EDU TERIA Logo
CartSign InSign UpEnroll Now

GRAP-III खत्म, लेकिन प्रदूषण से राहत अधूरी

दिल्ली-NCR में GRAP-III हटाने के कारण, GRAP के चार चरणों, AQI की श्रेणियों और वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए जारी प्रतिबंधों को विस्तार से जानें।

Written by Team EduTeria
Published: 18 November 2026•6 min read
GRAP-III खत्म, लेकिन प्रदूषण से राहत अधूरी
Progress
0%
Aa

GRAP-III खत्म, लेकिन प्रदूषण से राहत अधूरी

UPSC IAS/BPSC | GS Paper 3 | Environment & Ecology |

चर्चा में क्यों?

हाल ही में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-NCR में GRAP के तीसरे चरण (Stage-III) को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। दरअसल आयोग ने वायु गुणवत्ता में सुधार को देखते हुए ऐसा निर्णय लिया है।

उल्लेखनीय है कि 17 नवंबर 2026 को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 204 दर्ज किया गया। इसके बाद CAQM की उप-समिति ने वायु गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए GRAP-III के तहत लागू प्रतिबंधों को वापस लेने का निर्णय लिया। हालाँकि, दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण की स्थिति अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है क्योंकि  IMD और IITM के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में AQI के खराब (Poor) से बहुत खराब (Very Poor) श्रेणी में रहने की संभावना है। GRAP के पहले और दूसरे चरण (Stage-I और Stage-II) के उपाय जारी रहेंगे।

आइए समझते हैं कि GRAP क्या है, इसके विभिन्न चरण कौन-से हैं और CAQM के इस निर्णय का दिल्ली-NCR पर क्या प्रभाव पड़ेगा।

GRAP क्या है?

GRAP का पूरा नाम Graded Response Action Plan (श्रेणीबद्ध प्रतिक्रिया कार्ययोजना) है। यह दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए तैयार की गई एक चरणबद्ध कार्ययोजना है। इसका उद्देश्य वायु गुणवत्ता खराब होने पर प्रदूषण के स्तर के अनुसार आवश्यक प्रतिबंध और नियंत्रण उपाय लागू करना है। इस योजना के अंतर्गत वायु प्रदूषण की गंभीरता के आधार पर चार चरण निर्धारित किए गए हैं।

चरणवायु गुणवत्ता (AQI)श्रेणी
Stage-I201–300खराब (Poor)
Stage-II301–400बहुत खराब (Very Poor)
Stage-III401–450गंभीर (Severe)
Stage-IV450 से अधिकअत्यंत गंभीर (Severe+)

इन चरणों के अंतर्गत प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए अलग-अलग प्रतिबंध एवं उपाय लागू किए जाते हैं।

GRAP के चार चरण और उनके प्रमुख प्रतिबंध

Stage-I: खराब वायु गुणवत्ता (Poor)

जब AQI 201 से 300 के बीच होता है, तब GRAP का पहला चरण लागू किया जाता है।

प्रमुख उपाय:सड़कों की नियमित सफाई और पानी का छिड़काव।
निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के उपाय।
खुले में कचरा जलाने पर रोक।
वाहनों के प्रदूषण की जाँच।
प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर कार्रवाई।

Stage-II: बहुत खराब वायु गुणवत्ता (Very Poor)

जब AQI 301 से 400 के बीच पहुँचता है, तब दूसरा चरण लागू किया जाता है।

प्रमुख उपाय:सड़कों पर मशीनों से सफाई और पानी का छिड़काव बढ़ाना।
सार्वजनिक परिवहन को प्रोत्साहित करना।
पार्किंग शुल्क बढ़ाने जैसे उपाय।
डीजल जनरेटर के उपयोग पर प्रतिबंध एवं नियंत्रण।
निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण को सख्ती से लागू करना।

Stage-III: गंभीर वायु गुणवत्ता (Severe)

जब AQI 401 से 450 के बीच होता है, तब तीसरा चरण लागू किया जाता है।

प्रमुख उपाय:धूल उत्पन्न करने वाली निर्माण एवं विध्वंस गतिविधियों पर प्रतिबंध।
कुछ श्रेणियों के पुराने वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध।
आवश्यक सेवाओं को छोड़कर प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर सख्ती।
निर्माण एवं औद्योगिक गतिविधियों पर अतिरिक्त प्रतिबंध।
कुछ क्षेत्रों में शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में बदलाव।

Stage-IV: अत्यंत गंभीर वायु गुणवत्ता (Severe+) : जब AQI 450 से अधिक हो जाता है, तब GRAP का चौथा और सबसे गंभीर चरण लागू किया जाता है।

प्रमुख उपाय:दिल्ली में ट्रकों के प्रवेश पर अतिरिक्त प्रतिबंध, आवश्यक सेवाओं को छूट।
निर्माण गतिविधियों पर और अधिक सख्ती।
सार्वजनिक एवं निजी कार्यालयों में वर्क फ्रॉम होम जैसे उपायों पर विचार।
स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के संचालन में आवश्यक बदलाव।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए आपातकालीन कदम।

GRAP-III हटने के बाद कौन-से प्रतिबंध जारी रहेंगे?

CAQM के आदेश के अनुसार GRAP-III हटाए जाने के बावजूद कुछ अन्य प्रतिबंध जारी रहेंगे।

प्रमुख निर्देश:

1. पूरे NCR में निर्धारित छूट प्राप्त परियोजनाओं को छोड़कर धूल उत्पन्न करने वाली विध्वंस (Demolition) और बाहरी निर्माण गतिविधियों पर 30 अक्टूबर 2026 का प्रतिबंध जारी रहेगा ।

2. दिल्ली-NCR के निकटवर्ती जिलों में सरकारी और निजी कार्यालयों के लिए 5 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक अधिकतम 50% कर्मचारियों की भौतिक उपस्थिति संबंधी पूर्व आदेश भी जारी रहेगा।

3. संबंधित एजेंसियाँ GRAP-I और GRAP-II के उपायों को सख्ती से लागू करेंगी।

4. वायु गुणवत्ता की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

इन उपायों का उद्देश्य प्रदूषण को दोबारा गंभीर स्तर पर पहुँचने से रोकना है।

वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) क्या है?

AQI का पूरा नाम Air Quality Index (वायु गुणवत्ता सूचकांक) है। यह एक ऐसा सूचकांक है, जिसके माध्यम से हवा की गुणवत्ता और मानव स्वास्थ्य पर उसके संभावित प्रभावों का आकलन किया जाता है। भारत में AQI को छह श्रेणियों में बाँटा गया है।

AQI स्तरवायु गुणवत्ता की श्रेणी
0–50अच्छा (Good)
51–100संतोषजनक (Satisfactory)
101–200मध्यम (Moderate)
201–300खराब (Poor)
301–400बहुत खराब (Very Poor)
401–500गंभीर (Severe)

AQI की गणना में PM10, PM2.5, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड, कार्बन मोनोऑक्साइड, ओजोन, अमोनिया और लेड जैसे प्रदूषकों को शामिल किया जाता है।

पर्टिकुलेट मैटर (PM10 और PM2.5); वायुमंडल में तैरते हुए सूक्ष्म ठोस या तरल कणों को पर्टिकुलेट मैटर कहते हैं।

PM10: इन कणों का व्यास 10 माइक्रोमीटर या उससे कम होता है।

PM2.5: ये अत्यंत सूक्ष्म कण होते हैं, जिनका व्यास 2.5 माइक्रोमीटर या उससे कम होता है। ये इतने बारीक होते हैं कि फेफड़ों की दीवार को भेदकर सीधे रक्तप्रवाह में प्रवेश कर सकते हैं, इसलिए ये ज्यादा खतरनाक माने जाते हैं।

CAQM क्या है?

CAQM का पूरा नाम Commission for Air Quality Management in National Capital Region and Adjoining Areas है। हिंदी में इसे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग कहा जाता है। इसकी स्थापना वर्ष 2021 में हुई। इसका उद्देश्य दिल्ली-NCR और आसपास के क्षेत्रों में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करना है। यह प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करता है। यह वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए निर्देश और आवश्यक कदम जारी करता है। GRAP के क्रियान्वयन और निगरानी में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

निष्कर्ष

दिल्ली-NCR में GRAP-III हटाने का निर्णय वायु गुणवत्ता में आए सुधार का संकेत है। हालाँकि, AQI अभी भी खराब श्रेणी में है और आने वाले दिनों में बहुत खराब श्रेणी में रहने की आशंका है। इसलिए केवल सरकारी प्रतिबंध पर्याप्त नहीं हैं। प्रदूषण नियंत्रण के लिए सरकार, संबंधित एजेंसियों और आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है।

Reference:

PIB

Comments

Loading comments...

Related Articles

Suggested Courses

Trending
Titan Plus Batch 2
BPSC CCE

Titan Plus Batch 2

Trending
Titan Batch 2
BPSC CCE

Titan Batch 2