बंगाल (Bengal) नाम की उत्पत्ति:ऐतिहासिक यात्रा
UPSC GS Paper 1 – भारतीय इतिहास एवं संस्कृति | GS Paper 2 – संघवाद एवं शासन | BPSC विशेष
चर्चा में क्यों?
हाल ही में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने राज्य का नाम बदलकर 'पश्चिम बंग (Paschim Banga)' करने की घोषणा की है। इस संबंध में 9 दिसंबर को राज्य विधानसभा में प्रस्ताव पेश किए जाने की बात कही गई है। इस प्रस्ताव के बाद 'बंगाल' नाम की ऐतिहासिक उत्पत्ति और इसके विकास को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
नोट: इस संबंध में एक ब्लॉग पहले लिखा गया है। उसे पढ़ने के लिए CLICK करें।
सामान्यतः बंगाल नाम को प्राचीन 'वंग (Vanga)' राज्य से जोड़ा जाता है, लेकिन इतिहासकारों और अभिलेखीय साक्ष्यों के आधार पर इसकी उत्पत्ति का इतिहास अधिक जटिल है।
इस विषय को समझने के लिए प्राचीन भारत के वंग, मध्यकालीन वंगाल और यूरोपीय यात्रियों द्वारा प्रयुक्त बंगाला (Bengala) नाम के विकास को समझना आवश्यक है।
बंगाल (Bengal) नाम की उत्पत्ति
बंगाल नाम की उत्पत्ति को लेकर एक प्रचलित मान्यता है कि यह प्राचीन वंग (Vanga) शब्द से विकसित हुआ है।
हालाँकि, इतिहासकार नलिनी नाथ दास गुप्ता ने 1946 में प्रकाशित अपने शोध लेख Origin of the Name 'Bengal' में इस धारणा पर सवाल उठाए थे।
उनके अनुसार 'Bangla' और 'Bengal' शब्द अपेक्षाकृत बाद के समय में प्रचलन में आए। उनके अध्ययन के अनुसार, Bengal शब्द का प्रयोग 18वीं शताब्दी से पहले स्पष्ट रूप से स्थापित नहीं था। प्राचीन वंग (Vanga) और वंगाल (Vangala) दो अलग-अलग भौगोलिक क्षेत्रों के नाम थे।
इसलिए बंगाल नाम की उत्पत्ति सीधे प्राचीन वंग राज्य से मानना उचित नहीं है।
उनका तर्क था कि दक्षिण-पूर्वी बंगाल में स्थित वंगाल नामक क्षेत्र ने आगे चलकर विदेशी यात्रियों के माध्यम से Bengala और अंततः Bengal नाम को जन्म दिया।
वंग क्या था?
वंग (Vanga) प्राचीन भारत का एक महत्वपूर्ण भौगोलिक और राजनीतिक क्षेत्र था। इसका उल्लेख प्राचीन भारतीय साहित्य और धार्मिक ग्रंथों में मिलता है।
(क) वैदिक साहित्य में उल्लेख
- वंग समुदाय का प्रारंभिक उल्लेख वैदिक साहित्य के ऐतरेय आरण्यक में मिलता है।
- यहाँ वंग शब्द का संबंध पूर्वी भारत में रहने वाले एक समुदाय या जनजाति से माना जाता है।
- इससे संकेत मिलता है कि वंग प्राचीन काल में पूर्वी भारत की एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक पहचान थी।
(ख) महाभारत में उल्लेख
- महाभारत में पांडवों में से एक भीम की पूर्वी भारत की विजय यात्राओं के संदर्भ में वंग का उल्लेख मिलता है।
- इसमें वंग को भारत के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में स्थित क्षेत्र के रूप में दर्शाया गया है।
- नलिनी नाथ दास गुप्ता के अध्ययन के अनुसार, प्राचीन वंग में वर्तमान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और नदिया के कुछ हिस्से तथा वर्तमान बांग्लादेश के जेसोर और आसपास के क्षेत्र शामिल हो सकते थे।
(ग) वंग की भौगोलिक सीमा में परिवर्तन
समय के साथ वंग क्षेत्र की भौगोलिक सीमा बदलती रही।
- छठी-सातवीं शताब्दी ईस्वी के आसपास वंग नाम पूर्वी बंगाल के एक विशेष हिस्से के लिए प्रयुक्त होने लगा।
- इसके अंतर्गत ब्रह्मपुत्र नदी, गंगा नदी, मेघना नदी और खासी पहाड़ियों के बीच स्थित क्षेत्र को शामिल किया गया।
- 16वीं शताब्दी तक इसका विस्तार वर्तमान बांग्लादेश के सिलहट (Sylhet) क्षेत्र तक माना गया।
इससे स्पष्ट होता है कि प्राचीन काल में वंग की सीमाएँ स्थिर नहीं थीं, बल्कि राजनीतिक और भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार बदलती रही थीं।
वंगाल (Vangala) का ऐतिहासिक उल्लेख
बंगाल नाम के विकास को समझने में वंगाल (Vangala) का विशेष महत्व है।
वंगाल का उल्लेख कई मध्यकालीन अभिलेखों में मिलता है।
(क) तिरुमलई शिलालेख (Tirumalai Rock Inscription)
- वंगाल का एक प्रारंभिक अभिलेखीय उल्लेख चोल शासक राजेंद्र चोल प्रथम के तिरुमलई शिलालेख में मिलता है।
- राजेंद्र चोल प्रथम ने 11वीं शताब्दी में पूर्वी भारत की ओर सैन्य अभियान किए थे।
- यह अभिलेख वंगाल नाम के प्राचीन ऐतिहासिक प्रयोग का महत्वपूर्ण प्रमाण है।
(ख) नालंदा अभिलेख
- वंगाल का उल्लेख 12वीं शताब्दी के पूर्वार्द्ध के नालंदा अभिलेख में भी मिलता है।
- यह अभिलेख विपुलश्रीमित्र (एक बौद्ध भिक्षु) से संबंधित है।
(ग) गोहरवा अभिलेख
- यह अभिलेख चेदी वंश के शासक कर्णदेव से संबंधित है।
- इसमें पूर्ववर्ती राजा लक्ष्मणराजदेव का उल्लेख मिलता है।
- लक्ष्मणराजदेव के बारे में कहा गया है कि उन्होंने वंगाल के शासक को पराजित किया था।
- चूँकि लक्ष्मणराजदेव का समय 9वीं शताब्दी का पूर्वार्द्ध माना जाता है, इसलिए दास गुप्ता के अनुसार वंगाल नाम कम-से-कम 8वीं शताब्दी ईस्वी से प्रचलित रहा होगा।
इन आधारों पर पता चलता है कि ये अभिलेख बताते हैं कि वंगाल नाम का प्रयोग मध्यकालीन बंगाल के इतिहास में काफी पहले से हो रहा था।
वंग और वंगाल: दोनों अलग-अलग क्षेत्र थे?
नलिनी नाथ दास गुप्ता ने वंग और वंगाल के बीच अंतर स्पष्ट करने के लिए दिल्ली सल्तनत के इतिहासकार शम्स-ए-सिराज अफीफ द्वारा लिखित पुस्तक तारीख-ए-फिरोजशाही (Tarikh-i-Firoz Shahi) का उल्लेख किया।
इस पुस्तक में फिरोज शाह तुगलक के बंगाल अभियान का विवरण मिलता है।
- फिरोज शाह तुगलक ने बंगाल के शासक शम्सुद्दीन इलियास शाह के विरुद्ध अभियान चलाया था।
- इस विवरण में 'बंग (Bang)' और 'बंगाल (Bangala)' का अलग-अलग उल्लेख किया गया है।
- दोनों क्षेत्रों में हाथियों को पकड़ने और बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने का भी विवरण मिलता है।
दास गुप्ता के अनुसार, इन अलग-अलग उल्लेखों से संकेत मिलता है कि वंग और वंगाल एक-दूसरे के पर्याय नहीं थे।
यह तर्क बंगाल नाम की उत्पत्ति को समझने में महत्वपूर्ण है।
मार्को पोलो और वंगाल (Vangala) का संबंध
यूरोपीय यात्रियों के विवरण बंगाल नाम के विकास को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
(क) मार्को पोलो का विवरण
- प्रसिद्ध वेनिस के यात्री मार्को पोलो ने अपने यात्रा-वृत्तांत में बंगाल से संबंधित क्षेत्र का उल्लेख किया था।
- नलिनी नाथ दास गुप्ता के अनुसार, मार्को पोलो द्वारा वर्णित Bangala वास्तव में वंगाल (Vangala) क्षेत्र था।
- यह क्षेत्र दक्षिण-पूर्वी बंगाल में स्थित था।
- इसमें वर्तमान बांग्लादेश का चटगाँव (Chittagong) क्षेत्र और टिप्पेरा (Tippera), जिसे आज त्रिपुरा के नाम से जाना जाता है, शामिल थे।
(ख) आइन-ए-अकबरी में उल्लेख
- आइन-ए-अकबरी (Ain-i-Akbari) मुगल सम्राट अकबर के शासनकाल में अबुल फजल द्वारा लिखी गई एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं ऐतिहासिक पुस्तक है।
- इसमें बंगाल के तटीय क्षेत्रों का विवरण मिलता है।
- इसमें चटगाँव को समुद्र के किनारे स्थित एक बड़े नगर के रूप में वर्णित किया गया है, जिसके चारों ओर वन क्षेत्र थे।
इससे स्पष्ट होता है कि मध्यकाल में दक्षिण-पूर्वी बंगाल का तटीय क्षेत्र व्यापार और भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण था।
यूरोपीय यात्रियों ने Bengal नाम को कैसे लोकप्रिय बनाया?
16वीं शताब्दी से यूरोपीय यात्रियों और व्यापारियों के विवरणों में Bengala या Bengola नाम का प्रयोग बढ़ने लगा।
(क) पुर्तगाली यात्री
- दिसंबर 1518 के एक पुर्तगाली यात्री के विवरण में वंगाल (Vangala) या Bengala का उल्लेख मिलता है।
- इसके बाद पुर्तगाली, डच और अंग्रेज यात्रियों ने इस क्षेत्र के लिए Bengala शब्द का प्रयोग किया।
(ख) सीजर फ्रेडरिक
- सीजर फ्रेडरिक एक वेनिस के व्यापारी थे।
- उन्होंने 1563 से 1581 के बीच इस क्षेत्र की यात्रा की।
- उन्होंने अपने विवरण में संदीप द्वीप (Sandwip) का उल्लेख Bengala राज्य के एक हिस्से के रूप में किया।
- उन्होंने चटगाँव (Chatigan) का भी उल्लेख किया।
(ग) पियरे डू जारिक
- पियरे डू जारिक एक जेसुइट इतिहासकार थे।
- उन्होंने 1599 में लिखे अपने विवरण में Bengala को एक विस्तृत तटीय क्षेत्र के रूप में वर्णित किया।
- उनके अनुसार, इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में स्थानीय बंगाली आबादी निवास करती थी।
यूरोपीय यात्रियों के यात्रा-वृत्तांतों और व्यापारिक गतिविधियों के कारण Bengala शब्द का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसार हुआ।
Bengala से Bengal नाम का विकास
बंगाल नाम के विकास की अंतिम महत्वपूर्ण प्रक्रिया 17वीं और 18वीं शताब्दी में हुई।
- 17वीं शताब्दी के अंतिम वर्षों तक Bengala शब्द का भौगोलिक अर्थ अधिक स्थापित होने लगा।
- 18वीं शताब्दी में इसका प्रयोग और अधिक व्यापक हो गया।
- अंग्रेजी भाषा में Bengala के अंतिम 'a' को हटाकर Bengal शब्द का प्रयोग शुरू हुआ।
- धीरे-धीरे Bengal नाम का अर्थ दक्षिण-पूर्वी बंगाल के वंगाल क्षेत्र से बढ़कर एक बहुत बड़े भौगोलिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र के लिए होने लगा।
इस प्रकार, बंगाल नाम का विकास केवल किसी एक प्राचीन राज्य के नाम से नहीं हुआ, बल्कि मध्यकालीन क्षेत्रीय पहचान और यूरोपीय भाषाई प्रयोग ने भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुगल काल में बंगाल: सूबा-ए-बंगाल
मुगल साम्राज्य के विस्तार के बाद बंगाल एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक इकाई बन गया।
- मुगल प्रशासन में बंगाल को सूबा का दर्जा प्राप्त था।
- इसे सूबा-ए-बंगाल या सूबा-ए-बंगाल (Subah of Bangal) कहा जाता था।
- अकबर के शासनकाल में बंगाल मुगल साम्राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा बना।
- बंगाल अपनी उपजाऊ भूमि, कृषि उत्पादन, कपड़ा उद्योग और समुद्री व्यापार के कारण आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण था।
मुगल काल में बंगाल का महत्व केवल प्रशासनिक नहीं था, बल्कि यह भारतीय उपमहाद्वीप के सबसे समृद्ध आर्थिक क्षेत्रों में से एक था।
ब्रिटिश काल में बंगाल प्रेसीडेंसी
ब्रिटिश शासन के दौरान Bengal नाम का विस्तार और अधिक हुआ।
- ईस्ट इंडिया कंपनी के राजनीतिक एवं प्रशासनिक विस्तार के बाद बंगाल ब्रिटिश शासन का एक प्रमुख केंद्र बन गया।
- बंगाल प्रेसीडेंसी ब्रिटिश भारत की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक इकाइयों में से एक थी।
- 18वीं और 19वीं शताब्दी में इसके प्रशासनिक क्षेत्र का विस्तार हुआ।
- कलकत्ता (वर्तमान कोलकाता) ब्रिटिश भारत की राजधानी और प्रशासनिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना।
बंगाल विभाजन, 1905
- 1905 में तत्कालीन वायसराय लॉर्ड कर्जन ने बंगाल का विभाजन किया।
- पूर्वी बंगाल और असम नामक नया प्रांत बनाया गया।
- पश्चिमी हिस्से में बिहार और उड़ीसा के क्षेत्र भी प्रशासनिक रूप से शामिल थे।
- इस विभाजन का व्यापक राजनीतिक विरोध हुआ।
- स्वदेशी आंदोलन और बहिष्कार आंदोलन को इससे गति मिली।
- 1911 में बंगाल विभाजन रद्द कर दिया गया।
1947 में बंगाल का विभाजन
भारत के विभाजन के समय बंगाल का एक बार फिर विभाजन हुआ।
- पश्चिमी भाग भारत का हिस्सा बना, जिसे पश्चिम बंगाल कहा गया।
- पूर्वी भाग पाकिस्तान का हिस्सा बना और इसे पूर्वी पाकिस्तान कहा गया।
- 1971 में बांग्लादेश मुक्ति संग्राम के बाद पूर्वी पाकिस्तान स्वतंत्र होकर बांग्लादेश बना।
इस प्रकार, बंगाल का ऐतिहासिक क्षेत्र वर्तमान में भारत के पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के बीच विभाजित है।
पश्चिम बंगाल का नाम बदलने का संवैधानिक पहलू
वर्तमान नाम परिवर्तन की चर्चा को भारतीय संविधान के अनुच्छेद 3 के संदर्भ में समझना आवश्यक है।
अनुच्छेद 3 (Article 3): संसद को नए राज्यों के गठन तथा मौजूदा राज्यों के क्षेत्र, सीमाओं और नामों में परिवर्तन करने की शक्ति प्रदान करता है।
इसके अंतर्गत:
- किसी राज्य का नाम बदलने संबंधी विधेयक संसद में पेश किया जा सकता है।
- ऐसा विधेयक राष्ट्रपति की सिफारिश के बिना संसद में पेश नहीं किया जा सकता।
- राष्ट्रपति संबंधित राज्य के विधानमंडल को विधेयक भेजकर उसकी राय मांगते हैं।
- राज्य विधानमंडल को अपनी राय देने के लिए निर्धारित समय दिया जाता है।
- राज्य की राय संसद पर बाध्यकारी नहीं होती।
- अंतिम निर्णय संसद द्वारा कानून पारित करने के बाद होता है।
गौरतलब है कि केवल राज्य विधानसभा में प्रस्ताव पारित होने से राज्य का नाम नहीं बदल जाता। इसके लिए संसद द्वारा संवैधानिक प्रक्रिया के तहत कानून बनाना आवश्यक है।
निष्कर्ष
पूरी चर्चा से स्पष्ट होता है कि बंगाल नाम का इतिहास केवल एक शब्द की उत्पत्ति की कहानी नहीं है, बल्कि यह पूर्वी भारत के राजनीतिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक विकास का भी परिचायक है।
प्राचीन वंग, मध्यकालीन वंगाल, यूरोपीय यात्रियों के Bengala और अंततः अंग्रेजी के Bengal तक की यात्रा बताती है कि किसी क्षेत्र की पहचान अलग-अलग ऐतिहासिक परिस्थितियों में विकसित होती है।
नलिनी नाथ दास गुप्ता का अध्ययन इस दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है कि बंगाल नाम को सीधे प्राचीन वंग से जोड़ने के बजाय वंग और वंगाल के बीच ऐतिहासिक अंतर को समझना चाहिए।
इसलिए बंगाल नाम की उत्पत्ति का अध्ययन भारतीय इतिहास, ऐतिहासिक भूगोल, सांस्कृतिक पहचान और संघवाद को समझने के लिए उपयोगी है।
इस ब्लॉग को पढ़ने के बाद इससे जुड़े सवालों को हल करने के लिए CLICK करें
Reference: The Indian Express





