राज्यों में जनसंख्या तेजी से बढ़ती रही।

उदाहरण के लिए केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों ने जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित करने में अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन किया। जबकि उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में जनसंख्या वृद्धि लंबे समय तक अपेक्षाकृत अधिक रही।

अब मान लीजिए कि लोकसभा की सीटों का आवंटन पूरी तरह नई जनसंख्या के आधार पर कर दिया जाता है। ऐसी स्थिति में अधिक जनसंख्या वाले राज्यों की सीटें बढ़ सकती हैं और कम जनसंख्या वृद्धि वाले राज्यों की सीटों का अनुपात घट सकता है।

इससे एक समस्या पैदा होती है। जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण के लिए बेहतर काम किया, उन्हें संसद में अपेक्षाकृत कम प्रतिनिधित्व मिलने का खतरा हो सकता है।

इस समस्या को ध्यान में रखते हुए सीटों के पुनर्वितरण पर रोक लगाई गई। 42वां संविधान संशोधन अधिनियम, 1976 के माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में राज्यों की सीटों की संख्या को 1971 की जनगणना के आधार पर स्थिर कर दिया गया। इसका उद्देश्य राज्यों को जनसंख्या नियंत्रण के लिए प्रोत्साहित करना था। यह व्यवस्था मूल रूप से वर्ष 2000 तक लागू रहनी थी।

लेकिन वर्ष 2001 में 84वें संविधान संशोधन के माध्यम से इस रोक को आगे बढ़ा दिया गया। अब राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के आवंटन और राज्य विधानसभाओं की कुल सीटों की संख्या को पहली जनगणना के प्रासंगिक आँकड़े प्रकाशित होने तक स्थिर रखा गया, जो वर्ष 2026 के बाद होगी। इस प्रकार 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच सीटों का अनुपात बनाए रखा गया।

पुनः 87वां संविधान संशोधन अधिनियम, 2003 ने एक महत्त्वपूर्ण बदलाव किया। इसके तहत राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का आवंटन 1971 की जनगणना के आधार पर ही स्थिर रहा। लेकिन प्रत्येक राज्य के अंदर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को 2001 की जनगणना के आधार पर बदला जा सकता था। SC/ST के लिए आरक्षित सीटों का पुनर्निर्धारण भी 2001 की जनगणना के आधार पर किया गया। इसलिए यह समझना जरूरी है कि राज्यों के बीच सीटों का आवंटन और किसी राज्य के भीतर निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन दो अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं। कहने का मतलब यह कि इस माध्यम से बिना लोकसभा सीटों की संख्या के फेरबदल के राज्य में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को बदला जा सकता है.

परिसीमन विधेयक 2026 में क्या प्रस्ताव था?

अप्रैल 2026 में केंद्र सरकार ने परिसीमन से संबंधित तीन विधेयक संसद में पेश किए थे:

  1. संविधान (131वाँ संशोधन) विधेयक, 2026।
  2. परिसीमन विधेयक, 2026।
  3. केंद्रशासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2026।

इनका मुख्य उद्देश्य लोकसभा का आकार बढ़ाना, परिसीमन की प्रक्रिया में बदलाव करना और महिला आरक्षण को लागू करने का रास्ता तैयार करना था। इन प्रस्तावों की प्रमुख विशेषताएँ थीं:

1. लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाना

लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव था। इसमें राज्यों के लिए अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए अधिकतम 35 सीटों का प्रावधान प्रस्तावित था।

2. जनसंख्या के आधार पर सीटों का पुनर्वितरण

प्रस्ताव में राज्यों के बीच सीटों के आवंटन को जनसंख्या के अनुपात से जोड़ने की व्यवस्था थी। इससे अधिक जनसंख्या वाले राज्यों की लोकसभा सीटों में वृद्धि हो सकती थी।

3. जनगणना का आधार

प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार संसद को यह निर्धारित करने का अधिकार दिया जाना था कि परिसीमन के लिए किस जनगणना का उपयोग किया जाएगा। अलग परिसीमन विधेयक में आयोग के गठन के समय उपलब्ध नवीनतम प्रकाशित जनगणना के उपयोग का प्रावधान था।

4. महिला आरक्षण को लागू करना

2023 के 106वें संविधान संशोधन के तहत महिलाओं के लिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान किया गया था। लेकिन इसके क्रियान्वयन को जनगणना और परिसीमन से जोड़ा गया था। 2026 के प्रस्तावों का उद्देश्य इस प्रक्रिया में बदलाव करके महिला आरक्षण को जल्द लागू करने का रास्ता तैयार करना था।

अप्रैल 2026 में संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत प्राप्त नहीं कर सका। इसके बाद संबंधित परिसीमन और केंद्रशासित प्रदेश विधेयकों को आगे नहीं बढ़ाया गया।

वर्तमान परिसीमन विधेयक में क्या तीन बड़े बदलाव प्रस्तावित हैं?

सरकार संशोधित विधेयक में तीन प्रमुख बदलाव करने पर विचार कर रही है। 1: लोकसभा सीटों में 50% वृद्धि

वर्तमान लोकसभा में 543 निर्वाचित सीटें हैं। प्रस्ताव के अनुसार इनकी संख्या में लगभग 50% वृद्धि की जा सकती है।

2: राज्यों के बीच सीटों का अनुपात स्थिर रखना

1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों को मिलने वाली सीटों के अनुपात को अगले 25 वर्षों तक बनाए रखने का प्रस्ताव है।

3: राज्यों के अंदर 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन

प्रत्येक राज्य के भीतर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण 2011 की जनगणना के आधार पर किया जा सकता है। मान लीजिए बिहार और तमिलनाडु में लोकसभा की सीटें बढ़ाई जाती हैं। बिहार में वर्तमान में 40 लोकसभा सीटें हैं और तमिलनाडु में 39 सीटें हैं। यदि प्रत्येक राज्य की सीटों में 50% वृद्धि की जाए, तो बिहार में यह बढ़कर 60 और तमिलनाडु में लगभग 59 हो जायेगी। इस व्यवस्था में बिहार और तमिलनाडु के बीच सीटों का अनुपात लगभग पहले जैसा रहेगा। लेकिन बिहार के अंदर किसी निर्वाचन क्षेत्र की जनसंख्या अधिक और दूसरे की कम होने पर 2011 की जनगणना के अनुसार उनकी सीमाएं बदली जा सकती हैं।

इसका अर्थ है कि राज्यों के बीच सीटों का अनुपात स्थिर रहेगा, लेकिन राज्यों के अंदर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदल सकती हैं।

परिसीमन से उत्तर भारत और दक्षिण भारत के बीच विवाद क्यों ?

देखिये, भारत में जनसंख्या वृद्धि का स्तर सभी राज्यों में समान नहीं है। उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में जनसंख्या वृद्धि अपेक्षाकृत अधिक रही है। वहीं केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन किया है। यदि लोकसभा सीटों का आवंटन पूरी तरह नई जनसंख्या के आधार पर किया जाता है, तो अधिक जनसंख्या वाले राज्यों की राजनीतिक ताकत बढ़ सकती है। इससे जुड़े प्रमुख विवाद

1. उत्तर-दक्षिण राजनीतिक असंतुलन:

दक्षिण भारतीय राज्यों की प्रमुख चिंताएँ

  • जनसंख्या नियंत्रण में सफलता के बावजूद राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है।
  • लोकसभा में उत्तर भारतीय राज्यों का प्रभाव बढ़ सकता है।
  • राष्ट्रीय नीतियों के निर्माण में दक्षिण भारतीय राज्यों की तुलनात्मक भूमिका कम हो सकती है।
  • वित्तीय संसाधनों के आवंटन और संघीय संतुलन पर भी राजनीतिक बहस बढ़ सकती है।

2. जनसंख्या नियंत्रण करने वाले राज्यों के साथ अन्याय: जिन राज्यों ने परिवार नियोजन और जनसंख्या नियंत्रण में अच्छा प्रदर्शन किया है, उन्हें लगता है कि उनके प्रयासों को दंडित नहीं किया जाना चाहिए।

3. सहकारी संघवाद : भारत एक संघीय व्यवस्था वाला देश है। इसलिए राज्यों के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाए रखना आवश्यक है।

4. वित्तीय और राजनीतिक शक्ति का संतुलन: लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ने से राज्यों की राजनीतिक आवाज और राष्ट्रीय निर्णय प्रक्रिया में उनका प्रभाव भी प्रभावित हो सकता है।

परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत आवश्यक

यह विधेयक संविधान के प्रावधानों में बदलाव से संबंधित है। इसलिए यदि इसमें संविधान संशोधन शामिल है, तो इसे अनुच्छेद 368 की प्रक्रिया के अनुसार पारित करना होगा। इसे विशेष बहुमत कहते हैं।

संविधान संशोधन विधेयक को प्रत्येक सदन में निम्नलिखित दोनों शर्तें पूरी करनी होती हैं: सदन की कुल सदस्य संख्या के बहुमत से पारित होना चाहिए। उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के कम-से-कम दो-तिहाई सदस्यों का समर्थन मिलना चाहिए।

परिसीमन के संभावित लाभ

1. बेहतर प्रतिनिधित्व

लोकसभा में सदस्यों की संख्या बढ़ने से अधिक जनसंख्या वाले क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने की क्षमता बढ़ सकती है।

2. सांसदों पर काम का दबाव कम हो सकता है

एक सांसद को अपने निर्वाचन क्षेत्र में बहुत बड़ी आबादी की समस्याएं सुननी पड़ती हैं। सीटें बढ़ने से निर्वाचन क्षेत्र छोटे हो सकते हैं और जनता तक पहुँच बेहतर हो सकती है।

3. लोकतंत्र में भागीदारी बढ़ेगी

अधिक प्रतिनिधियों के माध्यम से जनता की समस्याओं को संसद में उठाने के अधिक अवसर मिल सकते हैं।

4. शहरीकरण के अनुसार निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण

दिल्ली, मुंबई, पटना, बेंगलुरु जैसे शहरों में जनसंख्या और शहरी विस्तार में बदलाव हुआ है। परिसीमन के माध्यम से निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को नए जनसंख्या वितरण के अनुसार व्यवस्थित किया जा सकता है।

परिसीमन और महिला आरक्षण का संबंध

2023 में संसद ने 106वां संविधान संशोधन अधिनियम (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) पारित किया था। इसके माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान किया गया। लेकिन इसके लागू होने को जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन से जोड़ा गया था। इसलिए परिसीमन की प्रक्रिया महिला आरक्षण को लागू करने के संदर्भ में भी महत्त्वपूर्ण है। इसका मतलब है कि यदि लोकसभा की सीटें बढ़ती हैं और नए निर्वाचन क्षेत्र बनाए जाते हैं, तो महिला आरक्षण के तहत आरक्षित सीटों का निर्धारण भी परिसीमन प्रक्रिया से जुड़ा होगा।

आगे की राह

परिसीमन की प्रक्रिया को केवल जनसंख्या के आधार पर नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक समानता और सहकारी संघवाद के व्यापक दृष्टिकोण से देखना आवश्यक है।

1. सभी राज्यों के साथ विचार-विमर्श परिसीमन से पहले केंद्र सरकार को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और राजनीतिक दलों के साथ व्यापक चर्चा करनी चाहिए।

2. जनसंख्या नियंत्रण को प्रोत्साहन जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में सफलता प्राप्त की है, उनके योगदान और उपलब्धियों को ध्यान में रखा जाना चाहिए।

3. पारदर्शी परिसीमन प्रक्रिया परिसीमन आयोग के निर्णयों में पारदर्शिता होनी चाहिए और आम नागरिकों को अपनी आपत्तियाँ एवं सुझाव प्रस्तुत करने का अवसर मिलना चाहिए।

4. संघीय संतुलन बनाए रखना लोकसभा में राज्यों के प्रतिनिधित्व के साथ-साथ राष्ट्रीय निर्णय प्रक्रिया में सभी क्षेत्रों की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।

5. महिला आरक्षण का प्रभावी क्रियान्वयन महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के लिए संवैधानिक प्रावधानों को समयबद्ध तरीके से लागू करना चाहिए।

6. राजनीतिक सहमति विकसित करना परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक विषय पर सभी राजनीतिक दलों के बीच व्यापक सहमति बनाना आवश्यक है।

निष्कर्ष

पूरी चर्चा से स्पष्ट होता है कि परिसीमन भारतीय लोकतंत्र को अधिक प्रतिनिधित्वपूर्ण और समावेशी बनाने की एक महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रक्रिया है।

लेकिन भारत जैसे विविधतापूर्ण संघीय देश में परिसीमन करते समय केवल जनसंख्या को आधार बनाना पर्याप्त नहीं होगा। इसके साथ राज्यों के बीच राजनीतिक संतुलन, जनसंख्या नियंत्रण में उनकी उपलब्धियों, क्षेत्रीय समानता और महिला प्रतिनिधित्व को भी ध्यान में रखना आवश्यक है।

इसलिए परिसीमन की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिससे एक ओर प्रत्येक नागरिक को उचित प्रतिनिधित्व मिले और दूसरी ओर किसी भी राज्य को जनसंख्या नियंत्रण जैसे राष्ट्रीय लक्ष्यों को प्राप्त करने के कारण राजनीतिक नुकसान न उठाना पड़े। अंततः परिसीमन का उद्देश्य केवल सीटों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र में समानता, प्रतिनिधित्व और सहकारी संघवाद को मजबूत करना होना चाहिए।

इस ब्लॉग को पढ़ने के बाद इससे जुड़े सवालों को हल करने के लिए CLICK करें

Reference: The Hindu

Comments

Loading comments...

Related Articles

Suggested Courses

Trending
Titan Plus Batch 2
BPSC CCE

Titan Plus Batch 2

Trending
Titan Batch 2
BPSC CCE

Titan Batch 2