EDU TERIA Logo
CartSign InSign UpEnroll Now

बिहार में सेतु की भूमिका: कच्ची दरगाह–बिदुपुर पुल से समझें बिहार के विकास, कनेक्टिविटी और आर्थिक परिवर्तन का महत्व

Explore the role of bridges in Bihar's development, with a focus on Nitish Setu (Kachchi Dargah-Bidupur Bridge).

Written by Team EduTeria
Published: 18 November 2026•11 min read
बिहार में सेतु की भूमिका: कच्ची दरगाह–बिदुपुर पुल से समझें बिहार के विकास, कनेक्टिविटी और आर्थिक परिवर्तन का महत्व
Progress
0%
Aa

बिहार में सेतु की भूमिका: कच्ची दरगाह–बिदुपुर पुल से समझें बिहार के विकास, कनेक्टिविटी और आर्थिक परिवर्तन का महत्व

BPSC परीक्षा विशेष | बिहार का भूगोल | आधारभूत संरचना | परिवहन एवं आर्थिक विकास बिहार में गंगा नदी पर निर्मित कच्ची दरगाह–बिदुपुर पुल का नाम बदलकर ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने को लेकर राजनीतिक और सार्वजनिक चर्चा सामने आई है। यह मुद्दा केवल किसी पुल के नामकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि बिहार में परिवहन अवसंरचना, क्षेत्रीय संपर्क, आर्थिक विकास और सार्वजनिक संपत्तियों के नामकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों से भी जुड़ा है। BPSC की दृष्टि से यह विषय इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि बिहार में गंगा नदी राज्य को भौगोलिक रूप से दो प्रमुख हिस्सों में विभाजित करती है। ऐसे में गंगा पर बने पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क स्थापित करने, व्यापार बढ़ाने तथा क्षेत्रीय असमानताओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कच्ची दरगाह–बिदुपुर पुल (नीतीश सेतु): एक परिचय

यह पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। इसके मार्ग में राघोपुर दियारा क्षेत्र भी शामिल है। गंगा नदी पर बने इस पुल का वर्तमान नाम नीतीश सेतु रखा गया है जबकि इसका पुराना नाम कच्ची दरगाह–बिदुपुर पुल था। 9.76 किलोमीटर लंबा यह पुल पटना और वैशाली को जोड़ता है। कुल 19.76 किलोमीटर की परियोजना में 9.76 किलोमीटर मुख्य पुल और लगभग 10 किलोमीटर संपर्क सड़कें शामिल हैं। परियोजना की स्वीकृति 2015 में मिली थी और निर्माण कार्य 2017 में शुरू हुआ था। 6 लेन की इस कुल परियोजना की लागत लगभग ₹4,988.40 करोड़ है। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम से संबंधित इस परियोजना को वित्तीय सहायता एशियाई विकास बैंक (ADB) से मिली है। राज्य सरकार की घोषणा के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर 2026 को इस पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

बिहार में गंगा नदी पर पुलों की आवश्यकता क्यों ?

दोस्तों, बिहार की भौगोलिक स्थिति को समझे बिना यहाँ पुलों के महत्व को पूरी तरह नहीं समझा जा सकता। बिहार के भौगोलिक मानचित्र को देखें तो गंगा नदी बिहार के मध्य भाग से पश्चिम से पूर्व की ओर बहती है। यह नदी राज्य को मुख्य रूप से उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के दो बड़े भौगोलिक क्षेत्रों में बांटती है। उत्तर बिहार के अंतर्गत जहाँ मिथिलांचल, तिरहुत, सारण, कोसी और सीमांचल के क्षेत्र आते हैं वहीं दक्षिण बिहार में मुख्यतः पटना, मगध, भोजपुर, मुंगेर और अंग क्षेत्र आते हैं। दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन के लिए लंबे समय तक नावों और सीमित पुलों पर निर्भर रहना पड़ता था। इसका प्रभाव कई क्षेत्रों पर पड़ता था जैसे लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुँचने में अधिक समय लगता था। कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुँचाने में कठिनाई होती थी। व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों की लागत बढ़ जाती थी। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच प्रभावित होती थी। बाढ़ के समय आवागमन और भी कठिन हो जाता था। इसलिए बिहार में गंगा पर पुलों का निर्माण केवल परिवहन सुविधा का विस्तार नहीं है, बल्कि यह राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास की भी महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

बिहार के विकास में सेतु की प्रमुख भूमिकाएं

1. उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क स्थापित करना

बिहार में पुलों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सीधा संपर्क स्थापित करना है। उदाहरण के लिए: पटना और वैशाली के बीच संपर्क में सुधार। मुजफ्फरपुर, दरभंगा और अन्य उत्तर बिहार के क्षेत्रों तक पहुंच आसान होना। पटना के माध्यम से दक्षिण बिहार और उत्तर बिहार के बीच आवागमन में सुविधा। कच्ची दरगाह–बिदुपुर पुल इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

2. क्षेत्रीय असमानता को कम करना

बिहार के अलग-अलग क्षेत्रों में विकास का स्तर समान नहीं है। कई ग्रामीण और दियारा क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की सुविधाएँ सीमित हैं। पुल बनने से दूरस्थ क्षेत्रों की मुख्य शहरों से कनेक्टिविटी बढ़ती है। ग्रामीण क्षेत्रों में बाजार तक पहुँच आसान होती है। निवेश और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर पैदा होते हैं। पिछड़े क्षेत्रों का मुख्य आर्थिक केंद्रों से जुड़ाव बढ़ता है। इस प्रकार पुल क्षेत्रीय संतुलित विकास को बढ़ावा देते हैं।

3. कृषि और किसानों को लाभ

बिहार एक कृषि प्रधान राज्य है। यहाँ धान, गेहूं, मक्का, लीची, केला, सब्जियाँ और अन्य कृषि उत्पादों का उत्पादन होता है। किसानों के सामने एक बड़ी समस्या अपने उत्पादों को समय पर बाजार तक पहुँचाने की होती है। पुल बनने से कृषि उत्पादों को मंडियों तक पहुँचाना आसान होगा। परिवहन लागत और समय में कमी आएगी।खराब होने वाले कृषि उत्पादों की बर्बादी कम हो सकती है। साथ ही किसानों को बड़े बाजारों तक पहुँच मिलेगी।

4. व्यापार और औद्योगिक विकास

किसी भी राज्य के औद्योगिक विकास के लिए बेहतर परिवहन व्यवस्था आवश्यक होती है। उद्योगों को कच्चा माल, श्रमिक और तैयार उत्पादों के परिवहन के लिए अच्छी सड़क और पुल की आवश्यकता होती है। बिहार में पुलों के विस्तार से माल ढुलाई आसान होगी। उद्योगों की लॉजिस्टिक्स लागत घट सकती है। नए औद्योगिक क्षेत्रों को विकसित करने में मदद मिलेगी। छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को बड़े बाजारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

5. रोजगार के अवसरों में वृद्धि

पुलों का निर्माण केवल निर्माण के समय ही रोजगार नहीं देता, बल्कि इसके शुरू होने के बाद भी आर्थिक गतिविधियाँ बढ़ती हैं। उदहारण के लिए परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स, होटल और पर्यटन, छोटे व्यापार और दुकानें, वेयरहाउसिंग और कृषि प्रसंस्करण के स्तर पर रोजगार के संभावित क्षेत्र उभरते हैं. इस प्रकार पुल प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों प्रकार के रोजगार के अवसर पैदा करते हैं।

6. शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुँच

बिहार के ग्रामीण और दियारा क्षेत्रों में कई बार अच्छे अस्पताल और उच्च शिक्षा संस्थान दूर स्थित होते हैं। पुलों के माध्यम से मरीजों को बड़े अस्पतालों तक पहुँचाना आसान होता है। विद्यार्थियों को कॉलेज और विश्वविद्यालय तक पहुँचने में सुविधा होती है। आपातकालीन एंबुलेंस सेवाओं का समय कम हो सकता है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों की सामाजिक सेवाओं तक पहुँच बेहतर होती है।

7. पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा

बिहार ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है। यहाँ बौद्ध, जैन, हिंदू और सिख धर्म से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण स्थल हैं। वैशाली , पटना , बोधगया , राजगीर , नालंदा ऐसे ही कुछ महत्त्वपूर्ण स्थल हैं। बेहतर पुल और सड़क संपर्क से पर्यटकों की आवाजाही आसान हो सकती है। इससे स्थानीय पर्यटन व्यवसाय को लाभ मिल सकता है।

8. बाढ़ और आपदा प्रबंधन में सहायता

इससे इंकार नहीं किया जा सकता कि बिहार में हर साल बाढ़ एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आती है। विशेषकर उत्तर बिहार के कई जिले बाढ़ से प्रभावित होते हैं। ऐसे में बेहतर पुल और संपर्क मार्ग आपदा प्रबंधन जैसे राहत सामग्री पहुँचाने,प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाना, स्वास्थ्य और बचाव दलों की आवाजाही में सहायता कर सकते हैं।

9. पटना शहर पर यातायात का दबाव कम करना

पटना बिहार की राजधानी और प्रमुख आर्थिक केंद्र है। यहाँ राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोग शिक्षा, रोजगार, व्यापार और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आते हैं। गंगा पर नए पुल बनने से पुराने पुलों पर निर्भरता कम हो सकती है। शहर के भीतर से गुजरने वाले वाहनों का दबाव घट सकता है। मालवाहक वाहनों को वैकल्पिक मार्ग मिल सकते हैं। साथ ही यात्रा अधिक सुविधाजनक हो सकती है। गौरतलब है कि कच्ची दरगाह–बिदुपुर पुल को विशेष रूप से महात्मा गांधी सेतु पर यातायात का दबाव कम करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।

10. बिहार के समग्र आर्थिक विकास में योगदान

दोस्तों, किसी भी राज्य की अर्थव्यवस्था में परिवहन अवसंरचना की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बेहतर कनेक्टिविटी से कृषि, उद्योग, व्यापार, पर्यटन और सेवा क्षेत्र को एक-दूसरे से जोड़ने में मदद मिलती है। इसलिए पुलों को केवल कंक्रीट और लोहे से बनी संरचना के रूप में नहीं देखना चाहिए। ये राज्य की आर्थिक गतिविधियों को गति देने वाले महत्वपूर्ण साधन हैं।

बिहार के प्रमुख पुल और उनका महत्व

बिहार में गंगा और उसकी सहायक नदियों पर कई महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण किया गया है। पटना–हाजीपुर के बीच महात्मा गांधी सेतु उत्तर और दक्षिण बिहार का महत्वपूर्ण संपर्क माध्यम है। दीघा–सोनपुर को जोड़ने वाला जेपी सेतु (जय प्रकाश सेतु) पटना और सारण क्षेत्र के बीच संपर्क की भूमिका निभाता है। जबकि भागलपुर में विक्रमशिला सेतु गंगा के दोनों किनारों के बीच संपर्क माध्यम है। वहीं श्रीकृष्ण सेतु मुंगेर और खगड़िया क्षेत्र के बीच संपर्क स्थापित करता है।

इन पुलों का महत्व केवल संबंधित शहरों तक सीमित नहीं है। इनके माध्यम से आसपास के जिलों, ग्रामीण बाजारों और आर्थिक गतिविधियों को भी लाभ मिलता है।

कच्ची दरगाह–बिदुपुर पुल से राघोपुर दियारा को विशेष लाभ

राघोपुर दियारा वैशाली जिले का एक महत्वपूर्ण नदीय क्षेत्र है। यह गंगा नदी के बीच स्थित दियारा भूभाग और नदी की धाराओं के कारण लंबे समय से आवागमन की चुनौतियों का सामना करता रहा है। पहले यहाँ के लोगों को पटना और अन्य क्षेत्रों तक पहुँचने के लिए नावों तथा अस्थायी पीपा पुलों पर निर्भर रहना पड़ता था। कच्ची दरगाह–बिदुपुर परियोजना का पहला चरण जून 2025 में कच्ची दरगाह से राघोपुर दियारा तक यातायात के लिए खोला गया था। इससे राघोपुर के लोगों को कई लाभ मिल सकते हैं जैसे पटना तक पहुँच आसान होगी। इन्हें कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुँचाने में सुविधा होगी। इस क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच बढ़ेगी। स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसर विकसित होंगे। बड़ी बात यह कि दियारा क्षेत्र का मुख्यधारा की अर्थव्यवस्था से जुड़ाव मजबूत होगा।

बिहार में पुल निर्माण से जुड़ी प्रमुख चुनौतियाँ

बिहार में पुलों का निर्माण करना आसान नहीं है। यहाँ की भौगोलिक और जलवायु परिस्थितियाँ कई तरह की चुनौतियाँ पैदा करती हैं।

1. नदियों का बदलता स्वरूप

गंगा और उसकी सहायक नदियों में लगातार जल प्रवाह और तलछट के कारण नदी की धारा और तल में बदलाव होता रहता है। इससे पुलों की नींव और संरचनात्मक सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

2. बाढ़ की समस्या

बिहार में मानसून के दौरान नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ता है। इससे निर्माण कार्य और संपर्क सड़कों को नुकसान पहुँचने की आशंका रहती है।

3. भूमि अधिग्रहण

पुलों के निर्माण के लिए केवल नदी पर पुल बनाना पर्याप्त नहीं है। दोनों किनारों पर संपर्क सड़कें भी बनानी पड़ती हैं। इसके लिए बड़ी मात्रा में भूमि की आवश्यकता होती है। भूमि अधिग्रहण में देरी होने से परियोजनाओं की लागत और निर्माण अवधि बढ़ सकती है।

4. वित्तीय संसाधनों की कमी

बड़े पुलों के निर्माण में हजारों करोड़ रुपये खर्च होते हैं। इसलिए राज्य सरकार को केंद्र सरकार, वित्तीय संस्थानों और अन्य स्रोतों से सहायता की आवश्यकता होती है।

5. रखरखाव और सुरक्षा

पुलों का निर्माण होने के बाद उनका नियमित निरीक्षण और रखरखाव भी आवश्यक है। इसके अलावा, पुलों के निर्माण के साथ आस-पास के क्षेत्रों में औद्योगिक केंद्र, कृषि मंडियां, वेयरहाउस और परिवहन सुविधाएं भी विकसित की जानी चाहिए। इससे पुलों का वास्तविक आर्थिक लाभ प्राप्त किया जा सकेगा।

बिहार के विकास में पुलों की भूमिका

बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिए केवल बड़े शहरों के बीच पुल बनाना पर्याप्त नहीं होगा। ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों को भी बेहतर परिवहन व्यवस्था से जोड़ना आवश्यक है। इसके लिए निम्नलिखित कदम महत्वपूर्ण हैं:

1. समग्र परिवहन नेटवर्क:

पुलों को राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य राजमार्गों, रेलवे और अन्य परिवहन साधनों से जोड़ना चाहिए।

2. ग्रामीण कनेक्टिविटी:

दियारा, बाढ़ प्रभावित और सीमावर्ती क्षेत्रों में छोटे-बड़े पुलों का निर्माण करना चाहिए।

3. औद्योगिक विकास:

पुलों के आसपास औद्योगिक क्लस्टर, लॉजिस्टिक्स पार्क और वेयरहाउस विकसित करने चाहिए।

4. कृषि आधारित अर्थव्यवस्था:

पुलों के माध्यम से किसानों को मंडियों, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों और बड़े बाजारों से जोड़ना चाहिए।

5. टिकाऊ अवसंरचना:

जलवायु परिवर्तन, बाढ़ और नदी के कटाव को ध्यान में रखकर पुलों का डिजाइन तैयार करना चाहिए।

6. सार्वजनिक-निजी भागीदारी:

बड़े बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट में उपयुक्त वित्तीय मॉडल और निजी क्षेत्र की भागीदारी को प्रोत्साहित करना चाहिए।

पूरी चर्चा से स्पष्ट होता है कि बिहार में पुलों का महत्व केवल दो स्थानों को जोड़ने तक सीमित नहीं है। ये पुल सामाजिक, आर्थिक और क्षेत्रीय विकास के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। गंगा नदी पर बने पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच दूरी कम करने के साथ-साथ कृषि, व्यापार, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं। कच्ची दरगाह–बिदुपुर पुल यानी नीतीश सेतु इसी परिवर्तन का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। यह परियोजना विशेष रूप से पटना, वैशाली और राघोपुर दियारा क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने की क्षमता रखती है। कहा जा सकता है कि वास्तविक विकसित बिहार का निर्माण तभी संभव है, जब राज्य के प्रत्येक गाँव, किसान, विद्यार्थी और उद्यमी को बेहतर परिवहन और आधारभूत सुविधाओं से जोड़ा जाए।

Reference: The Indian Express

Comments

Loading comments...

Related Articles

Suggested Courses

Trending
Titan Plus Batch 2
BPSC CCE

Titan Plus Batch 2

Trending
Titan Batch 2
BPSC CCE

Titan Batch 2